इटावा: पुलिस से मुठभेड़ में शातिर लुटेरा गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल, तमंचा-बाइक समेत ये सामान बरामद
Etawah News: बकेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत महेवा-निवाड़ीकला मार्ग पर पुलिस मुठभेड़ में छिनैती व झपट्टामारी के मामले में वांछित शातिर अपराधी के बाएं पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार
इटावा जिले में बकेवर थाना पुलिस ने बुधवार की रात महेवा-निवाड़ीकला मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान छिनैती और झपट्टामारी के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी महेवा भेजा गया। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी देहात श्रीशचंद्र सीओ भरथना रामदवन मौर्य भी घटना स्थल पर पहुँचे। एसपी देहात श्रीशचंद्र ने बताया 18 नवंबर को थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक अहेरीपुर चौकी इंचार्ज अमरकांत त्यागी पुलिस फोर्स के साथ पुलिस महेवा-अछल्दा मार्ग पर निवाड़ी कला पेट्रोल पंप के आगे संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी
इसी दौरान निवाड़ी कला की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवार ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और चिमकुनी बॉर्डर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने चिमकुनी बॉर्डर पर चेकिंग कर रही दूसरी टीम को सूचना दी और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। दोनों टीमों ने महेवा-अछल्दा मार्ग पर कुरियानी बंबा के पास घेराबंदी की।
बाएं पैर में गोली लगने से घायल
खुद को घिरा देखकर आरोपी बाइक से ग्राम कुरियानी की ओर भागने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार के चलते उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान पुत्र अजीज अली निवासी मानिकपुर मोड़, थाना इकदिल, इटावा के रूप में हुई है।
विभिन्न थानों में कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं
वह वर्तमान में आसरा आवास कॉलोनी, थाना सिविल लाइन में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 30 मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि आरोपी थाना भरथना में दर्ज छिनैती के मुकदमे में भी वांछित था। इस मामले में एक अन्य आरोपी अनुज शाक्य को भरथना पुलिस पहले ही 17 अक्टूबर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बरामद 700 रुपये इसी मुकदमे से संबंधित बताए गए हैं।
