Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   UK, EU hold rare summit to strengthen ties as Burnham seeks to mend Brexit damage

क्या ब्रिटेन फिर यूरोपीय संघ में शामिल होगा?: प्रधानमंत्री बर्नहम बोले- सभी विकल्प खुले; 10 साल बाद बड़ी बैठक

Fri, 20 Nov 2026 05:27 PM IST
निर्मल कांत वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ब्रसेल्स।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ब्रसेल्स। Published by: निर्मल कांत Updated Fri, 20 Nov 2026 05:27 PM IST
सार

ब्रिटेन ने 10 साल पहले यूरोपीय संघ छोड़ दिया था। अब प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम संबंध सुधारने के लिए यूरोपीय नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। बर्नहम खुद कह चुके हैं कि ब्रेग्जिट से फायदे से ज्यादा नुकसान हुआ। क्या ब्रिटेन अब यूरोपीय संघ में लौटने की राह तलाश रहा है? विस्तार से पढ़िए रिपोर्ट। 

विज्ञापन
UK, EU hold rare summit to strengthen ties as Burnham seeks to mend Brexit damage
एंडी बर्नहम - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

ब्रिटेन के लोगों ने यूरोपीय संघ से अलग होने के लिए 10 साल पहले वोट दिया था। अब दोनों के संबंध सुधारने की कोशिश हो रही है। इसी कोशिश के तहत शुक्रवार को यूरोपीय संघ के बड़े नेता ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम से मुलाकात कर रहे हैं। दोनों पक्षों की कोशिश है कि पुराने मतभेद कम किए जाएं। संबंधों में आई दूरी खत्म की जाए। यहां तक कि भविष्य में दोनों के फिर साथ आने का रास्ता भी खुल सकता है।
विज्ञापन


बर्नहम ब्रसेल्स में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात करेंगे। यह बातचीत एक घंटे से कुछ कम समय तक चलेगी। इसके बाद सभी नेता संयुक्त बैठक करेंगे। इसमें ब्रिटेन सरकार के मंत्री और यूरोपीय आयोग के सदस्य भी शामिल होंगे।
विज्ञापन


फिर संबंध सुधारने की कोशिश क्यों?
बर्नहम ने इस बैठक को बेहद खास बताया है। ब्रिटेन के यूरोपीय संघ छोड़ने के बाद यह दोनों पक्षों के बीच सिर्फ दूसरी शिखर बैठक है। ब्रिटेन दुनिया के सबसे बड़े व्यापारिक समूह से बाहर निकलने वाला पहला देश था। बर्नहम ने कहा कि यह बैठक अलगाव के कारण पिछले 10 साल में हुए नुकसान को ठीक करने की दिशा में एक कदम है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने इस हफ्ते कहा, हमें जो ब्रेग्जिट मिला, वह सफल नहीं रहा। हमें जितना फायदा हुआ, उससे कहीं ज्यादा नुकसान हुआ। बर्नहम ने कहा है कि यूरोपीय संघ के साथ भविष्य के रिश्तों के लिए सभी विकल्प खुले रहने चाहिए। इसमें दोबारा यूरोपीय संघ में शामिल होना भी शामिल है। 

ये भी पढ़ें: जापान: पीएम ताकाइची के खिलाफ सड़क पर उतरे हजारों लोग, जानें किस बात को लेकर हो रहा विरोध

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि ब्रेग्जिट का फैसला पलटना सिर्फ एक संभावित विकल्प है। ऐसा तुरंत होने वाला नहीं है। इसके लिए सिर्फ ब्रिटेन के लोगों की मंजूरी काफी नहीं होगी। यूरोपीय संघ के सभी 27 देशों की सहमति भी जरूरी होगी। फिलहाल यूरोपीय संघ में ब्रिटेन को लेकर भरोसे की कमी है। इसके बावजूद बर्नहम ने एक पुरानी राजनीतिक चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने पहली बार खुलकर यूरोपीय संघ में दोबारा शामिल होने के विकल्प पर बात की है।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने क्या कहा?
बैठक से पहले उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि वह इस शिखर बैठक से बड़ी उम्मीदें रखती हैं। उन्होंने कहा, 'मैं चाहती हूं कि यह बैठक बड़े लक्ष्यों और ठोस नतीजों वाली हो। युवाओं के लिए ज्यादा अवसर हों। कृषि और खाद्य उत्पादों का व्यापार आसान हो। आर्थिक सुरक्षा के लिए सहयोग मजबूत हो'।

बर्नहम ने शुक्रवार को होने वाले समझौतों को लेकर कहा कि इससे लोगों का खर्च कम होगा। सुपरमार्केट में सामान की कीमतें नीचे रहेंगी। युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा, 'यूरोप के साथ मजबूत साझेदारी कामकाजी लोगों, ब्रिटेन और यूरोप सभी के लिए अच्छी है'।

युवाओं को क्या फायदा मिलेगा?
प्रस्तावित समझौतों में युवाओं के लिए एक खास व्यवस्था शामिल है। इसके तहत ब्रिटेन के अधिकतम एक लाख युवा यूरोपीय संघ के देशों में रह सकेंगे। वहां काम भी कर सकेंगे। यह सुविधा अधिकतम तीन साल के लिए होगी। इसी तरह यूरोपीय देशों के एक लाख युवा ब्रिटेन आ सकेंगे।

खाने-पीने की चीजें और कारोबार कैसे सस्ता होगा?
दोनों पक्षों के बीच उत्सर्जन व्यापार समझौता भी होगा। इसके अलावा खाद्य और कृषि उत्पादों की जांच से जुड़ी कुछ पाबंदियां हटाने पर सहमति बनेगी। इससे ब्रिटेन से यूरोप भेजे जाने वाले सामान की जांच आसान होगी। निर्यातकों का खर्च भी कम होगा। बर्नहम ने शुक्रवार को कहा कि इन समझौतों से ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था में 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पहले उन्होंने यह बढ़ोतरी 0.4 फीसदी बताई थी।

क्या समझौतों में अभी भी अड़चनें हैं?
ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के बीच संबंधों को सुधारना आसान नहीं है। यूरोपीय संघ के एक अधिकारी ने बताया कि इन समझौतों पर अमल के लिए अगले छह महीनों में एक और मुद्दे पर सहमति जरूरी है। यह मुद्दा विश्वविद्यालयों के शुल्क (फीस) से जुड़ा है। यूरोपीय संघ चाहता है कि ब्रिटेन में पढ़ने वाले यूरोपीय छात्रों से वही फीस ली जाए, जो ब्रिटेन के छात्रों से ली जाती है। ब्रिटेन इसका विरोध करता रहा है।

अधिकारी ने कहा कि इस मुद्दे पर बातचीत आसान नहीं रही है। हालांकि, उन्हें लगता है कि दोनों पक्ष इसे सुलझाना चाहते हैं। इस अधिकारी को बैठक के बारे में पत्रकारों को जानकारी देने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन उन्होंने शर्त रखी थी कि उनका नाम सामने न आए।

ब्रिटेन की एक और मांग पर भी बातचीत जारी है। ब्रिटेन चाहता है कि उसे यूरोपीय संघ के 'यूरोप में निर्मित' नियमों के तहत अपने उत्पादों को शामिल करने की सुविधा मिले। ये नियम यूरोप में बनने वाले उत्पादों से जुड़े हैं।

क्या इन समझौतों से ब्रेग्जिट पर फिर विवाद होगा?
इन समझौतों को पाने के लिए ब्रिटेन को यूरोपीय संघ के कुछ नियम और मानक मानने होंगे। लेकिन इन नियमों को बनाने में ब्रिटेन की कोई भूमिका नहीं होगी। ब्रेग्जिट का समर्थन करने वाले लोगों का कहना है कि इससे ब्रिटेन की आजादी कमजोर होगी।

रिफॉर्म यूके पार्टी के नेता निगेल फराज ने बीबीसी से कहा, 'ब्रेग्जिट पर बड़ी बहस फिर शुरू हो गई है'। उन्होंने कहा, 'यह बिल्कुल साफ है कि बहुत जल्द यह बहस इस सवाल पर पहुंच जाएगी कि क्या हमें दोबारा यूरोपीय संघ में शामिल होना चाहिए या इससे बाहर ही रहना चाहिए?'

यूक्रेन युद्ध से दोनों के संबंध कैसे बदल रहे हैं?
यूक्रेन में जारी युद्ध भी ब्रिटेन और यूरोपीय संघ को करीब ला रहा है। ब्रिटेन की सैन्य ताकत भी इसमें अहम भूमिका निभा रही है। इस शिखर बैठक से यूरोपीय संघ को सुरक्षा और रक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का मौका मिलेगा। दोनों पक्ष अवैध प्रवास को रोकने के उपायों पर भी चर्चा करेंगे।

बैठक से पहले एंटोनियो कोस्टा ने कहा, 'हमारी सुरक्षा और खुशहाली एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं। इसलिए हमारे बीच मजबूत साझेदारी जरूरी है'। उन्होंने कहा, 'अपना सहयोग बढ़ाकर हम आज की चुनौतियों से निपटने की क्षमता मजबूत कर सकते हैं। अपनी मुश्किलों का सामना करने की ताकत बढ़ा सकते हैं। यूरोप और उसके बाहर स्थिरता को बढ़ावा दे सकते हैं'।


क्या यूरोप अब भी ब्रिटेन पर भरोसा करता है?
संबंधों में सुधार की कोशिशों के बावजूद पुरानी नाराजगी अभी खत्म नहीं हुई है। यूरोपीय संघ के नेता ब्रिटेन के दोबारा शामिल होने की चर्चा को बढ़ावा देने से बच रहे हैं। पिछले 10 साल में ब्रिटेन में सात प्रधानमंत्री बदल चुके हैं। यूरोपीय नेता बार-बार बदलती मांगों से थक चुके हैं। वे अब ब्रिटेन से साफ जवाब चाहते हैं। वे जानना चाहते हैं कि ब्रिटेन वास्तव में क्या चाहता है।

लंदन में आयरलैंड की राजदूत सोन्या हाइलैंड ने इस बारे में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब ब्रिटेन के लोगों ने ब्रेग्जिट के पक्ष में वोट दिया था, तब यह साफ नहीं था कि इसका असल मतलब क्या होगा। उन्होंने कहा, अगर ब्रिटेन दोबारा बातचीत शुरू करना चाहता है, तो उसे पहले यह साफ फैसला करना होगा कि वह चाहता क्या है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed