हल्द्वानी: गंदगी ने दी गैरहाजिरी की गवाही, औचक निरीक्षण में अनुपस्थित मिले तीन पर्यावरण मित्र; वेतन रुकेगा
हल्द्वानी नगर निगम के औचक निरीक्षण में वार्ड-28 (बनभूलपुरा) में दो और वार्ड-31 (इंदिरानगर) में एक पर्यावरण मित्र ड्यूटी से गायब मिले। वार्ड-31 की गंदगी से अटी नालियों ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी।
विस्तार
हल्द्वानी शहर के वार्डों में पसरी गंदगी अब सफाईकर्मियों की गैरहाजिरी की गवाही देने लगी है। नगर निगम के वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी के औचक निरीक्षण में सफाई व्यवस्था की ऐसी ही तस्वीर सामने आई। बनभूलपुरा के वार्ड-28 में दो और इंदिरानगर के वार्ड-31 में एक पर्यावरण मित्र ड्यूटी से नदारद मिला। वहीं वार्ड-31 में गंदगी से अटी नालियों ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। अधिकारी ने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने की संस्तुति की है।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम के कई वार्डों में सफाईकर्मियों के न पहुंचने की शिकायत निगम प्रबंधन को मिल रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगम के वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सीएस टोलिया ने बनभूलपुरा में वार्ड-28 का औचक निरीक्षण किया। इस वार्ड में उन्हें दो पर्यावरण मित्र ड्यूटी से नदारद मिले। इसके बाद डाॅ.. टोलिया अपनी टीम के साथ वार्ड-31 इंदिरानगर क्षेत्र में पहुंचे तो वहां नालियां साफ नहीं मिली। इस पर उन्होंने सुपरवाइजर को कड़ी फटकार लगाई। पर्यावरण मित्रों के बारे में पूछताछ की गई तो पता चला कि इस वार्ड में भी एक पर्यावरण मित्र ड्यूटी पर पहुंचा ही नहीं है। डॉ.टोलिया ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने की संस्तुति की गई है।
60 वार्डों में हैं कुल 1125 पर्यावरण मित्र
नगर निगम क्षेत्र में कुल 60 वार्ड हैं। इन वार्डों में सफाई का जिम्मा 1125 पर्यावरण मित्रों को सौंपा गया है। इनमें लगभग 300 पर्यावरण मित्र स्थायी हैं जबकि अन्य मोहल्ला स्वच्छता समिति, संविदा और आउट सोर्स पर कार्यरत हैं। निगम के अधिकारियों के मुताबिक इन वार्डों में कहीं दो-तीन तो कहीं सात से आठ पर्यावरण मित्र तैनात किए गए हैं।
अधिकतर वार्डों में बायोमीट्रिक मशीन खराब
नगर निगम प्रबंधन को पर्यावरण मित्रों के वार्डों में न पहुंचने और वार्डों में सफाई न होने के संबंध में समय-समय पर शिकायतें मिलती रहती हैं। कुछ शिकायतें आम जनता की ओर से आती हैं तो कई बार संबंधित पार्षद ही ऐसी शिकायतें करते हैं। पर्यावरण मित्रों की उपस्थिति जांचने के लिए सालभर पहले निगम ने अधिकतर वार्डों में पार्षदों के घर या दफ्तर में सफाईकर्मियों की हाजिरी लगाने के लिए बायोमीट्रिक मशीनें लगाईं। इन मशीनों का उपयोग ही नहीं हो सका और अधिकांश मशीनें खराब हो गई। बाजार वार्ड के पार्षद प्रेम बेलवाल कई बार बायोमीट्रिक मशीन खराब होने की शिकायत कर चुके हैं लेकिन मशीन आज तक ठीक नहीं हुई है।
जानबूझकर किया गया मशीनों को खराब
लगभग दो माह पहले नगर निगम ने 50 वार्डों में बायोमीट्रिक मशीनें लगाई थी। तब कहा गया था कि बायोमीट्रिक मशीन की उपस्थिति मिलने के बाद ही पर्यावरण मित्रों का वेतन आहरित किया जाएगा। लेकिन इसमें से अधिकांश मशीनें धीरे-धीरे खराब हो गई। नगर निगम इस बात की भी जांच कर रहा है कि मशीनें कैसे खराब हुई हैं। सूत्र बताते हैं कि प्रारंभिक जांच के दौरान निगम को कुछ वार्डों में लगी मशीनों के भीतर पानी भी मिला था। माना जा रहा है कि ऐसे में मशीनों को जानबूझकर खराब किया गया होगा।
निगम के दस वार्डों में बायोमीट्रिक मशीनें खराब होने की सूचना मिली है। मशीनें कैसे खराब हुई हैं इसकी जांच कराई जा रही है। पिछले माह त्योहार होने के कारण पर्यावरण मित्रों को पुराने तरीके से ही वेतन बांटा गया था। भविष्य में मशीनों को ठीक कराकर पर्यावरण मित्रों की उपस्थिति लगवाई जाएगी। उसके बाद ही उनका वेतन आहरित होगा। - डाॅ. सीएस टोलिया वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम हल्द्वानी।
डीएम के पास पहुंची दुकान आवंटन में अनियमितता की शिकायत
नगर निगम के पार्षदों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर दुकान आवंटन में अनियमितता होने का मामला उठाया है। आरोप है कि जेल रोड चौराहे के पास एक दुकान के प्रथम तल का आवंटन गलत तरीके से किया गया है। आवंटन की निविदा को सार्वजनिक नहीं किया गया, केवल तीन लोगों की निविदा ही इसमें शामिल की गई। इससे निगम को भी आर्थिक नुकसान हुआ है। पार्षदों ने डीएम से मामले की जांच की मांग की है। शिकायती पत्र में पार्षद निर्मला तिवारी, हरगोविंद सिंह रावत, चंदन सिंह मेहता, ज्योति पांडे, हेमा भट्ट, तनुजा जोशी, पंकज त्रिपाठी, शैलेंद्र सिंह दानू आदि के हस्ताक्षर हैं।
आज तक हल नहीं हुई जलभराव की समस्या
वार्ड-नौ तल्ली बमौरी के महेशनगर, आनंदपुरी में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर आयुक्त आशिमा गोयल को ज्ञापन सौंपा गया है। पार्षद राजेंद्र सिंह जीना ने बुधवार को ज्ञापन देकर कहा है इन दोनों क्षेत्रों में हर साल बरसात के समय खासा जलभराव होता है। पूर्व में इस समस्या के समाधान के लिए आसपास की सिंचाई गूलों को तीन फिट गहरा किए जाने की योजना बनी थी लेकिन उस पर अमल नहीं हो पाया है।
