Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   naresh chauhan questions jairam thakur rdg himachal interests

हिमाचल: आरडीजी पर जयराम ठाकुर की चुप्पी पर नरेश चौहान ने उठाए सवाल, बोले- हिमाचल के हितों पर भी दें जवाब

Wed, 25 Nov 2026 03:39 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Ankesh Dogra Updated Wed, 25 Nov 2026 03:39 PM IST
सार

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने भाजपा और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से हिमाचल को मिलने वाले राजस्व घाटा अनुदान के मुद्दे पर जवाब मांगा। उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जयराम ठाकुर के बयान को सुर्खियां बटोरने का प्रयास बताया और भाजपा की कोर कमेटी में हर्ष महाजन का नाम नहीं होने पर भी तंज कसा।

विज्ञापन
naresh chauhan questions jairam thakur rdg himachal interests
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हाईकमान के दबाव संबंधी बयान केवल मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता को इस तरह की बयानबाजी करने के बजाय हिमाचल प्रदेश के वास्तविक मुद्दों और प्रदेश के अधिकारों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

विज्ञापन

मीडिया से बातचीत में नरेश चौहान ने सवाल उठाया कि राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद होने के मुद्दे पर जयराम ठाकुर क्यों नहीं बोलते। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को राज्य गठन के समय से ही इस अनुदान का लाभ मिलता रहा है, लेकिन अब इसे बंद कर दिया गया है। ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर भाजपा को प्रदेश की जनता के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए। चौहान ने कहा कि आरडीजी किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का विषय है। यदि जयराम ठाकुर इस मुद्दे पर प्रदेश के पक्ष में आवाज उठाते हैं तो कांग्रेस सरकार उनके सहयोग का स्वागत करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता पर भी मांगा जवाब
नरेश चौहान ने पूर्व भाजपा सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रदेश में जयराम ठाकुर की सरकार थी और केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में थी, उस समय प्रधानमंत्री की ओर से हिमाचल को 1500 करोड़ रुपये की सहायता देने की बात कही गई थी। उन्होंने सवाल किया कि वह 1500 करोड़ रुपये कहां हैं और जयराम ठाकुर इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं। चौहान ने कहा कि विपक्ष को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय उन सवालों का जवाब देना चाहिए, जिनका सीधा संबंध प्रदेश की जनता और आर्थिक हितों से है।
विज्ञापन

भाजपा की कोर कमेटी में हर्ष महाजन का नाम नहीं होने पर तंज
भाजपा की नई प्रदेश कोर कमेटी में हर्ष महाजन का नाम शामिल नहीं होने और शांता कुमार तथा प्रेम कुमार धूमल जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम नहीं होने के सवाल पर चौहान ने कहा कि यह भाजपा का आंतरिक मामला है। कोर कमेटी में किसे शामिल करना है, यह पार्टी का अपना फैसला है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को यह गलतफहमी थी कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने से उन्हें वहां अधिक मान-सम्मान मिलेगा, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने हर्ष महाजन के साथ सुधीर शर्मा और राणा का भी जिक्र किया। चौहान ने कहा कि भाजपा में पहले से ही पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और संगठनात्मक ढांचा मौजूद है। ऐसे में बाहर से शामिल हुए नेताओं के बीच समन्वय और प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन सकती है।

जगत नेगी की देशभक्ति पर सवाल उठाना गलत
राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के विधानसभा में दिए गए बयान को लेकर भाजपा की ओर से इस्तीफे की मांग और प्रदेशभर में किए गए प्रदर्शनों पर नरेश चौहान ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा और विपक्ष को हिमाचल के अधिकारों, आरडीजी और प्रदेश के वास्तविक मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने चाहिए। चौहान ने कहा कि देश और सेना के प्रति सम्मान हर नागरिक के मन में है। किसी को भी भाजपा से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। चाहे जगत सिंह नेगी हों या देश का कोई अन्य नागरिक, किसी दूसरे व्यक्ति को उसकी देशभक्ति पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़े मुद्दों का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करती है। चौहान ने कहा कि देश किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि सभी नागरिकों का है।

26 नवंबर को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए निकलेगी कांग्रेस की यात्रा
नरेश चौहान ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी की ओर से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, पार्टी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी मजबूती के लिए संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। चौहान ने केंद्र सरकार पर विपक्ष को कमजोर करने, जांच एजेंसियों के इस्तेमाल और संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने के आरोप लगाए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर विपक्ष लगातार मुद्दे उठा रहा है। कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा का उद्देश्य आम लोगों को लोकतंत्र के महत्व और उनके मताधिकार की ताकत के प्रति जागरूक करना है।

वोट चोरी के मुद्दे पर जयराम ठाकुर को अमित शाह से ट्यूशन लेने की सलाह
कांग्रेस पर वोट चोरी के आरोपों को लेकर जयराम ठाकुर की ओर से मुख्यमंत्री और मंत्रियों के इस्तीफे की मांग पर नरेश चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जयराम ठाकुर को पहले अमित शाह के पास ट्यूशन लेकर समझना चाहिए कि वोट चोरी क्या है और चुनाव प्रक्रिया को किस तरह प्रभावित किया जा सकता है। चौहान ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने, चुनाव आयोग की भूमिका तथा सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल जैसे विषयों को गंभीर बताया। उन्होंने ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव करवाने की मांग का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं तो उनका समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और लोगों को उनके एक-एक वोट की ताकत समझाएगी।

पंजाब में भाजपा-अकाली गठबंधन को बताया राजनीतिक मजबूरी
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा पंजाब में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक जमीन मजबूत नहीं कर पाई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति पर भरोसा नहीं है, इसलिए उसे अकाली दल के साथ गठबंधन करना पड़ा है। चौहान ने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान किसानों के साथ उचित व्यवहार नहीं हुआ और उनके खिलाफ गलत प्रचार किया गया। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान सिख समुदाय और गुरुद्वारों ने किसानों की सहायता की थी।

प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सरकार के वित्तीय प्रबंधन का किया बचाव
प्रदेश सरकार की आर्थिक स्थिति पर नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सरकार की शुरुआत से ही हिमाचल के हितों को सर्वोपरि रखने का निर्णय लिया था। उनके अनुसार, सरकार के सामने कई आर्थिक चुनौतियां हैं, लेकिन उन्हें पार करते हुए प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ एक दिन में नहीं बढ़ा, बल्कि पिछली कई सरकारों के कार्यकाल से यह सिलसिला चला आ रहा है। कर्ज के मूलधन और ब्याज की अदायगी, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की देनदारियों के साथ विकास कार्यों के लिए संसाधन जुटाना भी चुनौती है।

चौहान ने दावा किया कि पांच वर्षों में करीब 40 हजार करोड़ रुपये का राजस्व घाटा अनुदान बंद होने के बावजूद सरकार वित्तीय प्रबंधन के माध्यम से प्रदेश की आर्थिक स्थिति संभालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए करीब 3,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त राजस्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार का प्रयास है कि हिमाचल अपने पैरों पर खड़ा हो और भविष्य में आर्थिक निर्भरता के चक्र से बाहर निकले।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed