{"_id":"6afe7f556904dd2b8c092499","slug":"priests-saints-and-mahamandaleshwars-express-outrage-over-exploitation-allegations-against-kathavachak-and-mahamandaleshwar-unanimously-condemn-the-act-ujjain-news-c-1-1-noi1228-4949501-2026-11-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"उज्जैन: कथावाचक और महामंडलेश्वर पर लगे शोषण के आरोपों पर गूंजा एक स्वर, पुजारियों और संतों ने कर डाली यह मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उज्जैन: कथावाचक और महामंडलेश्वर पर लगे शोषण के आरोपों पर गूंजा एक स्वर, पुजारियों और संतों ने कर डाली यह मांग
Thu, 19 Nov 2026 11:13 AM IST
उज्जैन ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
Published by: उज्जैन ब्यूरो
Updated Thu, 19 Nov 2026 11:13 AM IST
सार
आश्रमों और धार्मिक संस्थाओं से जुड़े शोषण के आरोपों के बीच संत समाज की व्यवस्था में सुधार की मांग उठने लगी है। वहीं महिला संतों ने अखाड़ों और अखाड़ा परिषद में नेतृत्व के पदों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग की।
विज्ञापन
संत समाज में सुधार के लिए उठी आवाज
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आश्रमों, अखाड़ों और कथावाचकों से जुड़े कुछ मामलों में यौन व शारीरिक शोषण के आरोप सामने आने के बाद संत समाज और धार्मिक व्यवस्थाओं में सुधार की चर्चा तेज हो गई है। इस विषय पर महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा, महिला संत हर्षानंद गिरि और जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर शैलेषानंद महाराज ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
विज्ञापन
महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सनातन धर्म में साधु बनने की एक स्पष्ट पद्धति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के 13 अखाड़ों के प्रधान अपनी मर्जी से लोगों को पद दे देते हैं, जिस पर रोक लगनी चाहिए। पंडित महेश शर्मा के अनुसार देश में ऐसे कठोर नियम और कानून बनने चाहिए, जिनका पालन करने वाले व्यक्ति को ही पद मिले। जो नियमों पर खरा न उतरे, उसे आचार्य महामंडलेश्वर या महामंडलेश्वर जैसी सम्मानजनक उपाधि नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस ओर ध्यान देते हुए एक नियमावली बनाना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को साधु बनाने या कोई महत्वपूर्ण पद देने से पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और सनातन धर्म की छवि धूमिल न हो। उन्होंने अखाड़ों के प्रमुखों से भी इस दिशा में गंभीरता से ध्यान देने का निवेदन किया।
विज्ञापन
महिला साध्वियों को भी मिले नेतृत्व का अवसर
संतों और कथावाचकों पर लग रहे आरोपों के बीच हर्षानंद गिरि ने धार्मिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जब 13 अखाड़ों और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के प्रमुख पदों पर पुरुष संत जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, तो महिला संतों, साध्वियों और महिला महामंडलेश्वरों को भी नेतृत्व में स्थान मिलना चाहिए।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: भोपाल: पिकअप में ठूंसकर ले जा रहे थे 9 गोवंश, एक मृत मिला; तीन आरोपी गिरफ्तार; विदिशा से आ रही थी
हर्षानंद गिरि ने कहा कि कई महिलाओं को महामंडलेश्वर तो बनाया जाता है, लेकिन उन्हें अखाड़ों या अखाड़ा परिषद में कोई अहम पद नहीं दिया जाता। उन्हें केवल उपाधि तक सीमित न रखकर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों तथा संगठन के निर्णयों में भागीदारी मिलनी चाहिए। उनके अनुसार किसी एक संत या संस्था पर लगे आरोपों का असर पूरे संत समाज की छवि पर पड़ता है। यदि महिला संतों को नेतृत्व की जिम्मेदारियां मिलती हैं, तो आश्रमों व अखाड़ों में आने वाली महिलाओं को अपनी बात रखने के लिए सहज मंच मिलेगा और शोषण से जुड़े मामलों पर अधिक संवेदनशीलता के साथ काम हो सकेगा। उन्होंने उदाहरण दिया कि जब भारत सरकार के मंत्रालयों में महिला साध्वियां अहम जिम्मेदारियां संभाल सकती हैं, तो अखाड़ा परिषद और संत समाज को भी उन्हें नेतृत्व का अवसर देना चाहिए।
व्यवस्था में सुधार और सात्विकता पर दिया जाए जोर
जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर शैलेषानंद महाराज ने कहा कि मानवीय गुण और अवगुण हर व्यवस्था में होते हैं। चाहे वह राजनीति, लोकतांत्रिक, धार्मिक, सामाजिक या आर्थिक व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि इन सभी व्यवस्थाओं में जाने-अनजाने अच्छे-बुरे लोगों का प्रवेश हो जाता है और कुछ लोग सम्मानित पद पाने के बाद भी अपने विकारों को नहीं त्याग पाते।
शैलेषानंद महाराज के अनुसार धर्म की व्यवस्था के तहत दी जाने वाली पदवियां अहर्ताओं पर आधारित होती हैं और अखाड़े में योग्यता की परख की जाती है। महंत व आचार्य महामंडलेश्वर की व्यवस्थाओं का उल्लेख सन्यास उपनिषद में भी मिलता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। जब भी वे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज से मिलते हैं, तो स्वयं की त्रुटियों पर भी चर्चा होती है और उनका मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज, साधु संगठन और राजनीतिक व्यवस्था सभी परख करते हैं, इसलिए किसी एक घटना के आधार पर विवाद करने के बजाय शुद्धता और सात्विकता के साथ विचार करना चाहिए।

