रुड़की: प्रयागराज कुंभ में बिछड़े सीआईएसएफ के उपनिरीक्षक के पिता कलियर में भीख मांगते दिखे, दो साल बाद मिले
दो साल से परिवार से दूर एक बुजुर्ग की जिंदगी दरगाह परिसर में भीख मांगकर गुजर रही थी। एक सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस की नजर उन पर पड़ी और पूछताछ ने ऐसी कहानी सामने ला दी, जिसने सभी को भावुक कर दिया।
विस्तार
प्रयागराज कुंभ मेले में परिवार से बिछड़े सीआईएसएफ में तैनात उपनिरीक्षक के पिता दो साल बाद पिरान कलियर में मिले। बुजुर्ग कलियर शरीफ दरगाह परिसर में जूता स्टॉल के पास लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगकर गुजारा कर रहे थे। सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस की नजर उन पर पड़ी तो पूछताछ में उनकी आपबीती सामने आई।
इसके बाद एएचटीयू हरिद्वार और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने बिहार पुलिस से संपर्क कर परिजनों का पता लगाया। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही सीआईएसएफ में तैनात बेटा भावुक हो उठा। सूचना मिलते ही परिजन हरिद्वार पहुंचे और दो साल बाद पिता को अपने साथ ले गए।
एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान कलियर शरीफ दरगाह परिसर में पुलिसकर्मी मुकेश कुमार को करीब 65 वर्षीय एक बुजुर्ग लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगते हुए मिले। पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने खुद को बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र का निवासी बताया। बुजुर्ग ने बताया कि वह प्रयागराज कुंभ मेले में गांव के लोगों के साथ स्नान करने गए थे, जहां परिजनों से बिछड़ गए थे। इसके बाद से ही भटक रहे हैं। उसके बाद वह कलियर पहुंच गया।और भींख मांगकर अपना गुजारा करने लगा।
परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था
बुजुर्ग की बात सुनकर एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने बिहार के कुटुंबा थाना पुलिस से संपर्क किया। बुजुर्ग का नाम और फोटो भेजकर उनकी पहचान की पुष्टि कराई गई। स्थानीय पुलिस के माध्यम से उनके परिजनों तक संपर्क किया गया। इसके बाद वीडियो कॉल पर बुजुर्ग की उनके बेटे अंकित से बात कराई गई। स्क्रीन पर पिता को देखते ही बेटा भावुक हो गया और रोने लगा। उसने बताया कि उसके पिता दो साल पहले प्रयागराज कुंभ में स्नान करने गए थे और वहीं से लापता हो गए थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई जानकारी नही मिल पा रही थी।
ये भी पढे़ं...गूलर बस हादसा: चंदौसी के दो दोस्तों का छूटा साथ, तीन बच्चों से छिना पिता का साया, किसी ने खो दिया भाई
पिता के मिलने की सूचना मिलते ही बेटा रात में ट्रेन से हरिद्वार पहुंचा और फिर कलियर पहुंचकर पिता से मिला। दो साल बाद पिता को सामने देखकर बेटा उनसे लिपटकर रो पड़ा। परिवार ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने बुजुर्ग को सीआईएसएफ में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात उनके बेटे अंकित और अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही उनका विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
