वाराणसी में नकली दवाओं का खेल: नाबालिगों के जरिये ठिकाने लगाई जा रहीं दवाइयां, सड़क पर फेंकीं हजारों टेबलेट
वाराणसी में नकली दवाओं का काला कारोबार तेजी से चल रहा है। यहां नाबालिगों को करीब 10 पेटी दवाइयों के साथ देखा गया। उन्होंने करीब एक हजार टेबलेट सड़क पर फेंक दिए और खाली रैपर को प्लास्टिक के बड़े बैग में रख रहे थे।
विस्तार
नकली दवाओं की बरामदगी और हाल ही में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बीच रविवार को फुलवरिया फ्लाईओवर के पास चार नाबालिग करीब 10 पेटी दवाइयों के साथ देखे गए। नाबालिग पेटियों में रखीं दवाइयों के रैपर फाड़ रहे थे। टेबलेट निकाल कर अलग कर रहे थे। नाबालिगों ने करीब एक हजार टेबलेट फ्लाईओवर के पास सड़क पर फेंक दिए। खाली रैपर को प्लास्टिक के बड़े बैग में रख रहे थे।
कह रहे थे कि इसमें दूसरे ब्रांड की दवाइयां रखी जाएंगी। इससे नकली दवाइयों को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है। हिमाचल प्रदेश के सोलन-बद्दी से नकली दवाइयों को लाकर लहरतारा के गोदामों में रखने और उसे अलग-अलग शहरों में खपाने की पुष्टि पहले ही हो चुकी है।
खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की छानबीन के बाद एसटीएफ ने छापे मारे थे। गिरफ्तारी भी की थी। अब लहरतारा में नाबालिगों की मदद से नकली दवाइयों की खेप को ठिकाने लगाने का खेल चल रहा है। नाबालिग जहां बैठकर पेटियों से दवाइयों को अलग कर रहे थे वहां ट्रांसपोर्ट कंपनी का बोर्ड लगा है।
गेट पर दोनों तरफ से सीसीटीवी कैमरे भी हैं फिर भी नाबालिगों ने टेबलेट निकाले और फेंक दिए। दवाइयों की जो पेटियां नाबालिगों के पास थीं उस पर नीले रंग की स्याही से वाराणसी लिखा था। बहरहाल, दवाइयां कहां से किस फर्म के जरिये आईं, नाबालिगों तक कैसे पहुंची, इन सवालों के जवाब ड्रग विभाग के पास नहीं हैं।
यूपी एसटीएफ ने नकली दवा का कारोबार में शामिल जिस अभिषेक सिंह नाम के युवक को पकड़ा था उसने भी पूछताछ में यह बताया था कि नकली दवाइयों के मंगाए जाने का काम बस और ट्रक के माध्यम से किया जाता है। बातचीत में जंगी एप की मदद ली जाती है ताकि किसी को भनक न लग सके।
जंसा से भी मिली थीं नकली दवाएं, अब तक तीन की गिरफ्तारी
- 7 जुलाई 2026 : मंडुवाडीह बाजार के पास एक दुकान से 25 लाख रुपये की नकली दवाइयां पकड़ी गईं।
- 2 नवंबर 2026 : रोहनिया के परमानंदपुर में सुरेंद्र नाथ मिश्रा के घर पर छापा गया जहां से 17 प्रकार की नकली दवाइयां बरामद हुई।
- 2 नवंबर 2026 : लहरतारा और चितईपुर में नकली दवाओं के सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ था।
- 30 अक्तूबर 2026 : ड्रग विभाग ने जंसा में छापा मारा था जहां से नकली दवाएं बरामद की गई।
2 मार्च 2023 को एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने नकली दवाओं के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया था। सिगरा और लहरतारा स्थित गोदामों से करीब 7.5 करोड़ रुपये की नकली दवाएं बरामद की थीं। मामले में बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी अशोक कुमार को गिरफ्तार किया गया था। वह हाईस्कूल फेल था। मुनाफे के चक्कर में नकली दवाओं का कारोबार करने लगा था। अशोक कुमार हिमाचल प्रदेश के बद्दी से नकली दवाएं खरीदता था और उसे उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में खपाता था।
दवाइयों के भंडारण को एक निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत रखने की व्यवस्था है। इसके बारे में समिति की ओर से भी सभी पदाधिकारियों, सदस्यों को जागरूक किया जाता है।अगर दवाइयां कोई एक्सपायर भी हो गई हैं, तो उसको भी एक निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत निस्तारित कराने का नियम है। नाबालिग जिस तरह से दवाइयों के गत्ते से पैकेट, टेबलेट अलग कर रहे हैं, यह नियम विरुद्ध हैं। इस तरह के कृत्य की जितनी निंदा की जाय वह कम है। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई भी होनी चाहिए। -संजय सिंह, महामंत्री, दवा विक्रेता समिति
लहरतारा इलाके में फुलवरिया फोर लेन के पास किस परिस्थिति में और क्यों इस तरह की दवाइयां रखवाई गईं। बच्चे पैकेट से दवाइयों को क्यों अलग कर रहे थे। इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद इससे जुड़े तथ्यों की नियमानुसार जांच कराई जाएगी।-जुनाब अली, ड्रग इंस्पेक्टर
विशेषज्ञ ही करते हैं दवाइयों का कामकाज
सूरज की रोशनी पड़ते ही दवाइयां खराब हो जाती हैं। इसे निर्धारित तापमान में रखना पड़ता है। दवाइयों का कामकाज विशेषज्ञ ही कर सकते हैं। फार्मासिस्ट की तैनाती इसीलिए की जाती है। नाबालिग को दवाओं के बारे कुछ नहीं होता है। उन्हें कामकाज में लगाना गलत है। -डॉ. एनपी सिंह, सीएमओ
पैकिंग में गड़बड़ी तो दवाइयां बेकार
दवा की पैकिंग में गड़बड़ी हुई तो उसका फायदा नहीं मिलेगा। बच्चों को दवाइयों के कामकाज में लगाना खतरनाक है। उनके सेहत से खिलवाड़ है। ऐसा लग रहा कि कुछ छिपाया और खपाया जा रहा है। दवाइयों का सेल्फ लाइफ पीरियड होता है। इसके निर्माण और निस्तारण की खास व्यवस्था है। निधर्धारित तापमान पर ही दवाइयों की पेटियां खोली जानी चाहिए। -प्रो. आनंद चौधरी, रसशास्त्र विभाग, आईएमएस बीएचयू
