देवरिया: ट्रक को ओवरटेक करने में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, इकलौते बेटे की मौत
स्थानीय चौराहे से मुख्य मार्ग पर कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद आर्यन ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी बाइक ट्रक से टकरा गई और वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई।
विस्तार
महुआडीह चौराहे के पास बृहस्पतिवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक जिला मुख्यालय पर कोचिंग पढ़ने जा रहा था। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान उसकी बाइक ट्रक से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित होकर वह सामने से आ रही धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। ट्रॉली के पहिये की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि ट्रैक्टर चालक ट्रॉली छोड़कर भाग निकला।
बिहार निवासी संतोष रौनियार महुआडीह चौराहे पर कपड़े का कारोबार करते हैं। उन्होंने गोपालगढ़ माता मंदिर के पास जमीन खरीदकर मकान बनवाया है और परिवार के साथ यहीं रहते हैं। उनका इकलौता बेटा आर्यन रौनियार (20) प्रतिदिन की तरह बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे बाइक से जिला मुख्यालय स्थित कोचिंग सेंटर के लिए निकला था। आर्यन की मौत से परिवार में मातम पसरा है। इकलौते बेटे को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय चौराहे से मुख्य मार्ग पर कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद आर्यन ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी बाइक ट्रक से टकरा गई और वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई। आर्यन ट्रॉली के पीछे वाले बाएं पहिये की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्यन ने हेलमेट पहन रखा था। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की वजह स्पष्ट हो सके।
