आयुष्मान खुराना: क्या ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की कॉपी है ‘यह प्रेम मोल लिया’? एक्टर ने बताया बड़ा फर्क
- ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर बुधवार को रिलीज किया गया।
- फिल्म की कहानी की तुलना ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' से की जा रही हैं।
- इस मामले में आयुष्मान खुराना ने दोनों फिल्मों को एक दूसरे से काफी अलग बताया।
विस्तार
हाल ही में फिल्म ‘यह प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ है। इसके बाद से ही फिल्म की तुलना ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' से हो रही थी। मगर इस पर फिल्म के अभिनेता आयुष्मान खुराना ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म करण जौहर की फिल्म से काफी अलग है।
तुलना पर क्या बोले आयुष्मान?
मुंबई ने हुए ट्रेलर लॉन्च इवेंट में आयुष्मान खुराना ने दोनों फिल्मों के बीच का फर्क बताया। उन्होंने कहा, ‘यह सूरज बड़जात्या की फिल्म है, और प्रेम एक हरी झंडी है। इस फिल्म (ये प्रेम मोल लिया) में, वह अपनी पत्नी के परिवार के लिए खड़ा होता है। रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में रॉकी का किरदार अलग है। प्रेम उससे बहुत अलग है। आप दोनों की तुलना भी नहीं कर सकते।’
कहां जुड़ रहे फिल्मों के तार?
फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का बुधवार को ट्रेलर सामने आया। इसमें दिखाया गया कि प्रेम (आयुष्मान खुराना) अपनी परिवार सहित अपनी पत्नी ‘पूर्वा’ (शरवरी) के घर जाने का फैसला करता है। वहीं ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में भी कपल शादी से पहले 6 महीने एक दूसरे के घर जाकर रहते हैं।
क्या था ट्रेलर में खास?
हाल ही में इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया था। इस पौने चार मिनट के ट्रेलर में दिखाया गया है कि आयुष्मान खुराना शरवरी वाघ से शादी करना चाहते हैं। मगर शादी में एक दिक्कत है। शरवरी अपना घर छोड़कर अपने ससुराल नहीं जाना चाहती हैं। उनके मुताबिक उनके घर में सिर्फ महिलाएं ही रहती हैं। सभी की जिम्मेदारी शरवरी पर है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में हैं। शरवरी पहली बार आयुष्मान के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म राजश्री प्रोडक्शन्स और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी है।
