बांदा: रोटावेटर में शॉल फंसने से युवक की मौत, खेत की जुताई के दौरान हादसा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Banda News: बबेरू कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर गांव में रोटावेटर में मिट्टी साफ करते समय गले में पड़ी शॉल मशीन में फंस जाने से युवक की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
बांदा जिले में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर गांव में मंगलवार रात एक खेत में चल रहे ट्रैक्टर के रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के छोटे भाई शिव प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके पास कुल चार बीघे खेती है। आलमपुर गांव निवासी कालका प्रसाद (36) पुत्र इंद्रपाल मंगलवार रात करीब नौ बजे अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई करवा रहे थे।
इसी दौरान खेत की जुताई करते वक्त रोटावेटर में मिट्टी फंस गई। मिट्टी को साफ करने के लिए कालका प्रसाद जैसे ही मशीन के पास पहुंचे। तभी उनके गले में पड़ी शॉल अचानक घूमते हुए रोटावेटर की चपेट में आ गई। शॉल के तेजी से खिंचने के कारण उनके गले में फंदा कस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे।
परिजन रो-रोकर बेहाल
यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक कालका प्रसाद अपने पीछे पत्नी रजनी देवी, तीन बेटियों और एक बेटे को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। मौत की खबर सुनते ही पत्नी रजनी देवी और मां फुलिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बार-बार बेहोश हो रही हैं। परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
