{"_id":"6b03d731da8766d1e301d83c","slug":"yogi-said-to-8th-grade-student-study-hard-and-become-prince-we-will-also-get-you-enrolled-in-cricket-training-2026-11-23","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"जनता दर्शन: 'बेटा, पढ़-लिखकर प्रिंस बनो, क्रिकेट में भी एडमिशन करवा देंगे'; योगी ने 8वीं के छात्र को दिया भरोसा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जनता दर्शन: 'बेटा, पढ़-लिखकर प्रिंस बनो, क्रिकेट में भी एडमिशन करवा देंगे'; योगी ने 8वीं के छात्र को दिया भरोसा
Mon, 23 Nov 2026 11:33 AM IST
Bhupendra Singh
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: Bhupendra Singh
Updated Mon, 23 Nov 2026 11:33 AM IST
सार
गोंडा के आठवीं कक्षा के छात्र प्रिंस साहू ने जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ से क्रिकेट कोचिंग और आर्थिक मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने पढ़ाई में अच्छे अंक लाने की सलाह देते हुए क्रिकेट कोचिंग में दाखिले और आर्थिक सहायता का भरोसा दिया।
विज्ञापन
जनता दर्शन में समस्याएं सुनते सीएम योगी।
- फोटो : सूचना विभाग
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनता दर्शन में एक अलग अंदाज में नजर आए। फरियादियों की समस्याएं सुनने के दौरान उनकी मुलाकात गोंडा से आए कक्षा आठ के छात्र प्रिंस साहू से हुई। प्रिंस ने मुख्यमंत्री से क्रिकेट खेलने के लिए आर्थिक मदद और कोचिंग की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई। बच्चे की क्रिकेट के प्रति दीवानगी देखकर मुख्यमंत्री ने अभिभावक की भूमिका निभाई और करीब चार से पांच मिनट तक उसकी काउंसलिंग की।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने प्रिंस से कहा, 'बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।' उन्होंने बच्चे को भरोसा दिलाया कि उसकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता और क्रिकेट कोचिंग की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
विज्ञापन
क्रिकेट का जुनून, लेकिन आर्थिक तंगी बन रही थी बाधा
गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस साहू कक्षा आठ का छात्र है। उसे बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक है। वह क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहता है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसके सपनों के सामने मुश्किलें खड़ी हो रही हैं।प्रिंस के मुताबिक, आर्थिक तंगी के चलते परिवार क्रिकेट की फीस भरने और जरूरी किट खरीदने में सक्षम नहीं है। इसी उम्मीद के साथ वह जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा था।
सीएम योगी ने समझाया- खेल के साथ पढ़ाई भी जरूरी
प्रिंस की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने उसे समझाया कि अभी वह आठवीं कक्षा में है। ऐसे में उसे खेल के साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करो और अच्छे अंकों से इस सत्र में पास हो। इसके बाद क्रिकेट कोचिंग में दाखिले की व्यवस्था कराई जाएगी।मुख्यमंत्री ने बच्चे को प्रोत्साहित करते हुए साफ किया कि खेल में आगे बढ़ने के लिए मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई भी जरूरी है।
विज्ञापन
जनता दर्शन में हर फरियादी तक पहुंचे मुख्यमंत्री
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की। उन्होंने कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास पहुंचकर उनके प्रार्थना पत्र लिए और समस्याएं सुनीं। मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए। शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक होना चाहिए।
