वेमो रोबोटैक्सी की बढ़ी मुश्किलें: निर्माण स्थल से स्कूल बस तक, 3,000 कारों की जांच; कंपनी ने दाखिल किए रिकॉल
- वेमो ने दो सेफ्टी रिकॉल दाखिल किए।
- बंद फ्रीवे लेन में घुस रही थीं कारें।
- मैन्युअल ट्रैफिक निर्देशों में सुधार होगा।
- तीन हजार सेल्फ-ड्राइविंग कारों की जांच।
- बच्चे को टक्कर मारने की अलग जांच होगी।
विस्तार
अमेरिका में वेमो की सेल्फ-ड्राइविंग टैक्सी यानी रोबोटैक्सी की सुरक्षा को लेकर सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अभी हाल ही में कैलिफोर्निया में निर्माण कार्य वाले इलाकों में इन कारों के घुसने की घटनाओं के बाद प्रतिबंध लगाया गया है। अब कंपनी ने अपने ऑटोमेटेड ड्राइविंग सिस्टम में सुधार के लिए नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) के पास दो सेफ्टी रिकॉल दाखिल किए हैं। इनमें बंद फ्रीवे लेन और चौराहों पर पुलिस या आपातकालीन कर्मचारियों के निर्देशों को बेहतर तरीके से समझने से जुड़े सुधार शामिल हैं। इसके अलावा, स्कूल बसों के पास से गुजरने और एक बच्चे को टक्कर लगने की घटनाओं को लेकर भी अलग-अलग जांच चल रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
- अमेरिका में वेमो की सेल्फ-ड्राइविंग टैक्सी यानी रोबोटैक्सी की सुरक्षा को लेकर मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अल्फाबेट की कंपनी वेमो ने अब करीब 4,500 सेल्फ-ड्राइविंग वाहनों के नए रिकॉल की जानकारी दी है।
- कंपनी के अनुसार, एक अक्तूबर से उसकी रोबोटैक्सी के बंद फ्रीवे लेन में घुसने की 11 घटनाएं सामने आई हैं। इनमें से तीन घटनाएं नौ नवंबर को एक ही दिन हुईं। खास बात यह है कि इनमें से तीनों वाहन निर्माण कार्य के लिए कोन लगाकर बंद की गई फ्रीवे लेन में घुस गए थे। यह घटना कंपनी की ओर से ऑपरेटिंग दायरे में बदलाव किए जाने के महज तीन दिन बाद हुई।
करीब 4,500 वाहनों का नया रिकॉल
रॉयटर्स के अनुसार, अल्फाबेट की कंपनी वेमो ने मंगलवार को बताया कि अमेरिका में उसके लगभग 4,500 सेल्फ-ड्राइविंग वाहनों के नए रिकॉल की वजह बंद फ्रीवे लेन में घुसने की घटनाएं हैं। एक अक्तूबर से अब तक ऐसी 11 घटनाएं सामने आई हैं।
एक ही दिन में हुई तीन घटनाएं
वेमो ने NHTSA को दी गई जानकारी में बताया कि नौ नवंबर को उसके तीन वाहन निर्माण कार्य के लिए कोन लगाकर बंद की गई फ्रीवे लेन में घुस गए थे। हैरानी की बात यह है कि यह घटना कंपनी की ओर से बंद फ्रीवे लेन में वाहनों के जाने की आशंका कम करने के लिए ऑपरेशन के स्वीकृत दायरे में बदलाव किए जाने के सिर्फ तीन दिन बाद हुई।
कंपनी ने फ्रीवे पर संचालन रोका
कैलिफोर्निया में नियामक की ओर से फ्रीवे पर वेमो के वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद कंपनी ने पिछले सप्ताह अमेरिका के फ्रीवे पर अपनी रोबोटैक्सी का संचालन रोक दिया था।
अब तक कोई टक्कर या चोट नहीं
वहीं, कंपनी का कहना है कि बंद फ्रीवे लेन में घुसने की इन घटनाओं में किसी तरह की टक्कर नहीं हुई और न ही किसी के घायल होने की सूचना है। कंपनी अभी भी इस समस्या को ठीक करने के लिए रिकॉल के उपाय पर काम कर रही है।
कैलिफोर्निया में प्रतिबंध की वजह निर्माण स्थल
कैलिफोर्निया डिपार्टमेंट ऑफ मोटर व्हीकल्स के मुताबिक, राज्य में इसी महीने लागू हुआ प्रतिबंध उन घटनाओं के बाद लगाया गया, जिनमें वेमो की रोबोटैक्सी सक्रिय निर्माण क्षेत्रों में घुस गई थीं।
स्कूल बस के पास से गुजरने पर 3,000 कारों की जांच
वेमो की मुश्किलें सिर्फ निर्माण स्थलों और बंद फ्रीवे लेन तक सीमित नहीं हैं। पिछले हफ्ते NHTSA ने कंपनी की रोबोटैक्सी को लेकर एक रिकॉल जांच शुरू करने की जानकारी दी थी। यह जांच उन कई घटनाओं के बाद शुरू हुई, जिनमें वेमो की सेल्फ-ड्राइविंग कारें रुकी हुई स्कूल बसों के पास से गुजर गई थीं।
इस जांच में कंपनी की करीब 3,000 सेल्फ-ड्राइविंग कारों को शामिल किया जाएगा। जांच में यह पता लगाना चाहते हैं कि क्या पिछले साल के आखिर में वेमो की ओर से जारी किया गया सॉफ्टवेयर अपडेट इन कारों को लाल बत्ती जलाकर रुकी हुई स्कूल बसों के पास से गुजरने से रोकने में नाकाम रहा।
इस मामले में एक अहम बात यह भी है कि ज्यादातर उल्लंघन उन घटनाओं में हुए, जब कंपनी पहले ही समस्या को ठीक करने वाला सॉफ्टवेयर अपडेट लागू करने की बात कह चुकी थी। ऐसे में जांच का एक प्रमुख हिस्सा यह पता लगाना है कि अपडेट के बावजूद ये घटनाएं कैसे होती रहीं।
बच्चे को टक्कर मारने के मामले में भी अलग-अलग जांच
वहीं,वेमो की रोबोटैक्सी से जुड़ा एक और गंभीर मामला जनवरी में सामने आया था। कैलिफोर्निया के सांता मोनिका में एक प्राइमरी स्कूल के पास कंपनी की एक सेल्फ-ड्राइविंग कार ने एक बच्चे को टक्कर मार दी थी।
इस घटना को लेकर नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने अलग-अलग जांच शुरू की है।
इस तरह वेमो की ड्राइवरलेस कारें फिलहाल कई सुरक्षा जांचों के दायरे में हैं। बंद फ्रीवे लेन, निर्माण स्थलों, स्कूल बसों और पुलिस के निर्देशों से जुड़े मामले कंपनी की ऑटोमेटेड ड्राइविंग तकनीक के सामने आने वाली चुनौतियों को दिखाते हैं। अब जांच के नतीजों से पता चलेगा कि इन समस्याओं को सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए कितनी प्रभावी तरीके से दूर किया जा सकता है।
