अभ्यास सूर्य किरण: भारत और नेपाल का संयुक्त सैन्यअभ्यास, सेना के जवान 8 दिसंबर तक सीखेंगे युद्ध और बचाव के गुर
भारत और नेपाल के बीच 20वां संयुक्त सैन्य अभ्यास 'सूर्य किरण' नेपाल के रुपन्देही जिले में शुरू हो गया है। 8 दिसंबर तक चलने वाले इस अभ्यास में भारतीय सेना की 12 कुमाऊं रेजिमेंट और नेपाली सेना की ज्वाला दल बटालियन हिस्सा ले रही हैं। दोनों देशों के जवान आपदा प्रबंधन, जंगलों में युद्ध और मानवीय सहायता से जुड़ी ट्रेनिंग लेंगे। इसका मकसद दोनों सेनाओं के बीच तालमेल और सैन्य सहयोग को मजबूत करना है।
विस्तार
भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच बुधवार से संयुक्त सैन्य अभ्यास 'सूर्य किरण' शुरू हो गया है। नेपाल के रुपन्देही जिले के सालझंडी स्थित नेपाल आर्मी बैटल स्कूल में हो रहे इस अभ्यास में दोनों देशों के जवान आपदा से निपटने, जंगलों में युद्ध लड़ने और जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने की ट्रेनिंग लेंगे। इस बार यह अभ्यास 8 दिसंबर तक चलेगा।
20वीं बार हो रहा है संयुक्त सैन्य अभ्यास
नेपाल सेना की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 'अभ्यास सूर्य किरण' का यह 20वां संस्करण है। इसमें दोनों देशों की सेनाओं के बटालियन स्तर के जवान हिस्सा ले रहे हैं। इस अभ्यास का मकसद एक-दूसरे की सैन्य कार्यप्रणाली को समझना और मुश्किल हालात में मिलकर काम करने की क्षमता बढ़ाना है।
भारत की 12 कुमाऊं और नेपाल की ज्वाला दल बटालियन ले रही हिस्सा
इस बार भारतीय सेना की 12 कुमाऊं रेजिमेंट और नेपाली सेना की ज्वाला दल बटालियन के जवान संयुक्त ट्रेनिंग में शामिल हुए हैं। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिक अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही थ्योरी और मैदानी अभ्यास के जरिए अलग-अलग परिस्थितियों से निपटने के तरीके सीखेंगे।
आपदा प्रबंधन और जंगलों में युद्ध की मिलेगी ट्रेनिंग
इस सैन्य अभ्यास में तीन अहम क्षेत्रों पर खास ध्यान दिया जाएगा। इनमें आपदा प्रबंधन, जंगलों में युद्ध और मानवीय सहायता शामिल हैं। प्राकृतिक आपदा या किसी आपात स्थिति में राहत और बचाव अभियान चलाने से लेकर जंगलों में सैन्य ऑपरेशन करने तक की ट्रेनिंग दी जाएगी।
पिछले साल उत्तराखंड में हुआ था अभ्यास
भारत और नेपाल के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास का 19वां संस्करण पिछले साल उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आयोजित किया गया था। हर साल होने वाले इस अभ्यास की मेजबानी दोनों देश बारी-बारी से करते हैं। इस बार नेपाल इसकी मेजबानी कर रहा है।
दोनों देशों के सैनिकों के बीच बढ़ेगा तालमेल
नेपाल सेना का मानना है कि इस तरह के संयुक्त अभ्यास से भारत और नेपाल के बीच पुराने सैन्य रिश्ते और मजबूत होंगे। साथ ही दोनों देशों के जवानों को एक-दूसरे के काम करने के तरीके समझने का मौका मिलेगा। इससे उनकी पेशेवर क्षमता बढ़ेगी और जरूरत पड़ने पर साझा अभियान चलाना भी आसान होगा।
ये भी पढ़ें: कोलंबिया: सुपरमार्केट से 16 घंटे बाद सुरक्षित निकाले गए 20 लोग, एक हथियारबंद हमलावर मारा गया, चार गिरफ्तार
2010 से हर साल हो रहा है आयोजन
'सूर्य किरण' भारत और नेपाल के बीच होने वाला नियमित सैन्य अभ्यास है। इसकी शुरुआत 2010 में हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना, सैन्य अनुभव साझा करना और एक साथ काम करने की क्षमता विकसित करना है। हर साल बारी-बारी से भारत और नेपाल इस अभ्यास का आयोजन करते हैं।
