{"_id":"6afd09759f24bab4f709798e","slug":"roof-of-an-old-building-collapsed-in-jwala-nagar-vivek-vihar-in-the-shahdara-district-2026-11-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: पटरियों के साये में जिंदगी, सैकड़ों मकानों की सुरक्षा का हिसाब नहीं; शाहदरा हादसे के बाद उठे सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: पटरियों के साये में जिंदगी, सैकड़ों मकानों की सुरक्षा का हिसाब नहीं; शाहदरा हादसे के बाद उठे सवाल
Wed, 18 Nov 2026 07:42 AM IST
Vijay Singh Pundir
मोहित शुक्ला, अमर उजाला, नई दिल्ली
मोहित शुक्ला, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Wed, 18 Nov 2026 07:42 AM IST
सार
शाहदरा जिले के विवेक विहार के ज्वाला नगर में करीब 40 साल पुरानी इमारत की छत गिरने से दो लोगों की मौत और पांच के घायल होने की घटना के बाद सैकड़ों लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन
शाहदरा में गिरी मकान की छत
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एक तरफ रेलवे ट्रैक पर दौड़ती ट्रेनें और दूसरी तरफ उनसे कुछ ही दूरी पर खड़े मकान। कहीं पुरानी ईंटों की दीवारें हैं तो कहीं उन्हीं इमारतों पर दो से तीन मंजिला और जोड़ दी गई हैं। संकरी गलियों में एक-दूसरे से सटे इन मकानों में परिवारों की कई पीढ़ियां रह रही हैं।
विज्ञापन
बाहर से देखने पर मकान सामान्य नजर आते हैं, लेकिन उनकी नींव कितनी मजबूत है, वर्षों से गुजरती ट्रेनों के कंपन का उन पर कितना असर पड़ा है और अतिरिक्त मंजिलों का कितना भार उनकी संरचना उठा रही है, इसका जवाब किसी एक सरकारी सर्वे में नहीं मिलता। शाहदरा जिले के विवेक विहार के ज्वाला नगर में करीब 40 साल पुरानी इमारत की छत गिरने से दो लोगों की मौत और पांच के घायल होने की घटना के बाद सैकड़ों लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन
यमुनापार में शाहदरा रेलवे स्टेशन के आसपास से लेकर ज्वाला नगर, मुकुंद नगर, जनता कॉलोनी, झिलमिल और विवेक विहार तक रेलवे लाइन के आसपास पुरानी रिहायशी आबादी विकसित हुई है। मानसरोवर पार्क में भी रेलवे लाइन से सटे आवासीय निर्माण हैं। इन इलाकों की खास बात यह है कि रेलवे ट्रैक के नजदीक केवल एक-दो मंजिल के पुराने मकान ही नहीं बल्कि तीन और चार मंजिला इमारतें भी हैं।
विज्ञापन
कई जगह मकानों और रेलवे की जमीन के बीच बहुत कम खुली जगह दिखाई देती है। संकरी गलियों और घनी आबादी के कारण किसी इमारत में बड़ा हादसा होने पर बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। यह आबादी एक दिन में नहीं बसी। समय के साथ यहां मकान बने, परिवार बढ़े और जरूरत के अनुसार कई पुराने घरों में अतिरिक्त मंजिलें जुड़ती गईं लेकिन पुराने निर्माण की नींव और दीवारें नई मंजिलों का भार उठाने की स्थिति में हैं या नहीं इसका तकनीकी आकलन हर मकान के लिए हुआ है ऐसा कोई सार्वजनिक रिकॉर्ड सामने नहीं है।
डीडीए के दस्तावेजों में मानसरोवर पार्क के 672 एमआईजी मकानों की एक सीमा रेलवे लाइन से लगी बताई गई है। सरकारी वार्ड नक्शों में भी ज्वाला नगर, मुकुंद नगर, जनता कॉलोनी और झिलमिल के आसपास रेलवे लाइन से सटी आबादी दर्ज है।
ज्वाला नगर में बनी बिल्डिंग करीब 40 साल पुरानी है। इस बिल्डिंग की समय पर मरम्मत नहीं की गई। यह मकान रेलवे ट्रैक के पास है शुरुआत में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कंपन के कारण यह कमजोर हो गया है। - डीएम उत्तर पूर्वी दिल्ली, अजय कुमार
ट्रेनें गुजरती है तो होता है कंपन, लेकिन मकानों पर कितना असर कोई नहीं बताता
रेलवे लाइन के आसपास रहने वाले परिवारों के लिए ट्रेनों का गुजरना रोज की बात है। दिन हो या रात, ट्रेनों की आवाजाही के साथ शोर और कंपन महसूस होता है। सामान्य तौर पर ट्रेनों से पैदा होने वाला कंपन अपने आप किसी मकान को गिराने का कारण नहीं माना जा सकता लेकिन पहले से कमजोर नींव, पुरानी निर्माण सामग्री, दीवारों में दरार, नमी और अतिरिक्त मंजिलों वाली इमारतों के मामले में इसकी जांच जरूरी हो जाती है। ज्वाला नगर हादसे में भी कंपन को संभावित कारणों में शामिल किए जाने की बात सामने आई है। इसकी वास्तविक भूमिका तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
