बिज्टी-मझोला मार्ग पर सड़क हादसा: दो घरों के बुझ गए चिराग, किसी ने इकलौता बेटा खोया तो किसी ने भाई
बिज्टी-मझोला मार्ग पर हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में साहिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जबकि मोनिश आठ भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। दोनों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है।
विस्तार
जिस घर में साहिल की आवाज से रौनक रहती थी, वहां अब उसकी यादें और अपनों की सिसकियां रह गई हैं। दो बहनों की आंखों का तारा और माता-पिता का इकलौता बेटा एक झटके में उनसे हमेशा के लिए दूर हो गया। उधर, मोनिश की मौत ने भी एक बड़े परिवार की खुशियां छीन लीं। बिज्टी-मझोला मार्ग पर हुए हादसे ने दो घरों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी टीस परिवारों को जिंदगीभर सताएगी।
साहिल अंसारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। पिता मोहम्मद यासीन के बुढ़ापे का सहारा और दोनों बहनों का लाडला भाई अब हमेशा के लिए उनसे बिछड़ गया। साहिल ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद राजकीय पीजी महाविद्यालय खटीमा में बीएससी में दाखिला लिया था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। माता-पिता बेटे को पढ़ा-लिखाकर आगे बढ़ते देखना चाहते थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने उनके सारे सपने उजाड़ दिए। इकलौते बेटे की मौत से पिता और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दोनों बहनों के सिर से भाई का साया उठ गया। मोनिश खान आठ भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। वह तिरंगा चौराहे के पास एक ट्रक गैराज में मैकेनिक का काम कर परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी मौत से परिवार ने अपना एक सदस्य ही नहीं, बल्कि घर की खुशियों और उम्मीदों का हिस्सा भी खो दिया।
हादसे में घायल जुनैद भी तीन भाई-बहनों में एक है। वह सिडकुल की एक दुकान में वेल्डिंग का काम करता था। इसी साल अप्रैल में वह दुबई से घर लौटा था। तीनों दोस्तों ने शिवालिक इंटर कॉलेज से 12वीं तक की पढ़ाई की थी। पढ़ाई के बाद सभी अपने-अपने काम में जुट गए, लेकिन उनकी दोस्ती बरकरार रही। इधर, परिजनों ने बताया कि नमाज अदा करने के बाद तीनों करीब साढे़ आठ बजे बाइक से सितारगंज जाने की बात कहकर घर से निकले थे। वहां से तीनों बिज्टी-मझोला मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट में चाय पीने चले गए, इसी वक़्त अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। चाय की एक छोटी-सी मुलाकात की उम्मीद लेकर निकले तीन दोस्तों में से दो की जिंदगी हमेशा के लिए थम गई। अब दोनों परिवारों के घरों में खुशियों की जगह मातम और अपनों को खोने का असहनीय दर्द रह गया है।
