मसूरी: एसडीआरएफ की नई पोस्ट शुरू, आपदा के समय और तेजी से पहुंचेंगे जवान, सेनानायक यदुवंशी ने लिया जायजा
आपातकालीन हालात में राहत और बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम देने के लिए एसडीआरएफ ने अपनी तैयारियां बढ़ाई हैं। मसूरी में नई पोस्ट शुरू होने से क्षेत्र में टीम की पहुंच और रेस्पॉन्स टाइम बेहतर होने की उम्मीद है।
विस्तार
मसूरी में बृहस्पतिवार को एसडीआरएफ की नई पोस्ट का शुभारंभ किया गया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने पोस्ट का उद्घाटन करने के बाद वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पोस्ट पर तैनात जवानों के लिए आवासीय और अन्य जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही जवानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
सेनानायक ने रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम के रिस्पॉन्स टाइम का भी जायजा लिया। उन्होंने जवानों को निर्देश दिए कि आपदा या आपातकालीन सूचना मिलने पर कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू करें।
ये भी पढे़ं...बदरीनाथ धाम: शीतकालीन तपस्या के लिए 25 साधुओं ने लगाई अर्जी, पुलिस सत्यापन के बाद ही मिलेगा प्रवेश
उन्होंने कहा कि संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर एसडीआरएफ की तैनाती का उद्देश्य आपदा के समय लोगों को जल्द मदद पहुंचाना और जनसुरक्षा को मजबूत करना है। मसूरी में नई पोस्ट शुरू होने से आसपास के क्षेत्र में आपातकालीन स्थिति के दौरान एसडीआरएफ की पहुंच और प्रतिक्रिया क्षमता बेहतर होगी।
