बेखौफ चोर: दुकान, मकान और मंदिर के दानपात्र से 39 लाख से ज्यादा का माल पार किया, सुरक्षा पर उठे सवाल
लखनऊ के बेखौफ चोरों ने गल्ला कारोबारी की दुकान से 24 लाख और एक रियल एस्टेट कंपनी के मैनेजर के घर से 15 लाख रुपये के जेवर और नकदी पार कर दिए। इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा दिए हैं।
विस्तार
लखनऊ में चोरों ने तीन जगह वारदात कर करीब 39.50 लाख रुपये का माल पार कर दिया। इन वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वजीरगंज में गल्ला कारोबारी की दुकान से 24 लाख रुपये, पीजीआई क्षेत्र में निजी कंपनी के मैनेजर के घर से 15 लाख के जेवर और नकदी व मोहनलालगंज में मंदिर के तीन दानपात्र तोड़कर करीब 50 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।
लखनऊ के वजीरगंज के पांडेयगंज निवासी गल्ला कारोबारी राजेंद्र जायसवाल की दुकान की तिजोरी तोड़कर 24 लाख रुपये चोरी कर लिए गए। कारोबारी ने अपने घर में किराये पर रहने वाले विशालदीप गुप्ता पर शक जताया है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
राजेंद्र के मुताबिक, रविवार देर रात दुकान की तिजोरी का ताला तोड़कर उसमें रखी रकम चोरी की गई। सोमवार दोपहर दुकान पहुंचने पर उन्हें तिजोरी टूटी मिली। इंस्पेक्टर कुमार ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर विशालदीप और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, रविवार देर रात कुछ लोगों ने विशालदीप को दुकान खोलते हुए देखा था। पुलिस ने उसके पास से 10 लाख रुपये बरामद किए हैं। वह कारोबारी के घर में कुछ महीने से किराये पर रह रहा था। उसे हिरासत में लेकर बरामद रकम के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है।
रियल एस्टेट कंपनी के मैनेजर के घर से 15 लाख के जेवर और नकदी पार
(तेलीबाग)। पीजीआई की वृंदावन योजना स्थित सेक्टर-11ए निवासी रियल एस्टेट कंपनी के मैनेजर अनिल कुमार गुप्ता के घर से चोर करीब 15 लाख रुपये के जेवर और नकदी ले गए। पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में कार से पहुंचे एक युवक के बाउंड्री फांदकर घर में घुसने की फुटेज कैद हुई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
हैरिटेज ग्रीन ग्रुप में कार्यरत अनिल के मुताबिक, शुक्रवार को उनकी पत्नी नीतू दोनों बच्चों के साथ सीतापुर गई थीं। वह शाम छह बजे नीलमथा स्थित संत निरंकारी आश्रम में सत्संग के लिए निकले थे। रात नौ बजे लौटे तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर अलमारियों के लॉकर टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। आशंका है कि चोरों ने मास्टर चाबी से ताला खोला था। अनिल के मुताबिक, चोर करीब 14 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद ले गए।
उन्होंने पुलिस पर जेवरों की सूची देने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में देरी और तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया। सोमवार रात रिपोर्ट दर्ज की गई। इंस्पेक्टर पीजीआई सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।
