नशे के खिलाफ जन आंदोलन: 92 करोड़ की संपत्ति जब्त, चार साल में 7950 मामले दर्ज, 51 सरकारी कर्मी बर्खास्त
प्रदेश सरकार के अनुसार नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह अथवा अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रत्येक वर्ग से एंटी चिट्टा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार के अनुसार नशे के विरुद्ध अभियान को पुलिस कार्रवाई तक सीमित न रखकर जन आंदोलन बनाया जा रहा है। सभी विभागों और केंद्रीय एजेंसियों को समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल सरकार या पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, शिक्षकों, अभिभावकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से एंटी चिट्टा अभियान को जन आंदोलन बनाने तथा नशे के विरुद्ध एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया।
प्रदेश में 7,950 एनडीपीएस मामले दर्ज
पिछले चार वर्षों में प्रदेश में 7,950 एनडीपीएस मामले दर्ज हुए और 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया गया। वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया। हिमाचल प्रदेश इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई में देश में दूसरे स्थान पर है। सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में नशे के अवैध कारोबार से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। पहली बार 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित हुई है। एनडीपीएस आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण से संबंधित 86 संपत्तियों की पहचान की गई है। इनमें से 22 के विरुद्ध ध्वस्तीकरण एवं बेदखली की कार्रवाई पूरी हो चुकी है।
पुनर्वास और जागरूकता
नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस की ओर से संचालित नशामुक्ति केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा और बिलासपुर के नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। परामर्श जाल का विस्तार तथा सरकारी भर्ती में ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने के कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिह्नित कर निगरानी में रखा गया है।
सरकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई
नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त 168 सरकारी कर्मचारियों पर मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। शैक्षणिक संस्थानों में एंटी ड्रग क्लब और जागरूकता गतिविधियां मजबूत की जा रही हैं। हिमाचल को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रत्येक वर्ग से एंटी चिट्टा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह अथवा अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ एवं नशामुक्त हिमाचल का निर्माण किया जाएगा।
