कमल भूषण हत्याकांड : सुप्रीम कोर्ट ने पलटा हाईकोर्ट का फैसला, डब्लू कुजूर की जमानत रद्द
सुप्रीम कोर्ट ने कमल भूषण हत्याकांड में दोषी डब्लू कुजूर की जमानत रद्द कर दी है। अदालत ने झारखंड हाईकोर्ट का आदेश निरस्त करते हुए 15 दिनों में ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
विस्तार
चर्चित बिल्डर कमल भूषण हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दोषी डब्लू कुजूर की जमानत रद्द कर दी है। शीर्ष अदालत ने झारखंड हाईकोर्ट के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसके तहत उसकी सजा निलंबित कर जमानत दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने डब्लू कुजूर को 15 दिनों के भीतर ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति एस. चंद्रशेखर की पीठ ने यह फैसला सुनाया।
यह मामला शिकायतकर्ता पवन कुमार आर्य की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट के 20 जनवरी 2026 के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने इस आदेश में डब्लू कुजूर की सजा निलंबित कर उसे जमानत दे दी थी। इससे पहले ट्रायल कोर्ट ने उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 120बी के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
आपराधिक इतिहास और गवाह को धमकाने का मामला उठा
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि हाईकोर्ट ने डब्लू कुजूर को जमानत देते समय उसके आपराधिक इतिहास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। पीठ ने कहा कि हाईकोर्ट ने सत्र अदालत के निष्कर्षों को भी नजरअंदाज किया था।
सुप्रीम कोर्ट के सामने यह तथ्य भी रखा गया कि जमानत मिलने के बाद आरोपी ने मामले के गवाह और सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक को कथित तौर पर धमकाया था। पीठ ने इन परिस्थितियों को गंभीरता से लिया।
साजिश में शामिल होने के आधार पर नहीं मिल सकती राहत
सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में केवल इस आधार पर सजा निलंबित नहीं की जा सकती कि दोषी मुख्य हमलावर नहीं था, बल्कि साजिश में शामिल था। पीठ के अनुसार, हाईकोर्ट ने सामान्य तरीके से सजा निलंबित कर जमानत देने का आदेश पारित किया था।
इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखते हुए शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट का आदेश रद्द कर डब्लू कुजूर की जमानत निरस्त कर दी। साथ ही उसे 15 दिनों के भीतर ट्रायल कोर्ट के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
दोनों पक्षों के वकीलों ने रखीं दलीलें
सुप्रीम कोर्ट में याचिकाकर्ता पवन कुमार आर्य की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी कुमार सिंह और अधिवक्ता चंद्रभूषण प्रसाद पेश हुए। वहीं, प्रतिवादी की ओर से अधिवक्ता मधुस्मिता बोरा और चयान सरकार सहित अन्य वकीलों ने पक्ष रखा।
