सड़क हादसों पर लगाम: वाराणसी रेंज में 11 माह में 289 अवैध कट बंद, 1.90 करोड़ रुपये वसूला गया जुर्माना
वाराणसी रेंज में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं 11 माह में 289 अवैध कट बंद किए गए। 1.90 करोड़ रुपये जुर्माना वसूला गया।
विस्तार
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र के जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में 11 माह के अंदर 289 अवैध कट बंद किए गए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से करीब 1.90 करोड़ रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है। घायलों को समय पर उपचार मिलने से कई जानें बची हैं। 563 लोगों में से 509 को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।
वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि नियमित समीक्षा में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान की गई। बुनियादी ढांचे में सुधार पर जोर दिया गया है। जौनपुर में 150, चंदौली में 107 और गाजीपुर में 32 अवैध कट बंद कराए गए। मोड़, कट और जंक्शन पर 83 स्थानों पर चेतावनी संकेतक भी लगवाए गए हैं। तीनों जिलों में 16 गंभीर गलियारे और 126 गंभीर दुर्घटना स्थल चिह्नित किए गए हैं।
इन स्थानों पर 25 विशेष दल तैनात किए गए हैं। यातायात सुगम बनाने के लिए 38 स्थानों पर वाहन खड़ा करने की व्यवस्था की गई। जौनपुर में चार ट्रक, बस वाहन ठहराव स्थल भी बनाए गए हैं। यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। कुल 308 स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इनमें जौनपुर में 193, चंदौली में 77 और गाजीपुर में 38 स्थान शामिल हैं।
इस अभियान से सड़कों पर आवागमन सुगम हुआ है।नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाईडीआईजी ने बताया कि प्रवर्तन दलों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और बिना हेलमेट व सुरक्षा पेटी वालों पर कार्रवाई हुई।
तीन सवारी और वाहन चलाने के दौरान मोबाइल के इस्तेमाल पर भी चालान किए गए। कुल 19,629 वाहनों के चालान किए गए हैं। इनसे लगभग 1.90 करोड़ रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। विश्लेषण में तेज रफ्तार को हादसों का सबसे बड़ा कारण पाया गया है। इस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
