{"_id":"6afec14811aeb6efdf0a71b9","slug":"video-jeevan-nagar-to-be-drug-free-within-two-days-police-assure-women-issue-a-warning-2026-11-19","type":"video","status":"publish","title_hn":"दो दिन में नशामुक्त होगा जीवन नगर, पुलिस का भरोसा; महिलाओं की चेतावनी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दो दिन में नशामुक्त होगा जीवन नगर, पुलिस का भरोसा; महिलाओं की चेतावनी
शहर के कच्चा मलक रोड स्थित जीवन नगर में नशे के खिलाफ महिलाओं के सड़क पर उतरने और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। बुधवार को महिलाओं ने नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए पंजाब सरकार की 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम और जगराओं पुलिस के नशा खत्म करने के दावों पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद वीरवार को थाना सिटी-2 के प्रभारी आत्मा सिंह ने खुद मोर्चा संभालते हुए मोहल्ला निवासियों के बीच पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस दौरान थाना प्रभारी ने मोहल्ला निवासियों से कहा कि जब से उन्होंने थाना सिटी-2 का कार्यभार संभाला है, तब से आज तक किसी भी व्यक्ति ने उनके पास नशे को लेकर शिकायत नहीं की। उन्होंने प्रदर्शन करने वाली महिलाओं से भी सवाल किया कि क्या उन्होंने कभी उनके पास नशे की बिक्री या इससे जुड़ी गतिविधियों को लेकर कोई शिकायत अथवा सूचना दी है? इस बात को लेकर मौके पर माहौल गर्मा गया।
थाना प्रभारी आत्मा सिंह ने मोहल्ला निवासियों को भरोसा दिलाया कि अगले दो दिनों में पूरे मोहल्ले में नशे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि आज के बाद जीवन नगर में नशा बेचने वाला कोई भी व्यक्ति अपने घर में नहीं, बल्कि जेल में मिलेगा। वहीं नशे की दलदल में फंसे युवाओं का इलाज करवाने में भी पुलिस सहयोग करेगी।
आत्मा सिंह ने बताया कि मोहल्ला निवासियों ने कुछ लोगों पर नशा तस्करी के आरोप लगाए हैं। पुलिस इन आरोपों की जांच और वेरिफिकेशन करने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इसके अलावा जीवन नगर में रोजाना पीसीआर की गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि नशा बेचने और सेवन करने वालों पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि नशा करते या बेचते पकड़े जाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के मुताबिक बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम, फिर सड़क पर उतरेंगी महिलाएं
दूसरी ओर महिलाओं ने पुलिस के आश्वासन पर पूरी तरह भरोसा जताने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें विश्वास नहीं है कि पुलिस वास्तव में मोहल्ले से नशे का कारोबार खत्म कर पाएगी। हालांकि उन्होंने पुलिस को दो दिन का समय दिया है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा सड़कों पर उतरेंगी और अपने संघर्ष को पहले से भी तेज करेंगी।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।