Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   nepal-pm-balendra-shah-india-visit-india-nepal-relations-china-influence

रिश्तों का नया अध्याय: नेपाल के पीएम की भारत यात्रा से मजबूत होंगे रिश्ते, चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच अहम मौका

Mon, 23 Nov 2026 05:14 AM IST
अमर उजाला Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 23 Nov 2026 05:14 AM IST
विज्ञापन
सार
नेपाल में राजनीतिक बदलाव के बाद सत्ता में आए नई पीढ़ी के नेतृत्व और भारत के बीच यह पहली उच्च स्तरीय बातचीत है। इससे यह तय होगा कि दोनों देश भविष्य में अपने रिश्तों को किस तरह से आगे बढ़ाना चाहते हैं।
loader
nepal-pm-balendra-shah-india-visit-india-nepal-relations-china-influence
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह - फोटो : अमर उजाला प्रिंट

विस्तार

नेपाल में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा का महत्व केवल इस दौरान होने वाले समझौतों व घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बदलते क्षेत्रीय और वैश्विक परिदृश्य में द्विपक्षीय रिश्तों को नई दिशा देने का अवसर भी हो सकता है। भारत और नेपाल के संबंधों की विशिष्टता यह है कि ये सिर्फ दो संप्रभु देशों के बीच राजनयिक संबंधों पर आधारित नहीं हैं। करीब 1,750 किलोमीटर लंबी खुली सीमा, दोनों ओर बसे परिवार, साझा धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और गहरे आर्थिक सरोकार इन संबंधों को विशिष्ट बनाते हैं। नेपाल में लंबे समय तक सत्ता में प्रभावशाली रही कम्युनिस्ट पार्टियों और नेपाली कांग्रेस के बीच भारत को लेकर अलग-अलग दृष्टिकोण रहे, लेकिन रिश्तों की मूल भावना समय के साथ भी कमोबेश कायम रही है। स्वतंत्रता के बाद से दोनों देशों के संबंधों का भू-राजनीतिक परिदृश्य आज काफी बदल चुका है। आज चीन के साथ नेपाल के आर्थिक व रणनीतिक रिश्ते पहले की तुलना में काफी मजबूत हुए हैं। इसके बावजूद, भारत के साथ उसके आर्थिक जुड़ाव और सांस्कृतिक रिश्तों का महत्व कम नहीं हुआ है। उल्लेखनीय है कि अपने पूर्ववर्ती केपी शर्मा ओली के उलट बालेंद्र शाह ने अपनी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए चीन की जगह भारत को चुना है। इसे नेपाल के नए नेतृत्व की ओर से द्विपक्षीय संबंधों को महत्व देने के संकेत के रूप में देखा जा सकता है। हालांकि नेपाल की भारत पर आर्थिक निर्भरता, व्यापार असंतुलन, सीमा संबंधी विवाद और चीन के साथ उसका बढ़ता संपर्क इत्यादि कुछ ऐसे मुद्दे हैं, जिनका असर द्विपक्षीय संबंधों पर पड़ता रहा है। ऐसे में जरूरी है कि दोनों देश आपसी विश्वास और संवाद के जरिये इन मुद्दों के समाधान तलाशें। बालेंद्र शाह की इस यात्रा के एजेंडे में आर्थिक सहयोग और संपर्क सुविधाओं का विस्तार प्रमुख है। इसके अलावा, नेपाल जलविद्युत उत्पादन की अपार क्षमता रखता है, जबकि भारत को अपनी बढ़ती ऊर्जा जरूरतों के लिए स्वच्छ व भरोसेमंद ऊर्जा स्रोतों की आवश्यकता है। ऐसे में ऊर्जा सहयोग दोनों देशों के लिए परस्पर लाभकारी है। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद पुनर्निमाण के चरण में भारत उसके लिए महत्वपूर्ण सहयोगी साबित हो सकता है। अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा की पहल केवल दो धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली सुविधा नहीं, बल्कि दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत और जनसंपर्क को मजबूत करने का माध्यम बन सकती है। भारत ने हमेशा नेपाल के साथ अपने संबंधों को विशेष महत्व दिया है। क्षेत्र में चीन की बढ़ती सक्रियता के बीच भारत के लिए यह और जरूरी हो जाता है कि वह नेपाल की आकांक्षाओं को समझते हुए अपनी भूमिका को और व्यापक बनाए। बालेंद्र शाह की यात्रा इस दिशा में एक अहम अवसर साबित हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed