हिमाचल सरकार का फैसला: जीपीएफ पर 7.1 फीसदी ब्याज बरकरार, वित्त विभाग ने जारी किया आदेश
सरकारी कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) और अन्य समान निधियों में जमा राशि पर अक्तूबर से दिसंबर 2026 तक 7.1 फीसदी ब्याज देने का फैसला लिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) और अन्य समान निधियों में जमा राशि पर अक्तूबर से दिसंबर 2026 तक 7.1 फीसदी ब्याज देने का फैसला लिया है। वित्त विभाग ने वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के लिए ब्याज दर निर्धारित करते हुए इस संबंध में संकल्प जारी कर दिया है। इसके तहत पहली अक्तूबर से 31 दिसंबर तक कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा राशि पर 7.1 फीसदी सालाना ब्याज दर लागू रहेगी।
वित्त विनियमन विभाग की ओर से नवंबर में जारी प्रस्ताव में इसकी घोषणा की गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित ब्याज दर सामान्य भविष्य निधि के साथ अन्य समान निधियों के अंशदाताओं के खातों में जमा राशि पर भी लागू होगी। यह दर तीन महीने की अवधि के लिए प्रभावी रहेगी। यानी कर्मचारियों को 7.1 फीसदी की सालाना दर के आधार पर तीन महीने का ब्याज मिलेगा। जीपीएफ सरकारी कर्मचारियों की दीर्घकालीन बचत का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें कर्मचारियों के वेतन से नियमित अंशदान जमा होता है।
