पंचायत सीजन 5 ट्रेलर: क्रांति देवी की प्रधानी में फुलेरा में शराबबंदी? गजब अंदाज में खुली रिंकी-सचिव जी की पोल
- Panchayat Season 5 Trailer Out: चर्चित वेब सीरीज 'पंचायत' का पांचवां सीजन आने वाला है।
- आज सोमवार को इसका ट्रेलर रिलीज हुआ है।
- फुलेरा गांव में सत्ता परिवर्तन हो चुका है। क्रांति देवी प्रधान हैं। ट्रेलर में किन बदलावों का संकेत मिला है? जानें
विस्तार
आखिर इंतजार खत्म हुआ! चर्चित वेब सीरीज 'पंचायत सीजन 5' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। मेकर्स ने इस बार ट्रेलर लॉन्च के लिए अलग तरह की प्लानिंग की। इसे मध्य प्रदेश के सीहोर गांव में खुले आसमान के नीचे जारी किया गया। बता दें कि इस सीरीज के सभी सीजन भी इसी सीहोर गांव में ही शूट हुए हैं। सेट को पूरा गांव वाली थीम पर सजाया गया है।
प्रधानी हाथ से गई तो निराश हुए 'पूर्व प्रधानजी'
'पंचायत सीजन 5' के ट्रेलर की शुरुआत प्रहलाद चा और प्रधान जी की बातचीत से होती है। प्रधानजी कहते हैं, 'मन अंदर से टूट गया है'। प्रहलाद हिम्मत बढ़ाते हुए कहते हैं, 'निराश न होइए प्रधान जी'। इस पर जवाब मिलता है, 'अरे कौन बात के प्रधानजी? अब नहीं हैं हम प्रधान जी'। विकास दिलासा देता है, 'हमारे लिए तो आप ही प्रधान हैं'। इसके बाद सचिव जी के पास वर्तमान प्रधानजी (फुलेरा की प्रधान बनीं क्रांति देवी के पति) का फोन आता है। सचिव जी फोन उठाकर कहते हैं, 'हां प्रधान जी'।
फुलेरा में हो गई शराबबंदी?
अगले सीन में बनराकस एलान करता है कि पंचायत भवन के सामने जो खाली जमीन है, जहां बृजभूषण बाबू दारू का अड्डा बना चुके हैं, वहां दारू पीना बैन रहेगा। इस बीच देखा गया है कि क्रांति देवी और बनराकस के तेवर भी बदल गए हैं। मंजू देवी की प्रधानी में जहां सचिव जी को परिवार के सदस्य की तरह प्यार दिया जाता था। वहीं, क्रांति देवी की प्रधानी में सचिव जी से खूब काम लिया जा रहा है। यहां तक कि कुछ पर्सनल काम भी कराए जा रहे हैं। तंग आकर वे गांव से जाने का विचार तक बनाते दिखे।
खुल गई रिंकी और सचिव जी की पोल?
इस सीजन में रिंकी और सचिव जी की लव स्टोरी कहां पहुंचेगी? तो फिलहाल ट्रेलर में पता चला है कि बात शादी के लिए रिश्ता मांगने तक पहुंच रही है। मगर, इससे पहले दोनों के रोमांस की पोल गजब अंदाज में खुलती है और वह भी बनराकस के पास। दरअसल, एक ऐसा पल आता है, जब सचिव जी बनराकस को फोन देकर एक फोटो क्लिक करने को कहते हैं। बनराकस फोटो क्लिक करता है कि तभी अचानक रिंकी का मैसेज स्क्रीन पर झलकता है। उधर, मंजू देवी और पूर्व प्रधानजी रिंकी के लिए रिश्ता देख रहे हैं। रिंकी और सचिव जी के बीच हल्का-फुल्का रोमांस भी दिखाया गया है। सचिव जी इस सीजन में रिंकी का हाथ मांगने के लिए प्रधान जी के पास जाएंगे। इसकी रिहर्सल करते दिखे हैं। बिनोद और दमाद जी (आसिफ खान) की भी झलक ट्रेलर में दिखी है।
कब रिलीज होगा पांचवां सीजन?
बता दें कि दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बना यह नया सीजन एक बार फिर शानदार कलाकारों की टोली के साथ लौट रहा है। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अपनी-अपनी भूमिकाओं में नजर आएंगे। पंचायत सीजन 5 का प्रीमियर 03 दिसंबर, 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। ट्रेलर लॉन्च इवेंट में एक दिलचस्प एलान भी हुआ है। इस सीरीज पर अब फिल्म भी बनेगी। 'मिर्जापुर' की तर्ज पर अब फुलेरा की कहानी भी बडे़ पर्दे पर देखने को मिलेगी।
चाय की टपरी से लेकर फुलकी तक, सेट पर खास सजावट
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के लिए गांव की थीम पर काफी खास अंदाज में सेट बनाया गया। एंट्री के साथ चाय की टपरी नजर आई। फिर आगे बढ़ने पर अलग-अलग किस्म के स्टॉल देखे गए।
मंजू देवी ने छुए क्रांति देवी के पैर
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में नीना गुप्ता (मंजू देवी) भी पहुंचीं। इस दौरान वे सुनीता राजवार (क्रांति देवी) के पैर छूती दिखीं। उन्होंने कहा, 'गांव प्रधान हैं तो पैर तो छूने चाहिए'।
