Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   Ranchi News ›   jharkhand high court ias pawan kumar mandal posting seniority six weeks order

झारखंड: कनिष्ठ आईएएस को बनाया अपर सचिव, वरिष्ठ को रखा नीचे; हाईकोर्ट ने झारखंड सरकार को लगाई फटकार

Tue, 24 Nov 2026 02:42 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Tue, 24 Nov 2026 02:42 PM IST
सार

झारखंड उच्च न्यायालय ने 2014 बैच के आईएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल को उनकी वरिष्ठता के अनुरूप पद नहीं दिए जाने पर राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर अपर सचिव या समकक्ष पद पर पदस्थापित करने का निर्देश दिया है।

विज्ञापन
jharkhand high court ias pawan kumar mandal posting seniority six weeks order
झारखंड हाईकोर्ट - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

झारखंड उच्च न्यायालय ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी को उनकी वरिष्ठता के अनुरूप पद नहीं दिए जाने पर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने 2014 बैच के आईएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल को छह सप्ताह के भीतर अपर सचिव या उसके समकक्ष पद पर पदस्थापित करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने स्पष्ट कहा कि जब कनिष्ठ अधिकारियों को उच्च पदों पर नियुक्त किया जा चुका है, तो वरिष्ठ अधिकारी को निचले पद पर बनाए रखना किसी भी दृष्टिकोण से न्यायसंगत नहीं है।

विज्ञापन

अदालत ने पवन कुमार मंडल की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य सरकार की दलीलों को पर्याप्त नहीं माना। अधिकारी ने अपनी वरिष्ठता के बावजूद संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखे जाने को चुनौती दी थी। उन्होंने अदालत से अपर सचिव या उसके समकक्ष पद पर तैनाती की मांग की थी।

विज्ञापन

पदोन्नति के बाद भी संयुक्त सचिव के पद पर रखा

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सौरभ शेखर ने अदालत को बताया कि पवन कुमार मंडल मूल रूप से झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। बिहार और झारखंड के विभाजन के बाद उन्हें झारखंड कैडर आवंटित किया गया था। भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति मिलने से पहले वह महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

भारत सरकार ने 20 अप्रैल को अधिसूचना जारी कर उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति देते हुए 2014 बैच आवंटित किया था। हालांकि, पदोन्नति के बाद भी राज्य सरकार ने उन्हें पुराने पद पर ही बनाए रखा। इस बीच उनसे कनिष्ठ 2015 बैच के कई अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर पदस्थापित कर दिया गया। वरिष्ठता की अनदेखी से नाराज होकर पवन कुमार मंडल ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।

संपत्ति विवरण जमा नहीं करने का सरकार ने दिया तर्क

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से दलील दी गई कि पवन कुमार मंडल ने वर्ष 2025 का अपना वार्षिक संपत्ति विवरण निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन जमा नहीं किया था। इसी वजह से उन्हें अपर सचिव के पद पर पदस्थापित करने का निर्णय टाल दिया गया।
सरकार ने संबंधित प्रशासनिक निर्देशों और नियमों का हवाला देते हुए कहा कि निर्धारित समय में वार्षिक संपत्ति विवरण जमा नहीं करने पर संबंधित अधिकारी के पदस्थापन या पदोन्नति के प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जा सकता। सरकार ने यह भी कहा कि नियमों के तहत ऑफलाइन माध्यम से संपत्ति विवरण स्वीकार करने का प्रावधान नहीं है।

हाईकोर्ट ने कहा- वरिष्ठता की अनदेखी उचित नहीं

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने राज्य सरकार के तर्कों को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने टिप्पणी की कि जब 2015 बैच के कनिष्ठ अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर पदस्थापित किया जा चुका है, तो उनसे वरिष्ठ 2014 बैच के अधिकारी को संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखना उचित नहीं है।


अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वह छह सप्ताह के भीतर पवन कुमार मंडल को अपर सचिव या उसके समकक्ष उपयुक्त पद पर पदस्थापित करने का औपचारिक आदेश जारी करे। हाईकोर्ट के इस आदेश से राज्य में वरिष्ठता के अनुरूप प्रशासनिक पदस्थापन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed