Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Blog ›   deo ki dairy satir indian wedding and gifts

देव की डायरी: अज्ञात लिफाफे का अर्थशास्त्र

देव प्रकाश चौधरी देव प्रकाश चौधरी
Updated Fri, 27 Nov 2026 03:30 PM IST
सार

शादी के बाद जब बरात विदा हो जाती है, बैंड-बाजे वाले अपना सामान समेट लेते हैं और मेहमान अपने घर पहुंचकर शादी की कमियों पर चर्चा शुरू कर चुके होते हैं, तब मेजबान के घर में एक नई आर्थिक गतिविधि शुरू होती है। मेज पर लिफाफों का ढेर होता है। उसे घेर कर बैठे घर के लोग किसी खुफिया एजेंसी के अफसर लगते हैं।

यह गतिविधि इतनी गोपनीय होती है कि इसमें परिवार के चुनिंदा सदस्य ही शामिल किए जाते हैं। हर लिफाफे का लेखा-जोखा तैयार होता है। लिफाफा खुलते ही ‘आशीर्वाद’ का मूल्यांकन शुरू हो जाता है। लेकिन असली तनाव तब शुरू होता है, जब हाथ में कोई ऐसा लिफाफा आता है, जिस पर नाम गायब होता है।

विज्ञापन
deo ki dairy satir indian wedding and gifts
अज्ञात लिफाफे का अर्थशास्त्र - फोटो : Amarujala.com/AI

विस्तार

सब कहते हैं कि शादी में दिया गया शगुन प्रेम और आशीर्वाद होता है। यह कोई लेन-देन नहीं, अपनी खुशी में दूसरे को शामिल करने का तरीका है। लेकिन शादी के आयोजन के बाद घर में सबसे महत्वपूर्ण बैठक लिफाफे पर ही होती है। हालांकि इस बैठक में कोई घोषित एजेंडा नहीं होता, सिर्फ हर लिफाफे का लेखा-जोखा रखा जाता है। घर का कोई वरिष्ठ सदस्य लिफाफा उठाता है। 

विज्ञापन


दूसरा उसे खोलता है। तीसरा नोट गिनता है और चौथा रकम को एक कॉपी में दर्ज करता है। इसे आप परिवार का अनौपचारिक वित्त मंत्रालय कह सकते हैं, जहां हर नोट के साथ एक रिश्ते की आर्थिक हैसियत भी तय होती है। शुरुआत बड़े सलीके से होती है।
विज्ञापन


जिस लिफाफे पर नाम लिखा हो, उसे खोलते ही चेहरे पर एक पांरंपरिक और सात्विक भाव आता है- “अच्छा, लकड़ा साहब ने इतना दिया।” नाम के साथ रकम दर्ज हो जाती है। किसी ने पांच हजार दिए हैं तो उसके प्रति सम्मान में थोड़ी वृद्धि हो जाती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


किसी ने ग्यारह सौ दिए हैं तो उसके पुराने संबंधों और वर्तमान आर्थिक स्थिति पर विचार होने लगता है। कोई बहुत करीबी होकर भी कम दे गया हो तो उसके लिए विशेष टिप्पणी सुरक्षित रखी जाती है। रिश्तेदारी में यही वह जगह है, जहां आत्मीयता की परीक्षा नोटों की गिनती से होती है।

यहां निवेशक अज्ञात है

असली समस्या तब पैदा होती है, जब हाथ में कोई ऐसा लिफाफा आता है, जिस पर नाम गायब होता है। न कोई शुभकामना, न कोई नाम और न ही पहचान का कोई संकेत। बस एक रंगीन लिफाफा, भीतर कुछ नोट और बाहर सबके चेहरे पर एक बड़ा-सा प्रश्नचिह्न। पल भर में ऐसा लगने लगता है कि यह लिफाफा नहीं, परिवार की अर्थव्यवस्था में आया हुआ एक रहस्यमय निवेश है और निवेशक अज्ञात है। अज्ञात लिफाफा देखते ही मेजबान की मुद्रा बदल जाती है। नोट गिन लिए गए तो चेहरे मिलाए जाते हैं। 

कागज की मोटाई, लिफाफे का रंग, उसे चिपकाने का तरीका, गोंद लगाने का ढंग, हर चीज में सुराग ढूंढे जाते हैं। घर की महिलाएं भी अपनी स्मरण शक्ति का इस्तेमाल करने लगती हैं, “मुझे लगता है, यह किसी महिला ने दिया होगा। पुरुष इतने करीने से लिफाफा नहीं बनाते।” कोई दूसरा कहता है, “नहीं, यह तो बाजार का बना हुआ है।

हमारे यहां ऐसे लिफाफे कौन लाता है?” घर की महावरिष्ठ महिला सदस्य भी चुप नहीं रह पाती, “यह गोंद लगाने का ढंग तो सिमरिया के बर्तन वाले जैसा लगता है, पर वे तो पूरे परिवार के साथ आए थे। फिर इतना कम क्यों देंगे?” 

इस सवाल में रिश्तेदारी का पूरा मनोविज्ञान छिपा होता है। आदमी अपने बारे में जितना नहीं जानता, उससे ज्यादा दूसरों की आर्थिक क्षमता के बारे में जानता है। किसकी नौकरी लगी है, किसका प्रमोशन हुआ है, किसने नया मकान खरीदा है या किसकी बेटी विदेश गई है, सबका हिसाब परिवार के पास रहता है। ऐसे में किसी की आर्थिक हैसियत के अनुरूप लिफाफा न मिले तो इसे केवल रकम की कमी नहीं, सामाजिक अपेक्षा का उल्लंघन भी माना जाता है। यहीं से शक की फसल उगती है। 

अगर लिफाफे में रकम उम्मीद से कम निकली, तो एक-दो सवाल तुरंत खड़े होते हैं- “क्या बेचारा सचमुच तंगहाल है या फिर जान-बूझकर पुराना हिसाब बराबर कर रहा है? तीन साल पहले उसके घर के कार्यक्रम में हमने कितना दिया था?”

कहीं ये वही तो नहीं?

हमारे यहां रिश्तों में चक्रवृद्धि ब्याज की व्यवस्था बैंक प्रणाली से भी पुरानी है। बैंक ब्याज की दर आपको लिखकर देता है, रिश्तेदार अपनी दर मन में रखते हैं। कई परिवारों में तो शगुन का बाकायदा रजिस्टर होता है। किसने कब कितने दिए, किसके यहां कितने देने हैं और किसका हिसाब अभी बाकी है। यह रजिस्टर पीढ़ियों तक चलता है।

बेटे की शादी में पिता के समय के हिसाब भी काम आते हैं। जिस चाचा ने पच्चीस साल पहले सौ रुपये दिए थे, उनके पोते की शादी में वह रकम किसी न किसी रूप में लौटाई जानी चाहिए। महंगाई बढ़ गई है, इसलिए शगुन की दर भी बढ़नी चाहिए। लेकिन अज्ञात लिफाफा इस पूरी व्यवस्था में सबसे बड़ी समस्या पैदा करता है। जिसका नाम नहीं है, उसका खाता कैसे खोला जाए? 

भविष्य में उसके यहां शादी हुई तो क्या लौटाया जाएगा? और अगर वह दोबारा हमारे यहां किसी कार्यक्रम में आ गया तो उसे पहचानेंगे कैसे? एक मुसीबत यह भी है कि आप किसी से पूछ भी नहीं सकते। पूछें तो बात फैलने का डर, “अब शगुन का भी हिसाब रखा रहा है।” और न पूछें तो मन के भीतर एक कांटा चुभता रहता है।

हर मिलने वाले चेहरे को देखकर मन में शंका उठती है, “कहीं ये वही तो नहीं, अज्ञात लिफाफे वाले?” इस मामले में तकनीक भी बहुत मददगार साबित नहीं हुई है। अब लोग डिजिटल भुगतान भी करने लगे हैं। इसमें भी एक नई समस्या है। 

रकम खाते में आ जाती है और संदेश में केवल शुभकामना होती है। कभी-कभी तो नाम किसी और का होता है और पैसा किसी तीसरे के खाते से आता है। इसी तरह साल बीत जाता है, रिश्ते चलते रहते हैं, पर घर की किसी दराज में पड़ा वह अनाम लिफाफा कभी-कभी याद दिला देता है कि हमारे रिश्तों में आत्मीयता से ज्यादा ‘हिसाब’ की गुंजाइश बची है और सबसे खास बात यह कि जिस दिन घर में वह अज्ञात लिफाफा आया था, उसी दिन घर के मुखिया के शरीर में जासूसी उपन्यास के नायक की जो आत्मा प्रवेश करती है, वह फिर शरीर नहीं बदल पाती। वहीं टिकी रहती है।




--------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed