छतरपुर: नशे में उत्पात मचाने का आरोप लगाकर युवक को पेड़ से बांधा, घंटों पीटा; हालत बिगड़ी तो पहुंची पुलिस
छतरपुर के तलवा पुरवा में ग्रामीणों ने नशे में उत्पात मचाने के आरोप में बीरू रैकवार को पेड़ से बांधकर घंटों पीटा। डायल 112 ने उसे मुक्त कराकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
छतरपुर जिले के तलवा पुरवा में कानून हाथ में लेने का मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने बीरू रैकवार निवासी ग्राम तिलवां को कथित तौर पर पेड़ से बांध दिया। आरोप है कि युवक को घंटों तक बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों का कहना था कि युवक शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था और गांव में उत्पात मचा रहा था। मारपीट के बाद युवक की हालत बिगड़ गई।
गुरुवार रात घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की एफआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि युवक गांव में ही एक पेड़ से बंधा हुआ था। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे मुक्त कराया। युवक की हालत ऐसी थी कि वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। इसके बाद पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका इलाज जारी है।
पढे़ं: जनवरी में होनी थी बेटे की शादी, मां के साथ खरीदारी कर लौट रहा था, ट्रॉले से भिड़ी कार; दोनों की मौत
ग्रामीणों ने नशे में उत्पात मचाने की कही बात
कोतवाली टीआई सतीश सिंह ने बताया कि गुरुवार रात सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। वहां बीरू रैकवार पेड़ से बंधा मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि युवक शराब के नशे में था और उत्पात मचा रहा था। पुलिस ने उसे बंधन से मुक्त कराया तो उसे इलाज की जरूरत थी। वह नशे में होने के कारण बोलने की स्थिति में नहीं था। इस पर उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
किसने बांधा और किसने की मारपीट, पुलिस कर रही जांच
घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने ग्रामीणों पर युवक को पेड़ से बांधकर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि युवक नशे में उत्पात मचा रहा था। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। टीआई सतीश सिंह ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

