Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   APEC Summit 2026: Donald Trump, Xi Jinping and Vladimir Putin Statement, trilateral talks, World Crisis

चीन में महाशक्तियों की बैठक: ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन ने किया मंथन, यूक्रेन जंग से परमाणु निरस्त्रीकरण पर चर्चा

Thu, 19 Nov 2026 04:05 PM IST
पवन पांडेय एएनआई, शेनजेन
एएनआई, शेनजेन Published by: पवन पांडेय Updated Thu, 19 Nov 2026 04:05 PM IST
सार

चीन के शेन्जेन में तीन महाशक्तियों के नेताओं ने वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए सहयोग पर जोर दिया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान, रूस-यूक्रेन युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा और परमाणु हथियारों पर चर्चा की। पढ़ें किस नेता ने क्या कहा?

विज्ञापन
APEC Summit 2026: Donald Trump, Xi Jinping and Vladimir Putin Statement, trilateral talks, World Crisis
चीन में ट्रंप-जिनपिंग और पुतिन की बैठक - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

चीन के शेन्जेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक हुई। 33वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान हुई इस बैठक में वैश्विक शांति, सुरक्षा, परमाणु निरस्त्रीकरण, ईरान से जुड़े संघर्ष, रूस-यूक्रेन युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंधों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। तीनों नेताओं ने वैश्विक चुनौतियों से निपटने में प्रमुख शक्तियों की साझा जिम्मेदारी और आपसी संवाद की जरूरत पर जोर दिया।
विज्ञापन


ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन ने जारी किया 'डिक्लेरेशन टुवर्ड पीस'
अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों की ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक के बाद तीनों देशों ने 'डिक्लेरेशन टुवर्ड पीस' जारी किया है। 90 मिनट चली बैठक में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में सुधार, ऊर्जा आपूर्ति बढ़ाने, परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने और परमाणु जोखिम कम करने के लिए संवाद शुरू करने पर सहमति बनी। तीनों देशों ने वैश्विक शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए रणनीतिक स्थिरता मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई। इस संयुक्त घोषणा के अनुसार, अमेरिका, चीन और रूस संयुक्त राष्ट्र में सुधार के लिए मिलकर काम करेंगे, ताकि वैश्विक चुनौतियों से निपटने में संगठन अधिक प्रभावी भूमिका निभा सके। तीनों देशों ने सभी देशों के हित में रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने तथा ऊर्जा प्रवाह स्थिर रखने पर सहमति जताई। घोषणा में परमाणु युद्ध को ऐसा संघर्ष बताया गया जिसे जीता नहीं जा सकता और जो कभी लड़ा नहीं जाना चाहिए। तीनों देश परमाणु जोखिम कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए संवाद करेंगे। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) और अन्य समान संस्थाओं को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करने की बात कही गई। तीनों नेताओं ने अधिकारियों की प्रतिरक्षा और देशों की सहमति के सिद्धांत को महत्वपूर्ण बताते हुए इस ऐतिहासिक शिखर बैठक की मेजबानी के लिए चीन का आभार जताया।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: एपेक समिट LIVE: ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग की बैठक संपन्न, ट्रंप बोले- दुनिया की जिम्मेदारी अमेरिका, रूस और चीन पर
विज्ञापन
विज्ञापन


शी जिनपिंग बोले- प्रमुख शक्तियों की विशेष जिम्मेदारी
बैठक की मेजबानी कर रहे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस त्रिपक्षीय मुलाकात को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया। उन्होंने कहा कि चीन, रूस और अमेरिका को वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग का उदाहरण पेश करना चाहिए। तीनों देशों को विश्व शांति और स्थिरता बनाए रखने के साथ मानव प्रगति में योगदान देना चाहिए। शी ने कहा कि प्रमुख शक्तियों की विशेष जिम्मेदारी होती है। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान तीनों देशों के साझा इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 80 साल पहले तीनों देश फासीवाद विरोधी मोर्चे के प्रमुख स्तंभ थे और उन्होंने मिलकर जीत हासिल की थी तथा शांति की रक्षा की थी। शी जिनपिंग ने कहा कि तीनों देशों को अपने ऐतिहासिक अनुभवों से सीख लेते हुए भविष्य का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने चीन और रूस के संबंधों को भी मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते तूफान और बारिश के बीच पहाड़ की तरह मजबूती से खड़े हैं। उनके मुताबिक, चीन-रूस को दीर्घकालिक रणनीतिक नजरिया अपनाकर वैश्विक मामलों में स्थिरता और निश्चितता लाने की दिशा में काम करना चाहिए।

ट्रंप बोले- विरोधियों से बातचीत से समस्याओं का समाधान संभव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बैठक को वैश्विक चुनौतियों पर खुला, सम्मानजनक और सकारात्मक संवाद का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया के तीन बड़े देशों के राष्ट्रपतियों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे मुद्दों पर बातचीत करें, जो सिर्फ उनके नागरिकों ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को प्रभावित करते हैं। ट्रंप ने कहा कि पिछली सरकारों ने कई बार उन देशों से बातचीत करने से परहेज किया, जिनसे मतभेद थे, लेकिन उनका नजरिया इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि मतभेद रखने वाले देशों से बातचीत के अवसरों को ठुकराकर शांति स्थापित नहीं की जा सकती। उनके मुताबिक, समस्याओं का समाधान बातचीत और संवाद से ही संभव है और अमेरिका इस दिशा में अलग रास्ता अपनाना चाहता है। ट्रंप ने कहा कि यह ऐतिहासिक बैठक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर नए अवसर और समाधान तलाशने का मौका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों देश मिलकर बेहतर और सुरक्षित भविष्य बनाने की दिशा में काम कर सकते हैं।

परमाणु हथियार कम करने और ईरान को परमाणु शक्ति बनने से रोकने पर जोर
बैठक में परमाणु निरस्त्रीकरण और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियां हैं और उनके पास परमाणु हथियारों की संख्या कम करने तथा इनके इस्तेमाल के जोखिम को घटाने की दिशा में चर्चा करने की विशेष क्षमता है। उन्होंने स्वीकार किया कि परमाणु हथियार रखने के बाद उन्हें छोड़ना बेहद कठिन होता है, लेकिन दुनिया में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के खतरे को कम करने और उनके प्रसार को रोकने के लिए सहयोग जरूरी है। ट्रंप ने ईरान का उल्लेख करते हुए कहा कि परमाणु प्रसार के खतरे से निपटना बेहद महत्वपूर्ण है और अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका और चीन दोनों की रुचि इस बात में है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से ऊर्जा आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे और ईरान परमाणु हथियार हासिल न करे।

रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने की उम्मीद
इस बैठक में रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पुतिन के साथ पहले भी लंबी बातचीत की है और उन्हें लगता है कि युद्ध समाप्त करने की दिशा में कुछ प्रगति हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष युद्ध खत्म करना चाहते हैं और इस दिशा में प्रयास आगे बढ़ सकते हैं। ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ अपनी बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका और चीन भी रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने में मदद करना चाहते हैं। उन्होंने इसे दोनों देशों के साझा हित का विषय बताया। पुतिन ने भी क्षेत्रीय संघर्षों के समाधान में तीनों देशों के साझा हितों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रूस, अमेरिका और चीन के बीच सहयोग से वैश्विक शांति और स्थिरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

पुतिन बोले- तीनों देशों की वैश्विक शांति और सुरक्षा में साझा जिम्मेदारी
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस, अमेरिका और चीन अंतरराष्ट्रीय शांति तथा सुरक्षा बनाए रखने के लिए संयुक्त जिम्मेदारी रखते हैं। उनके मुताबिक, तीनों देशों के बीच क्षेत्रीय संघर्षों के समाधान को लेकर कई साझा हित हैं, जिनमें यूक्रेन का संघर्ष भी शामिल है। पुतिन ने कहा कि यदि तीनों देश आपसी सम्मान, समानता और हितों के संतुलन के आधार पर रचनात्मक सहयोग करें तो वे दुनिया में शांति और स्थिरता मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने वैश्विक और क्षेत्रीय आर्थिक संबंधों, खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा तथा आतंकवाद और सीमा पार संगठित अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने में सहयोग की जरूरत पर भी जोर दिया। पुतिन के मुताबिक, तीनों देशों के बीच साझेदारी और संतुलित सहयोग से आज की चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।

चीन और रूस ने बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था का समर्थन किया
त्रिपक्षीय बैठक से पहले शी जिनपिंग और पुतिन की अलग-अलग मुलाकात में चीन-रूस संबंधों की मजबूती और बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। दोनों नेताओं ने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में उनके राजनीतिक सहयोग का महत्व बढ़ा है। पुतिन ने रूस और चीन के बीच राजनीतिक सहयोग को रचनात्मक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध कठिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद स्थिरता और निश्चितता प्रदान कर रहे हैं। शी जिनपिंग ने भी चीन-रूस संबंधों को समानता, आपसी सम्मान और पारस्परिक लाभ पर आधारित सहयोग का मॉडल बताया। पुतिन ने यह भी कहा कि आर्थिक दबाव और जबरन प्रभाव डालने के साधन धीरे-धीरे अतीत की बात होते जा रहे हैं और देश वैश्विक आर्थिक तथा भू-राजनीतिक बदलावों के बीच अपनी संप्रभुता और स्वतंत्रता को अधिक महत्व दे रहे हैं।


ये भी पढ़ें: कभी पीठ थपथपाई तो कभी बंद कीं आंखें: चीन में शी जिनपिंग से कुछ यूं मिले ट्रंप; पुतिन के साथ भी दिखे

अमेरिकी सांसदों ने ट्रंप को सतर्क रहने की सलाह दी
इस त्रिपक्षीय बैठक को लेकर अमेरिका में राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई। अमेरिकी डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों के एक समूह ने ट्रंप से अपील की कि वे शी जिनपिंग और पुतिन के साथ बातचीत में अमेरिकी हितों और मूल्यों की रक्षा करें। सांसदों ने चीन और रूस से जुड़े सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर सख्त रुख अपनाने तथा यूक्रेन और अमेरिकी सहयोगियों के हितों को कमजोर करने वाले समझौतों से बचने की सलाह दी। उन्होंने आशंका जताई कि इस बैठक का इस्तेमाल दुनिया को प्रभाव क्षेत्रों में बांटने के लिए नहीं होना चाहिए। सांसदों ने चीन की अमेरिकी तकनीक से जुड़ी गतिविधियों और क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर भी ध्यान देने की बात कही। साथ ही, चीन और रूस के बढ़ते रणनीतिक सहयोग तथा यूक्रेन युद्ध में रूस को चीन के कथित समर्थन को लेकर चिंता जाहिर की।

परमाणु हथियार नियंत्रण पर भी बढ़ा ध्यान
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियार नियंत्रण को लेकर नए सिरे से चर्चा हो रही है। न्यू स्टार्ट (New START) संधि के इस वर्ष समाप्त होने के बाद हथियार नियंत्रण के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय ध्यान बढ़ा है। अमेरिका चीन को भी व्यापक परमाणु हथियारों में कटौती संबंधी वार्ता में शामिल करना चाहता है, जबकि चीन अब तक इस तरह की प्रत्यक्ष वार्ता से दूरी बनाए रखता रहा है। चीन का तर्क है कि अमेरिका और रूस के परमाणु हथियारों का भंडार उससे कहीं बड़ा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed