हमीरपुर: सीएम सुक्खू बोले- पांच गुटों में बंटी भाजपा दिशाहीन, विपक्ष ने विधानसभा के चार दिन बर्बाद किए
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा के काम रोको प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन विपक्ष ने सहयोग करने के बजाय सदन से बाहर जाने का रास्ता चुना।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी पांच गुटों में बंटी है और दिशाहीन हो चुकी है। आपसी खींचतान के कारण विपक्ष विधानसभा में प्रभावी भूमिका नहीं निभा पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने शीतकालीन सत्र के चार दिन बर्बाद किए। जब सदन में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल की कमियों पर चर्चा शुरू हुई तो विपक्ष ने अंतिम दिनों में वाकआउट कर दिया। मुख्यमंत्री ने नादौन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। भाजपा के काम रोको प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन विपक्ष ने सहयोग करने के बजाय सदन से बाहर जाने का रास्ता चुना।
पुरानी पेंशन योजना लागू की: सीएम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से उठाए गए राजकोषीय घाटे के सवाल पर मुख्यमंत्री ने घाटा होने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि सरकार के तीन बजटों के आकलन से प्रदेश की अपनी आय में करीब चार हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी सामने आई है। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू की। इसके चलते केंद्र ने 1600 करोड़ रुपये की राशि काटी। पहले प्रदेश को 77 वर्षों तक हर साल आठ हजार करोड़ रुपये आरडीजी के रूप में मिलते रहे, लेकिन अब यह राशि भी रोक दी गई है। इसके बावजूद चार साल के कार्यकाल में सरकार ने आर्थिक चुनौतियों का सामना किया है। अब प्रदेश में वेतन और पेंशन को लेकर संकट नहीं है। हिमाचल आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
11 दिसंबर को सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रस्तावित समारोह के आयोजन स्थल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुजानपुर या बड़ू मैदान में कार्यक्रम करवाने पर विचार किया जा रहा है। पहले सुजानपुर में आयोजन की घोषणा हुई थी, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं से मिली रिपोर्ट के बाद स्थल पर दोबारा मंथन हो रहा है। पुलिस लाइन का मैदान छोटा है। पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को ध्यान में रखकर स्थान तय किया जाएगा। अभी सभी संभावनाएं खुली हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
