देवरिया: आरटीओ कार्यालय के पास 37 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ राजस्थान के सात युवक गिरफ्तार, चार वाहन सीज
37 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ राजस्थान के सात युवकों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में छह बाड़मेर और एक बीकानेर जिले का निवासी है। पुलिस ने सात मोबाइल फोन बरामद करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल चार वाहनों को सीज किया है।
विस्तार
सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मेहड़ा पुरवा स्थित आरटीओ कार्यालय के पास से 37 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ राजस्थान के सात युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सात मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस ने चार वाहनों को भी सीज कर दिया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अलावा धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक साजिश के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि कोतवाली पुलिस की टीम शुक्रवार को पुरवा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से अवैध अंग्रेजी शराब के संबंध में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने आरटीओ कार्यालय के पास पहुंचकर सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक बड़े ब्रांड की 180 एमएल के पैक बरामद किए हैं।
ये है आराेपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के सिंदरी थाना क्षेत्र के टाकू बेरी सिंदरी निवासी हितैश कुमार (19), बाड़मेर सदर थाना क्षेत्र के कुर्ला निवासी लक्ष्मण (20), शिव थाना क्षेत्र के भियाड़ निवासी प्रेमप्रकाश गोदरा (26), बायतू थाना क्षेत्र के बुठसरा नौसर निवासी श्रवण कुमार (23), सिंदरी थाना क्षेत्र के पायलाकला निवासी धूड़ा राम (28) और उमा राम उर्फ ओमप्रकाश (32) के रूप में हुई है। सातवां आरोपी राजस्थान के बीकानेर जिले के सेरूड़ा थाना क्षेत्र के दूसारण पिपासरिया निवासी बीरबल राम (36) है।
सभी आरोपियों की तलाशी में एक-एक मोबाइल मिला है। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चार वाहनों को सीज किया है। बरामद शराब और अन्य सामान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय, उपनिरीक्षक रविंद्र नाथ चौबे, मुख्य आरक्षी राहुल यादव, गिरीश चौधरी, आरक्षी पंकज शुक्ला, अजय प्रजापति, रामनिवास, कौशल यादव, राजू चौहान और सोनू पाठक शामिल रहे।
