Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   supreme-court-pharmaceutical-marketing-regulation-doctors-pharma-companies-patient-interest

डॉक्टर, मरीज और नैतिकता का सवाल: औषधि विपणन के लिए बनेंगे नए नियम?

Mon, 23 Nov 2026 06:23 AM IST
Vinay Jhelawat विनय झैलावत
Updated Mon, 23 Nov 2026 06:23 AM IST
विज्ञापन
सार
औषधि विपणन नियामक व्यवस्था में ऐसा संतुलन बनाए रखना आवश्यक होगा, जिससे चिकित्सा संबंधी निर्णयों में जनता का विश्वास बना रहे।
loader
supreme-court-pharmaceutical-marketing-regulation-doctors-pharma-companies-patient-interest
औषधि विपणन के लिए बनेंगे नए नियम? - फोटो : अमर उजाला प्रिंट

विस्तार

औषधि विपणन स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से डॉक्टरों और स्वास्थ्य पेशेवरों को दवाओं, उनके उपयोग तथा उपचार के क्षेत्र में होने वाले विकास से संबंधित जानकारी प्राप्त होती है। मगर औषधि कंपनियों और चिकित्सकों के बीच संबंधों के लिए एक संतुलित नियामक ढांचे की आवश्यकता है, क्योंकि दवाओं के संबंध में लिए गए निर्णयों का सीधा प्रभाव अंततः मरीजों पर पड़ता है।


इसी संदर्भ में, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा केंद्र सरकार को औषधि विपणन से जुड़ी गतिविधियों के विनियमन की आवश्यकता की जांच के लिए एक समिति गठित करने का निर्देश एक महत्वपूर्ण प्रश्न को सामने लाता है। हालांकि, वर्तमान नियामक व्यवस्था में पहले से ही कुछ सुरक्षा उपाय मौजूद हैं। लेकिन प्रश्न यह है कि क्या मौजूदा नियामक व्यवस्था को पर्याप्त वैधानिक आधार और प्रभावी प्रवर्तन तंत्र प्राप्त है। यही प्रश्न प्रस्तावित समिति के गठन का आधार है। सर्वोच्च न्यायालय ने ऐसी समिति गठित करने का निर्देश दिया है, जो विभिन्न हितधारकों के सुझावों और अभ्यावेदनों पर विचार करे तथा यह सिफारिश करे कि क्या वैधानिक विनियम आवश्यक हैं और यदि हां, तो उनका स्वरूप क्या होना चाहिए। मामले की अगली सुनवाई 29 जनवरी, 2027 को होगी। न्यायालय के इस निर्देश को पूरे औषधि उद्योग के किसी अनुचित आचरण में संलिप्त होने के निष्कर्ष के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह इस आवश्यकता को दर्शाता है कि क्या वर्तमान नियामक व्यवस्था उन गतिविधियों से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से सक्षम है, जो औषधि विपणन के निर्धारित नैतिक ढांचे से बाहर जा सकती हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने इससे पहले 2022 के ‘एपेक्स लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड बनाम डिप्टी कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स’ मामले में इस चिंता पर विचार किया था। न्यायालय ने डॉक्टर और मरीज के संबंध को अर्ध-न्यासी प्रकृति का माना और इस संभावना पर विचार किया कि औषधि प्रचार से जुड़े लाभ दवाओं के लिखे जाने संबंधी निर्णयों को प्रभावित कर सकते हैं। न्यायालय की टिप्पणियां इस बात को रेखांकित करती हैं कि औषधि उद्योग और चिकित्सा पेशेवरों के बीच होने वाले संपर्कों के लिए उचित नैतिक सुरक्षा उपाय आवश्यक हैं।


यह मामला आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 37(1) के तहत औषधि कंपनी द्वारा चिकित्सा पेशेवरों को दिए गए विभिन्न लाभों पर किए गए व्यय की कटौती की अनुमति से संबंधित था, जिसमें आतिथ्य, सम्मेलन शुल्क, सोने के सिक्के, टेलीविजन, रेफ्रिजरेटर और लैपटॉप शामिल थे। न्यायालय ने माना कि लागू चिकित्सा पेशेवर आचरण नियमों के तहत प्रतिबंधित लाभों से संबंधित ऐसे व्यय का कटौती के रूप में दावा नहीं किया जा सकता। न्यायालय ने यह भी स्वीकार किया कि औषधि कंपनियों द्वारा दिए गए लाभ दवाएं लिखने के निर्णयों को प्रभावित कर सकते हैं। यह निर्णय वर्तमान नियामक चर्चा के संदर्भ में इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह चिकित्सा संबंधी निर्णयों की स्वतंत्रता बनाए रखने और डॉक्टर-मरीज के संबंध को प्रभावित करने से रोकने के महत्व को रेखांकित करता है। एक महत्वपूर्ण प्रश्न यह भी है कि क्या चिकित्सा पेशेवरों और औषधि कंपनियों पर लागू दायित्वों के बीच पर्याप्त नियामक संतुलन मौजूद है। वर्तमान व्यवस्था में कुछ प्रतिबंधित लाभ स्वीकार करने वाले डॉक्टरों के लिए अनुशासनात्मक परिणामों का प्रावधान है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि औषधि कंपनियों के आचरण को नियंत्रित करने के लिए भी इसी प्रकार की वैधानिक व्यवस्था आवश्यक है। अंततः यह नियामक व्यवस्था की संरचना से जुड़ा प्रश्न है। इसी कारण समिति के माध्यम से इस विषय की जांच उपयोगी है।

भविष्य में बनाई जाने वाली किसी भी नियामक व्यवस्था में संतुलन बनाए रखना आवश्यक होगा। इसलिए उद्देश्य केवल अधिक प्रतिबंध लगाना नहीं होना चाहिए। उद्देश्य ऐसे स्पष्ट, प्रभावी और अनुपातिक मानक तैयार करना होना चाहिए, जो वैध औषधि गतिविधियों और उन गतिविधियों के बीच अंतर स्पष्ट करें, जो चिकित्सा संबंधी निर्णयों में जनता के विश्वास को प्रभावित कर सकती हैं। इस संदर्भ में हितधारकों की भागीदारी के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय का निर्देश महत्वपूर्ण है।  -लेखक पूर्व असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed