Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Election ›   BJP and Akali Dal reunite in Punjab Amit Shah makes the announcement Punjab Assembly Election 2027 Explainer

एक्सप्लेनर: कैसे छूटा था भाजपा-अकाली का 24 साल पुराना साथ; चुनावों में कैसा रहा हाल, छह साल बाद क्यों आए साथ?

Tue, 24 Nov 2026 07:31 PM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: अमन तिवारी Updated Tue, 24 Nov 2026 07:31 PM IST
सार

भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए एक बार फिर गठबंधन का एलान किया है। अमित शाह के मुताबिक, दोनों दल 117 सीटों पर साथ लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का चेहरा अकाली दल से होगा। सीट बंटवारे का फॉर्मूला अभी घोषित नहीं हुआ है। आइए, इस गठबंधन के उतार-चढ़ाव भरे इतिहास पर एक नजर डालते हैं।

विज्ञापन
BJP and Akali Dal reunite in Punjab Amit Shah makes the announcement Punjab Assembly Election 2027 Explainer
छह साल बाद फिर साथ आए भाजपा-अकाली दल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पंजाब चुनाव की आहट के बीच राज्य की सियासत में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। करीब छह साल तक अलग-अलग चुनाव लड़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने एक बार फिर साथ आने का फैसला किया है। मंगलवार यानी 24 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित मीडिया वार्ता के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे। इस दौरान अमित शाह ने पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए दोनों दलों के गठबंधन की औपचारिक घोषणा की।
विज्ञापन


अमित शाह ने गठबंधन में अकाली दल की भूमिका को लेकर भी तस्वीर साफ कर दी। उन्होंने कहा- पंजाब में बड़े भाई की भूमिका में अकाली दल रहेगा। हम सभी 117 सीटों पर साथ लड़ेंगे। बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री होगा। यानी अकाली दल का ही नेता सीएम चेहरा होगा। इस एलान के साथ ही अमित शाह ने भाजपा और अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर चुनाव मैदान में उतरने का संदेश दिया है। हालांकि, दोनों दलों ने अभी सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला सार्वजनिक नहीं किया है।
विज्ञापन


इस गठबंधन को केवल दो राजनीतिक दलों का चुनावी समझौता मानना सही नहीं होगा। भाजपा और अकाली दल का रिश्ता करीब तीन दशक पुराना है। दोनों ने साथ मिलकर पंजाब में सरकार चलाई, लोकसभा चुनाव लड़े और केंद्र की एनडीए सरकार में भी साझेदारी निभाई है। हालांकि सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों के रास्ते अलग हो गए थे। अब छह साल बाद दोनों दल फिर एक साथ चुनावी मैदान में हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर भाजपा और अकाली दल के गठबंधन की शुरुआत कब हुई थी, इसने पंजाब की सियासत को किस हद तक प्रभावित किया, दोनों के रिश्तों में कब-कब दरार आई और 2020 में इसके टूटने की असली वजह क्या रही? आइए, इन सभी सवालों के जवाब विस्तार से जानते हैं...
विज्ञापन
विज्ञापन

कब और कैसे हुई थी भाजपा-अकाली दल के गठबंधन की शुरुआत?
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच औपचारिक चुनावी गठबंधन की शुरुआत नवंबर 1996 में हुई थी। उस समय पंजाब आतंकवाद और राजनीतिक अस्थिरता के दौर से बाहर निकल रहा था। 1992 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने हिस्सा नहीं लिया था और कांग्रेस ने भारी बहुमत से सरकार बनाई थी।

इसके बाद अकाली दल ने अपनी राजनीतिक रणनीति में बदलाव किया। फरवरी 1996 में मोगा में हुए सम्मेलन के बाद पार्टी ने 'पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत' की राजनीति पर जोर दिया। अकाली दल ने अपने राजनीतिक आधार को केवल सिख समुदाय तक सीमित रखने के बजाय सभी समुदायों को साथ जोड़ने की कोशिश की।

इसी दौर में भाजपा और अकाली दल के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दोनों दलों के राजनीतिक आधार अलग-अलग थे। अकाली दल की ग्रामीण पंजाब, सिख समुदाय और किसानों के बीच मजबूत पकड़ थी, जबकि भाजपा का आधार मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों और हिंदू मतदाताओं में था। दोनों को लगा कि साथ आने से पंजाब में कांग्रेस को चुनौती दी जा सकती है।

1997 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों ने पहली बार औपचारिक गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा। इस चुनाव में अकाली दल ने 92 और भाजपा ने 22 सीटों पर चुनाव लड़ा। गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 93 सीटें हासिल कीं। इसमें अकाली दल को 75 और भाजपा को 18 सीटें मिलीं और प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। यहीं से पंजाब में भाजपा-अकाली दल के गठबंधन की राजनीतिक यात्रा मजबूत हुई। बाद में यह रिश्ता राष्ट्रीय राजनीति में भी महत्वपूर्ण बन गया। 

1998 में एनडीए का हिस्सा बना अकाली दल
1996 में गठबंधन की शुरुआत के बाद अकाली दल ने राष्ट्रीय राजनीति में भी भाजपा का साथ दिया। 1998 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर पंजाब की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ा। अकाली दल ने आठ और भाजपा ने तीन सीटें जीतीं। इस तरह दोनों दलों की साझेदारी पंजाब से निकलकर केंद्र की राजनीति तक पहुंच गई। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में अकाली दल भी शामिल हुआ। इसके बाद दोनों पार्टियां लंबे समय तक एनडीए की सहयोगी बनी रहीं। अकाली दल को भाजपा के पुराने और महत्वपूर्ण सहयोगियों में गिना जाने लगा।

यह गठबंधन केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं था। दोनों दलों ने केंद्र और पंजाब में भी राजनीतिक साझेदारी बनाए रखी। हालांकि, दोनों के बीच सीटों और राजनीतिक प्राथमिकताओं को लेकर समय-समय पर मतभेद भी सामने आते रहे।

BJP and Akali Dal reunite in Punjab Amit Shah makes the announcement Punjab Assembly Election 2027 Explainer
भाजपा-अकाली गठबंधन का सियासी सफर - फोटो : अमर उजाला
कब-कब साथ लड़े चुनाव और कितनी बार बनाई सरकार?
भाजपा और अकाली दल ने 1997 से लेकर 2017 तक पंजाब के विधानसभा चुनावों में गठबंधन के तहत हिस्सा लिया। इस दौरान दोनों दलों ने कुल दो बार लगातार सत्ता में वापसी की और एक बार विपक्ष में बैठना पड़ा।

भाजपा-अकाली दल के गठबंधन का चुनावी सफर
2002 का विधानसभा चुनाव:
2002 में दोनों दलों ने फिर साथ चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में जीत दर्ज की। अकाली दल और भाजपा सत्ता से बाहर हो गए। इस चुनाव में गठबंधन को बड़ा राजनीतिक झटका लगा।
2007 का विधानसभा चुनाव: पांच साल बाद दोनों दलों ने शानदार वापसी की। गठबंधन ने 117 में से 67 सीटें जीतीं। अकाली दल को 48 और भाजपा को 19 सीटें मिलीं। प्रकाश सिंह बादल फिर मुख्यमंत्री बने।
2012 का विधानसभा चुनाव: यह गठबंधन के लिए ऐतिहासिक चुनाव साबित हुआ। पंजाब के राजनीतिक इतिहास में पहली बार किसी सत्ताधारी गठबंधन ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। अकाली दल को 56 और भाजपा को 12 सीटें मिलीं। इस तरह प्रकाश सिंह बादल लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने।
2017 का विधानसभा चुनाव: लगातार दस साल सत्ता में रहने के बाद गठबंधन को 2017 में हार सामना करना पड़ा। इस बार के चुनाव में कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सरकार बनाई। आम आदमी पार्टी 20 सीटों के साथ मुख्य विपक्षी दल बनी। अकाली दल को केवल 15 और भाजपा को तीन सीटें मिलीं। यह गठबंधन के कमजोर होने का बड़ा संकेत था। इस तरह दोनों दलों ने 1997 से 2002 तक और फिर 2007 से 2017 तक कुल 15 साल पंजाब में सरकार चलाई। 


गठबंधन में कब बढ़ने लगी थी दरार?
2017 में विधानसभा चुनाव हारने के बाद भाजपा और अकाली दल के बीच राजनीतिक चुनौतियां बढ़ने लगी थीं। दोनों दलों के वोट बैंक और राजनीतिक हितों में अंतर साफ दिखाई देने लगा था। अकाली दल को पंजाब में किसानों और ग्रामीण मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बनाए रखने की चुनौती थी, जबकि भाजपा राज्य में अपना स्वतंत्र राजनीतिक आधार बढ़ाना चाहती थी।

2019 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दलों ने गठबंधन के तहत सीटों का बंटवारा किया। अकाली दल ने 10 और भाजपा ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा। दोनों दलों को दो-दो सीटों पर जीत मिली, जबकि कांग्रेस ने आठ सीटें हासिल कीं।

इसके बाद नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर भी दोनों दलों के बीच मतभेद सामने आए। जनवरी 2020 में अकाली दल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ मिलकर चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था। हालांकि, बाद में पार्टी ने अपना रुख बदल लिया और भाजपा का समर्थन किया। लेकिन यह शुरुआती राजनीतिक मतभेद था। असली विवाद कृषि कानूनों को लेकर हुआ, जिसने करीब 24 साल पुराने गठबंधन को खत्म कर दिया।

2020 में क्यों टूटा 24 साल पुराना गठबंधन?
भाजपा और अकाली दल के रिश्ते में सबसे बड़ा संकट केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर आया। सितंबर 2020 में संसद ने कृषि क्षेत्र से जुड़े तीन कानून पारित किए। केंद्र सरकार का तर्क था कि इन कानूनों से किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे और कृषि बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। हालांकि, पंजाब और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों के किसान संगठनों ने इन कानूनों का विरोध किया। किसानों को आशंका थी कि नए कानूनों से मौजूदा कृषि मंडी व्यवस्था कमजोर होगी और भविष्य में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी खरीद की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

BJP and Akali Dal reunite in Punjab Amit Shah makes the announcement Punjab Assembly Election 2027 Explainer
भाजपा-अकाली गठबंधन का सियासी सफर - फोटो : अमर उजाला
पंजाब में यह मुद्दा बेहद संवेदनशील था, क्योंकि राज्य की अर्थव्यवस्था और राजनीति में किसानों की बड़ी भूमिका है। अकाली दल का राजनीतिक आधार भी किसानों के बीच रहा है। ऐसे में पार्टी पर कृषि कानूनों का विरोध करने का दबाव बढ़ने लगा। शुरुआत में अकाली दल ने इन कानूनों का समर्थन किया था। पार्टी के नेता और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल भी सरकार के साथ थीं। लेकिन किसानों के विरोध और पंजाब में बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच अकाली दल को अपना रुख बदलना पड़ा।

17 सितंबर 2020 को हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कृषि कानूनों के विरोध में यह कदम उठाया। इसके बाद अकाली दल ने केंद्र सरकार से किसानों की मांगों पर विचार करने और एमएसपी को कानूनी गारंटी देने की मांग की। हालांकि, केंद्र सरकार और अकाली दल के बीच इस मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी। आखिरकार 26 सितंबर 2020 को अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने एनडीए से अलग होने का एलान कर दिया।

सुखबीर बादल ने कहा था कि केंद्र सरकार किसानों की चिंताओं को दूर करने में नाकाम रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार ने पंजाब के किसानों और राज्य के हितों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया। इस फैसले के साथ ही भाजपा और अकाली दल का करीब 24 साल पुराना औपचारिक गठबंधन समाप्त हो गया। बाद में नवंबर 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने का फैसला किया। हालांकि, कानून वापस होने के बाद भी दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी खत्म नहीं हुई। 

गठबंधन टूटने के बाद दोनों दलों का क्या हुआ?
2020 में अलग होने के बाद भाजपा और अकाली दल ने अपनी-अपनी राजनीतिक राह चुनी। 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 117 में से 92 सीटों पर जीत हासिल की और भगवंत मान मुख्यमंत्री बने। वहीं, कभी पंजाब की सत्ता में मजबूत पकड़ रखने वाला अकाली दल केवल तीन सीटों पर सिमट गया। भाजपा को भी महज दो सीटें मिलीं। कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत मिली। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़े। पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में अकाली दल को एक सीट मिली, जबकि भाजपा अपना खाता भी नहीं खोल सकी।

छह साल बाद फिर क्यों साथ आए भाजपा और अकाली दल?
2020 में गठबंधन टूटने के करीब छह साल बाद दोनों दलों ने फिर साथ आने का फैसला किया है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह पंजाब में बदलते राजनीतिक समीकरण और दोनों पार्टियों की चुनावी जरूरतें मानी जा रही हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों को अलग-अलग लड़ने का नुकसान उठाना पड़ा था। अकाली दल अपने पुराने ग्रामीण और किसान मतदाता आधार को पूरी तरह वापस हासिल नहीं कर सका, वहीं भाजपा भी राज्य में सरकार बनाने की स्थिति तक नहीं पहुंच सकी।

भाजपा के लिए पंजाब में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करना बड़ी चुनौती रही है। पार्टी का शहरी क्षेत्रों में आधार है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में उसे विस्तार की जरूरत है। दूसरी तरफ अकाली दल के पास पंजाब में पुराना संगठनात्मक ढांचा और ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक पहुंच है। ऐसे में दोनों दलों का एक साथ आना उनके पुराने वोट बैंक को जोड़ने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा को अकाली दल के संगठन और ग्रामीण पहुंच का लाभ मिल सकता है, जबकि अकाली दल को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन और शहरी मतदाताओं के बीच समर्थन का फायदा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही बड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। ऐसे में दोनों पुराने सहयोगियों के लिए एक साथ चुनाव लड़ना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है।

2027 के चुनाव के लिए क्या है गठबंधन का फॉर्मूला?
24 नवंबर 2026 को दिल्ली में हुई मीडिया वार्ता में अमित शाह ने गठबंधन की रूपरेखा स्पष्ट कर दी है। दोनों दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। अमित शाह ने अकाली दल को गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका देने की बात कही है। इसका मतलब है कि मुख्यमंत्री का चेहरा अकाली दल से होगा। हालांकि, किस दल को कितनी सीटें मिलेंगी, इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पिछले गठबंधन में अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। इस बार भाजपा की सीटों की संख्या बढ़ने की चर्चा है, लेकिन अंतिम फैसला दोनों दलों के बीच बातचीत के बाद ही सामने आएगा।  अमित शाह ने गठबंधन के चुनावी एजेंडे के बारे में भी बात की। उन्होंने पंजाब को नशामुक्त बनाने, भ्रष्टाचार खत्म करने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने को प्राथमिकता बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed