Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Bageshwar News ›   Congress workers' conference in Bageshwar

कांग्रेस सम्मेलन में सरकार पर हमला: हरीश रावत ने किया ओपीएस लागू करने का वादा, बागेश्वर को बताया मायका

Fri, 20 Nov 2026 04:56 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, बागेश्वर
अमर उजाला नेटवर्क, बागेश्वर Published by: Heera Updated Fri, 20 Nov 2026 04:56 PM IST
सार

बागेश्वर जिला कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। भराड़ी रोड स्थित होटल में जिलाध्यक्ष अर्जुन चंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व सीएम हरीश रावत समेत कई  नेता मौजूद रहे।

विज्ञापन
Congress workers' conference in Bageshwar
बागेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बागेश्वर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भराड़ी रोड स्थित एक होटल के सभागार में जिलाध्यक्ष अर्जुन चंद्र भट्ट की अध्यक्षता में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जिले की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए एकजुटता पर जोर दिया। 

विज्ञापन


कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि मंचासीन नेताओं समेत सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा, क्योंकि एकता ही संगठन की मुख्य ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश तैयार है और माहौल कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक है, बस नेताओं को जनता को विश्वास दिलाना है। भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले कोई काम नहीं किया और जो काम किए उनमें भ्रष्टाचार हुआ है। जमीन, खनन और कैबिनेट के सारे महत्वपूर्ण अधिकार मुख्यमंत्री के पास सिमट गए हैं तथा जमीनों की हिफाजत के बजाय बंदरबांट की गई है। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन, स्कूल बंद होने, पेपर लीक, चिकित्सकों की 50 फीसदी कमी और सड़कों के निर्माण में भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार के साथ बदतमीजी हुई और अपने लोगों को बचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि दस साल तक बहनों की सुध न लेने वाली सरकार अब चुनाव नजदीक देख खातों में 10 हजार रुपये डालने की बात कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हिमाचल और राजस्थान की तरह उत्तराखंड में भी कांग्रेस की सरकार बनते ही ओपीएस लागू की जाएगी और मौजूदा सरकार के कार्यकाल का श्वेत पत्र लाकर पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा।
विज्ञापन


पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कुली बेगार आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान पर चोट होगी तो कांग्रेस को चोट पहुंचेगी। उन्होंने बागेश्वर को कांग्रेस का मायका बताते हुए कहा कि लड़की जब कठिनाई में होती है तो उसे मायका ही याद आता है। उन्होंने खरही पट्टी के शिल्पकार भवन को नष्ट किए जाने को मुंशी हरिप्रसाद टम्टा का अपमान बताया। संगठन में गुटबाजी पर नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपनी सोशल मीडिया की बंदूक का निशाना अपने साथियों के बजाय भाजपा को बनाएं। उन्होंने अंकिता भंडारी को उत्तराखंड का स्वाभिमान बताते हुए कहा कि भाजपा के दोबारा सत्ता में आने पर न्याय नहीं मिलेगा, जबकि कांग्रेस की सरकार आने पर वीआईपी को खोजकर सामने लाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पलायन, युवाओं के विवाह में आ रही दिक्कतों और पहाड़ों में बंदर, सुअर और तेंदुओं की बढ़ती दहशत पर भी गहरी चिंता जताई।
विज्ञापन
विज्ञापन


नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे राज्य में जंगलराज कायम है और विकास प्राधिकरण जनता के लिए अभिशाप बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों का शोषण हो रहा है और अतिक्रमण के नाम पर गरीबों के आशियाने उजाड़े जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा के पास अब कुछ नहीं बचा है और यदि संगठन एकजुट होकर मैदान में उतरे तो कोई भी ताकत कांग्रेस को सत्ता में आने से नहीं रोक सकती।


सम्मेलन में उपस्थित सभी नेताओं ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जिले की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए सरकार की नाकामियों, महंगाई, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न और राज्य की संपत्तियों और भूमि की बिक्री के मुद्दों को जन-जन तक ले जाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रदेश सचिव महेश पांडेय, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, गोपा धपोला, यूथ कांग्रेस की जिला प्रभारी स्वाति जोशी और नगर पंचायत अध्यक्ष गरुड़ भावना वर्मा समेत अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed