Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   international men's day: Men burdened with responsibilities

जिम्मेदारियों के बोझ तले दब रहे पुरुष: नौकरी और परिवार की उलझनों से बिगड़ रही मानसिक सेहत, सुकून भी प्रभावित

Thu, 19 Nov 2026 11:11 AM IST
Heera अमित उप्रेती
अमित उप्रेती Published by: Heera Updated Thu, 19 Nov 2026 11:11 AM IST
सार

पुरुष परिवार और जिम्मेदारियों का बोझ उठाते हुए अपने दर्द को चुपचाप सहते हैं। मजबूत दिखने की कोशिश में उनका मानसिक सुकून छूट रहा है, और नौकरी, रिश्तों, अकेलेपन व असफलता के डर से वे भीतर से थक रहे हैं। 

विज्ञापन
international men's day: Men burdened with responsibilities
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : AI

विस्तार

 

विज्ञापन

परिवार की खुशियों, अपनों की उम्मीदों और भविष्य की चिंताओं का बोझ अपने कंधों पर उठाए पुरुष अक्सर अपनी तकलीफों को खामोशी में समेट लेते हैं। मजबूत दिखने और हर जिम्मेदारी निभाने की जद्दोजहद में उनका मानसिक सुकून कहीं पीछे छूटता जा रहा है। नौकरी का दबाव, रिश्तों की उलझन, अकेलापन और असफलता का डर उनके मन को भीतर ही भीतर थका रहा है। हालात यह हैं कि दर्द को बयां करने के बजाय वे उसे छिपाना बेहतर समझते हैं। यही खामोशी अब तनाव, अवसाद, घबराहट और नींद की समस्याओं के रूप में सामने आ रही है।

हर आयुवर्ग की समस्याएं अलग-अलग
एसटीएच की मनोचिकित्सक डॉ. तनुश्री गौड़ के अनुसार, 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के पुरुषों में परीक्षा की तैयारी, नौकरी से जुड़ी परेशानियों और रात की शिफ्ट में काम करने के कारण मानसिक तनाव देखा जा रहा है। इमरजेंसी सेवाओं में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों, प्रशासनिक कर्मचारियों और जवानों में भी इस तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। इस आयु वर्ग के औसतन दो मरीज प्रतिदिन उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। 25 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे कर्मचारियों में अवसाद, एंजायटी, घबराहट और नींद से जुड़ी समस्याएं अधिक देखी जा रही हैं जो नौकरी के कारण परिवार से दूर रहते हैं। 20 से 30 वर्ष के युवाओं में रिश्तों में तनाव, ब्रेकअप और काम में असफलता के बाद पैनिक अटैक की शिकायतें सामने आ रही हैं।

विज्ञापन

चेहरे पर सामान्य होने का मुखौटा, भीतर जज्बातों का तूफान
एसटीएच के वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ. युवराज के अनुसार, पुरुषों में मानसिक परेशानी हमेशा उदासी के रूप में ही सामने नहीं आती। कई बार इसका असर गुस्से, चिड़चिड़ेपन, लगातार थकान, शरीर में दर्द, भूख और नींद में बदलाव के रूप में दिखाई देता है। सामाजिक अपेक्षाओं के चलते पुरुष अक्सर खुद को मजबूत दिखाने और अपनी परेशानियों को छिपाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में बाहर से सामान्य नजर आने वाले व्यक्ति के भीतर अपराधबोध, खालीपन और मानसिक थकान बढ़ती रहती है। उनके पास हर सप्ताह करीब तीन से चार पुरुष काउंसिलिंग के लिए पहुंचते हैं। इनमें कॅरिअर की चिंता, परिवार की जिम्मेदारियां, कार्यक्षेत्र का तनाव और वैवाहिक जीवन की समस्याएं प्रमुख हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

आत्महत्या करने वालों में पुरुषों की संख्या अधिक
मनोवैज्ञानिक डॉ. इशिका वर्मा और डॉ. तूलिका रस्तोगी के अनुसार राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की वर्ष 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, देश में कुल 1,70,746 आत्महत्याएं दर्ज की गईं। इनमें 1,25,449 पुरुष थे जो कुल मामलों का करीब 73.5 प्रतिशत है। 30 से 44 वर्ष आयु वर्ग में 43,351 और 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग में 38,231 पुरुषों की आत्महत्या दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि पुरुषों को मानसिक परेशानियां साझा करने के लिए सहज वातावरण मिलना और समय पर सहायता लेना जरूरी है।

केस स्टडी

पैनिक डिसऑर्डर : एक 19 वर्षीय युवक का रिश्ता टूटने के बाद मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होने लगा। उसे रात में नींद नहीं आती और बार-बार पैनिक अटैक पड़ते हैं। अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं कर पाने के कारण उसकी मानसिक स्थिति और मुश्किल होती गई।

डिप्रेशन : पत्नी के निधन के बाद 65 वर्षीय व्यक्ति अकेले रहने लगे। धीरे-धीरे उनकी दिनचर्या प्रभावित होने लगी। किसी भी काम में मन नहीं लगता और जीवन निरर्थक लगने लगा। अकेलेपन और जीवनसाथी के बिछड़ने का गहरा असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ा।

साइकोसिस : लंबे समय से नौकरी के दबाव और निराशा से जूझ रहे 40 वर्षीय व्यक्ति के व्यवहार में बदलाव आने लगा। स्थिति ऐसी हुई कि उन्हें ऐसी आवाजें सुनाई देने और चीजें दिखाई देने लगीं जिन्हें दूसरे लोग अनुभव नहीं कर पा रहे थे।

एंजायटी : पर्वतीय गांव में अपने मित्र का शव दुर्गम रास्तों से सड़क तक लाने की घटना 25 वर्षीय युवक के मन पर गहरा असर छोड़ गई। इस घटना के बाद से उसे लगातार घबराहट और बेचैनी रहने लगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed