यूपी: सांसद इमरान मसूद का सिराज के चयन पर सवाल, बोले- अच्छे प्रदर्शन के बावजूद टीम से बाहर रखना भेदभाव
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सवाल उठाए। रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी चयन पर प्रतिक्रिया दी।
विस्तार
भारतीय टेस्ट टीम की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने पर विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए उनके साथ भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मैच में सिराज को टीम में जगह नहीं मिलने पर मसूद ने कहा कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें बाहर रखा गया।
#WATCH | Delhi: On Cricketer Mohammed Siraj, Congress MP Imran Masood says, "It is being said that despite his good performance, he was not given a place in the team. His name is 'Siraj ', and that is why he was not given a place. If you are not selecting him despite his good performance, the discrimination is clear."
— ANI (@ANI) November 20, 2026विज्ञापन
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा कि सिराज का नाम 'सिराज' होने की वजह से शायद उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद किसी खिलाड़ी को नहीं चुना जाता है तो यह भेदभाव है। मसूद के इस बयान के बाद सिराज के चयन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें: यूपी: एटीएस ने बड़ौत के युवक को पकड़ा, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कनेक्शन के शक, पूछताछ जारी
रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर ने भी उठाए सवाल
सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर पूर्व क्रिकेटरों ने भी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सवाल उठाया कि सिराज कहां हैं? उन्होंने सिराज के अनुभव, आक्रामकता और गेंद से प्रभाव छोड़ने की क्षमता का जिक्र किया।
शास्त्री ने कहा कि अगर चयन का आधार गति, कौशल और सीम मूवमेंट था और 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल करना मुश्किल था, तब भी सिराज को टीम में शामिल नहीं किए जाने पर सवाल उठता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम मैच में जोरदार वापसी करेगी।
वहीं, मैच के प्रसारण के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने भी सिराज को बाहर किए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस तेज गेंदबाज ने कभी भारत को निराश नहीं किया है और उनकी लय भी अच्छी थी।
अजहरुद्दीन ने कहा- सिराज बेहतर मौके के हकदार
पूर्व भारतीय कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी सिराज को टीम में जगह नहीं मिलने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज ने अपनी प्रतिबद्धता, क्षमता और लड़ने का जज्बा दिखाया है। उनके अनुसार, सिराज बेहतर मौके के हकदार थे।
अजहरुद्दीन ने एक्स पर लिखा कि भारतीय टीम में मोहम्मद सिराज को शामिल नहीं किए जाने से निराशा हुई है। उन्होंने कहा कि सिराज ने जरूरत के समय आगे बढ़कर देश के लिए प्रदर्शन किया है। हालांकि, उन्होंने टीम में शामिल किए गए कंबोज को शुभकामनाएं भी दीं।
मौजूदा WTC चक्र में सिराज के नाम 43 विकेट
सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं, क्योंकि मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में वह भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 11 टेस्ट मैचों में 43 विकेट हासिल किए हैं।
इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 26.81 और स्ट्राइक रेट 45.69 रहा है। सिराज के चयन को लेकर उठ रहे सवालों में उनके इसी प्रदर्शन और टीम के लिए पिछले योगदान का हवाला दिया जा रहा है।
