{"_id":"6b001df7e9a9e1304504d0bf","slug":"mercury-will-be-visible-in-the-sky-before-sunrise-on-the-morning-of-november-21-2026-11-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"नजारा: 21 नवंबर की सुबह खगोल प्रेमियों के लिए खास, सूर्योदय से पहले आसमान में दिखेगा बुध, शुक्र भी देगा साथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नजारा: 21 नवंबर की सुबह खगोल प्रेमियों के लिए खास, सूर्योदय से पहले आसमान में दिखेगा बुध, शुक्र भी देगा साथ
Fri, 20 Nov 2026 03:46 PM IST
Heera
आदर्श सिंह
आदर्श सिंह
Published by: Heera
Updated Fri, 20 Nov 2026 03:46 PM IST
सार
21 नवंबर को सौरमंडल का सबसे छोटा और सूर्य के सबसे नजदीक स्थित ग्रह बुध अपनी कक्षा में ऐसी स्थिति में पहुंचेगा, जब वह पृथ्वी से देखने पर सूर्य से अधिकतम कोणीय दूरी पर होगा। इस खगोलीय घटना को ग्रेटेस्ट वेस्टर्न इलॉन्गेशन कहा जाता है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विस्तार
नवंबर की सुबह खगोलीय नजारे के लिहाज से खास रहने वाली है। 21 नवंबर को सौरमंडल का सबसे छोटा और सूर्य के सबसे नजदीक स्थित ग्रह बुध अपनी कक्षा में ऐसी स्थिति में पहुंचेगा, जब वह पृथ्वी से देखने पर सूर्य से अधिकतम कोणीय दूरी पर होगा। इस खगोलीय घटना को ग्रेटेस्ट वेस्टर्न इलॉन्गेशन कहा जाता है। इस दौरान सूर्योदय से पहले बुध को देखने का अपेक्षाकृत बेहतर अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि आसमान में बुध के ऊपर चमकीला शुक्र ग्रह भी नजर आएगा, जिससे सुबह का आकाश खगोल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
विज्ञापन
एरीज विज्ञान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक एवं भारतीय ज्योतिर्विज्ञान परिषद के सदस्य डॉ. वीरेंद्र यादव के अनुसार, 21 नवंबर को सुबह 4:29 बजे बुध सूर्य से लगभग 19.6 डिग्री की अधिकतम पश्चिमी कोणीय दूरी पर होगा। इस समय इसकी चमक लगभग -0.5 मैग्नीट्यूड रहने का अनुमान है। सामान्य दिनों में सूर्य के अत्यधिक नजदीक होने के कारण बुध को देखना मुश्किल होता है, लेकिन इस स्थिति में वह सूर्योदय से पहले कुछ समय के लिए क्षितिज के ऊपर दिखाई दे सकता है। दरअसल, बुध सूर्य के सबसे निकट स्थित ग्रह है, इसलिए यह आकाश में सूर्य से ज्यादा दूर नहीं दिखाई देता। आम तौर पर यह सूर्योदय से पहले पूर्व दिशा में या सूर्यास्त से बाद पश्चिम दिशा में कुछ ही समय के लिए देखा जा सकता है। अतः जहां पूर्वी या पश्चिमी क्षितिज पर कोई वस्तु (जैसे इमारतें, पेड़ या पहाड़) हमारे परिप्रेक्ष्य को बाधित करें, ऐसे स्थानों से बुध को देख पाना आसान नहीं होता। 21 नवंबर को सूर्य से कोणीय दूरी के अधिकतम होने की विशेष स्थिति में उसकी दृश्यता अपेक्षाकृत बेहतर होगी।
विज्ञापन
क्यों खास है यह खगोलीय घटना
बुध सूर्य के सबसे नजदीक होने के कारण बहुत कम समय तक ही सूर्य से अलग दिखाई देता है। पृथ्वी से देखने पर वह कभी सूर्य के पूर्व तो कभी पश्चिम दिशा में नजर आता है। जब वह सूर्य के पूर्व में अधिकतम कोणीय दूरी पर होता है तो उसे इवनिंग इलॉन्गेशन और पश्चिम में अधिकतम दूरी पर होने पर मॉर्निंग इलॉन्गेशन कहा जाता है। 21 नवंबर की घटना इसी दूसरी स्थिति से जुड़ी है। यह घटना बुध को पहचानने और उसके अवलोकन का अच्छा अवसर देती है।
विज्ञापन
नग्न आंखों से भी कर सकते हैं अवलोकन
इस खगोलीय घटना को देखने के लिए किसी विशेष उपकरण की अनिवार्यता नहीं है। साफ आसमान होने पर बुध को नग्न आंखों से भी देखा जा सकता है। हालांकि, क्षितिज के काफी करीब होने के कारण इसे पहचानना थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहेगा। खगोलीय गणनाओं के अनुसार, दूरबीन से देखने पर बुध की सतह का करीब 60 से 62 प्रतिशत हिस्सा प्रकाशित दिखाई देगा। वहीं, शुक्र बुध की तुलना में काफी अधिक चमकीला नजर आएगा और उसे पहचानने में मदद मिलेगी।
