कन्नौज: किसान की संदिग्ध हालातों में मौत, कोल्ड ड्रिंक में जहर देने का आरोप, अस्पताल में तोड़ा दम, परिजन बेहाल
Kannauj News: कुंवरपुर लोधपुर गांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसी युवक पर कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। कानपुर के विभिन्न अस्पतालों में 17 दिनों तक इलाज के बाद उसकी मौत हुई है।
विस्तार
कन्नौज जिले में छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर लोधपुर निवासी युवा किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कानपुर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में ले गए, जहां कई दिनों तक उपचार चला। हालत में सुधार न होने पर उसे घर लाया गया। इसके बाद में 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्राम कुंवरपुर लोधपुर निवासी राकेश कुमार राजपूत के सबसे छोटे पुत्र गोविंद राजपूत खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के मुताबिक, एक नवंबर 2026 को पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने गोविंद को अपने घर बुलाकर ले गया था। आरोप है कि वहां उसने ने कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। घर लौटने के कुछ देर बाद ही गोविंद की हालत बिगड़ने लगी।
100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया
परिजन आनन-फानन उसे कानपुर के पवित्र हॉस्पिटल ले गए। वहां दो दिन तक उपचार चलने के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन कानपुर के ही दो अन्य निजी अस्पतालों में लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों द्वारा जवाब दिए जाने के बाद परिजन उसे वापस घर ले आए। घर पर हालत फिर बिगड़ने पर उसे स्थानीय 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था गोविंद
गोविंद तीन भाइयों संतोष, गोपाल और गोविंद में सबसे छोटा था। उसकी मौत से मां कृष्णा देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में तीन बहनें जूली, सपना और धन देवी भी हैं। जवान बेटे की मौत से मां और बहन-भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
