पंजाब: पुलिस की पिटाई से 19 साल के हॉकी खिलाड़ी की मौत, परिवार बोला- 100 उठक-बैठक करवाई; पेट में आई थी सूजन
पंजाब के फिरोजपुर में 19 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी जश्नदीप सिंह की मौत के बाद पुलिस पर मारपीट के आरोप लगे हैं। परिजनों का दावा है कि पुलिस उसे घर से ले गई और करीब 100 बार उठक-बैठक कराई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार को परिवार, ग्रामीणों और किसान संगठनों ने शव रखकर धरना दिया और एसएचओ पर कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
पंजाब के फिरोजपुर क्षेत्र के गांव माछीवाड़ा निवासी 19 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी जश्नदीप सिंह की मौत के मामले में पुलिस पर मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि थाना कुलगढ़ी पुलिस जश्नदीप को जबरन घर से उठाकर ले गई और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। मामले में इंसाफ की मांग को लेकर शुक्रवार को परिजनों, किसान जत्थेबंदियों और ग्रामीणों ने जीरा के शेरावाला चौक पर शव रखकर धरना दिया।
100 बार करवाई उठक-बैठक
परिजनों के अनुसार, थाना कुलगढ़ी के एसएचओ गुरमीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव में छापामारी करने पहुंचे थे। इस दौरान जश्नदीप घर से बाहर निकलकर देखने गया तो पुलिस उसे कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गई। परिवार का आरोप है कि पुलिस उसे अपने साथ घुमाती रही और उसके साथ मारपीट की गई। उससे करीब 100 बार उठक-बैठक भी करवाई गई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और पेट में सूजन आ गई।
जश्नदीप खेल चुका पंजाब स्तर पर हॉकी
परिजनों ने बताया कि जश्नदीप पंजाब स्तर पर हॉकी खेल चुका था। तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले जीरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन तक हालत में सुधार नहीं होने पर मोगा के अस्पताल में ले जाया गया, जहां वीरवार को उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने किसान जत्थेबंदियां और गांव के लोगों के साथ शेरावाला चौंक पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ शव रखकर धरना दिया। परिजनों की मांग है कि थाना कुलगढ़ी के एसएचओ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएं।
एसएचओ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग
धरने के दौरान डीएसपी संजीव कपूर, डीएसपी (डी) कर्ण शर्मा और जीरा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और परिवार को समझाने का प्रयास किया। परिजनों की मांग है कि थाना कुलगढ़ी के एसएचओ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
