पिता-पुत्र की हत्या से दहशत: गिरफ्तारी की मांग; परिजन बोले-हत्यारों को हमारे हवाले करो, 22 नवंबर को थी गवाही
मुजफ्फरनगर के दादूपुर में बाइक सवार हमलावरों ने किसान मुख्त्यार सिंह और उनके बेटे सुखजिंदर की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों ने शव उठाने से रोका और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सुखजिंदर गैंगस्टर मोनू की हत्या के मामले में आरोपी था और नौ महीने पहले जमानत पर बाहर आया था।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के दादूपुर गांव में शनिवार शाम दोहरे हत्याकांड से दहशत फैल गई। बाइक सवार हमलावरों ने घर के बाहर किसान मुख्त्यार सिंह (62) और उनके बेटे सुखजिंदर (28) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में आक्रोश फैल गया।
मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। उनकी मांग थी कि हत्यारों को पकड़कर उनके हवाले किया जाए। पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर स्थिति संभाली और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए। सुखजिंदर पिछले साल गांव में हुए हिस्ट्रीशीटर मोनू हत्याकांड में नामजद था। उसे इसी साल मार्च में हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। इस मामले में 25 नवंबर को गवाही होनी थी।
तीन बाइकों पर आए थे आठ हमलावर, आठ राउंड फायरिंग
यूपी-उत्तराखंड सीमा पर स्थित दादूपुर गांव में शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे सुखजिंदर अपने छह वर्षीय बेटे के साथ घर के सामने गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास खड़ा था। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर आठ हमलावर वहां पहुंचे। कुछ हमलावर पीछे रुक गए, जबकि एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने सुखजिंदर पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद उसका बेटा डरकर घर की तरफ भागा।
फायरिंग की आवाज सुनकर पिता मुख्त्यार सिंह भी घर से बाहर आए। हमलावरों ने उन्हें भी गोली मार दी। सुखजिंदर के बड़े भाई बलविंदर सिंह के मुताबिक, जब वह बाहर पहुंचे तो हमलावरों ने सुखजिंदर की कनपटी पर भी गोली मारी और फरार हो गए। वारदात में कुल आठ राउंड फायरिंग की बात सामने आई है।
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस पहुंची तो लोगों ने विरोध जताया और शव उठाने से रोक दिया। परिजन आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उन्हें अपने हवाले करने की मांग कर रहे थे। मृतक के भाई बलजिंदर ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि आरोपियों का भी ऐसा ही हश्र होना चाहिए।
हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। एसएसपी सूरज कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उन्हें कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर 2025 को गांव में हिस्ट्रीशीटर मोनू की हत्या हुई थी। इस मामले में सुखजिंदर और उसके भाई बलजिंदर को नामजद किया गया था। दोनों भाइयों को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। सुखजिंदर इसी साल मार्च में जेल से बाहर आया था। 25 नवंबर को इस हत्याकांड में उसकी गवाही होनी थी।
परिजन और ग्रामीण मौजूदा वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मुख्त्यार सिंह के दो बेटे थे। सुखजिंदर की पत्नी मायके में रह रही थी और उसका छह वर्षीय बेटा पिता के साथ रहता था। परिवार में बड़ा बेटा बलजिंदर और उसकी पत्नी भी हैं। मां हरमीत कौर ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पिता-पुत्र की हत्या से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
यूपी-उत्तराखंड सीमा पर क्षेत्राधिकार को लेकर उलझा मामला
दादूपुर गांव यूपी और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित है। घटना के बाद खानपुर और पुरकाजी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि मृतकों के पते और बिजली के बिल उत्तराखंड के हैं। राजस्व विभाग की टीम सीमा और क्षेत्राधिकार तय करेगी, जिसके बाद उसी क्षेत्र के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
सीओ सदर सुनील कुमार ने बताया कि देर रात तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। मृतक के भाई बलजिंदर ने अंकुल, अंचित और मोहित समेत अन्य लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस इन आरोपों की जांच करते हुए हमलावरों की तलाश कर रही है।
