Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Akvan Live: चक्रवात अकवान के दोपहर तक आंध्र-ओडिशा तट से टकराने की आशंका, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Thu, 19 Nov 2026 07:24 AM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: अमन तिवारी Updated Thu, 19 Nov 2026 07:24 AM IST
खास बातें

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अकवान’ के आज यानी की 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर पहुंचने की आशंका जताई गई है। इसके मद्देनजर तीन ट्रेनों का समय बदला गया है। ओडिशा के छह जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। चक्रवात अकवान से जुड़े सभी ताजा अपडेट यहां पढ़ें...

विज्ञापन
Cyclone Akvan live updates Andhra Pradesh and Odisha Coast on Alert Three Trains Rescheduled
चक्रवात अकवान की दस्तक - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

09:59 AM, 19-Nov-2026

आंध्र प्रदेश-ओडिशा के तटों की ओर बढ़ रहा अकवान

पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान पिछले 6 घंटों के दौरान 12 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ा है। आज 19 नवंबर, 2026 को सुबह 05:30 बजे यह उसी क्षेत्र में 14.5° उत्तरी अक्षांश और 85.3° पूर्वी देशांतर के पास स्थित था। यह नरसपुर (आंध्र प्रदेश) से लगभग 440 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 440 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, चेन्नई (तमिलनाडु) से 580 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व, गोपालपुर (ओडिशा) से 530 किमी दक्षिण और पुरी (ओडिशा) से 590 किमी दक्षिण में है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 20 नवंबर 2026 की दोपहर तक नरसपुर और पुरी के बीच (गोपालपुर के पूर्व के पास) उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90-100 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो झोंकों के साथ 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
09:13 AM, 19-Nov-2026

ओडिशा सरकार ने लगभग 50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि आंध्र प्रदेश के नरसपुर और ओडिशा के पुरी के बीच भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' के टकराने की संभावना को देखते हुए, अब तक लगभग 50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बुधवार को राज्य सरकार की तैयारियों को लेकर आयोजित एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि सबसे अधिक लोगों को गंजाम जिले से निकाला जा रहा है और यह प्रक्रिया अभी जारी है।

उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य है कि किसी की जान न जाए। इसके लिए मैदानी और पहाड़ी, दोनों तरह के इलाकों में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।' मुख्यमंत्री ने बताया कि गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगडा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों के कई गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार ने 3,000 चक्रवात आश्रय स्थल (साइक्लोन शेल्टर) बनाए हैं, जिनमें से 448 पहले से ही काम कर रहे हैं। ओडिशा सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 15 जिलों को 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
विज्ञापन
07:39 AM, 19-Nov-2026

ओडिशा के छह जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

चक्रवाती तूफान अकवान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को राज्य नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चक्रवात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, तूफान के कारण ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। दक्षिणी ओडिशा और तटीय इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा और कालाहांडी समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। बालासोर तक के तटीय क्षेत्रों में भी मौसम खराब रह सकता है।

मुख्यमंत्री ने भी बताया राज्य के 13 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिला कलेक्टरों के साथ बैठक कर चक्रवात से निपटने और राहत-बचाव कार्यों की रणनीति तैयार की गई है। इस बीच भारतीय नौसेना और अन्य संबंधित एजेंसियां भी तैयारियों में जुटी हैं। प्रशासन लगातार तूफान की दिशा और उसकी संभावित तीव्रता पर नजर बनाए हुए है। समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती इंतजाम किए जा रहे हैं।
 
07:32 AM, 19-Nov-2026

चक्रवाती तूफान अकवान का असर, रेलवे ने इन ट्रेनों का समय बदला

चक्रवाती तूफान अकवान को देखते हुए रेलवे ने तीन ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जिन ट्रेनों का समय बदला गया है, उनमें चारलापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046) गुरुवार को सुबह 8:40 बजे रवाना होने वाली थी, जो अब दोपहर 3:40 बजे रवाना होगी। इसी तरह सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) का समय भी बदल दिया गया है। यह ट्रेन अब दोपहर 3:55 बजे के बजाय शाम 5:55 बजे रवाना होगी। वहीं, एसएमवीटी बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227) गुरुवार को रात 12:30 बजे रवाना होने वाली थी, जो अब सुबह 8:30 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना होगी।
07:08 AM, 19-Nov-2026

Akvan Live: चक्रवात अकवान के दोपहर तक आंध्र-ओडिशा तट से टकराने की आशंका, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान अकवान आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान गुरुवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश के यानम और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। वहीं, हवा के झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed