छात्र की मौत से पसरा मातम: घर में गूंज रहे थे अखंड रामायण के पाठ, मां की गोद सुनी कर गया 13 साल का लाल
वाराणसी जिले के बरेका में दर्दनाक हादसा हुआ। अनियंत्रित स्कूटी सवार छात्र की लोहे की रेलिंग पर गिरकर मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
विस्तार
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में मंगलवार की सुबह स्कूटी सवार आंजनेय त्रिपाठी (13) की लोहे की रेलिंग पर गिरकर मौत हो गई। अनियंत्रित स्कूटी डिवाइडर में टकराई और लोहे की रेलिंग पर छात्र जा गिरा। गर्दन टूटने की वजह से छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर, नेवादा स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी निवासी अभिषेक त्रिपाठी का बेटा आंजनेय त्रिपाठी अपने चचेरे भाई के साथ सुबह 4 बजे स्कूटी लेकर घर से निकला। बरेका मुख्य गेट से लगभग 300 मीटर अंदर सेंट जांस स्कूल के पास पहुंचा था कि अचानक स्कूटी अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गया।
तेज गति होने के कारण स्कूटी सड़क पर गिरी और आंजनेय सड़क किनारे लोहे की रेलिंग पर गिरा। राहगीरों और आरपीएफ के जवानों ने देखा तो तुरंत मंडुवाडीह पुलिस को सूचना दी। बरेका चौकी पुलिस ने छात्र को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। इस दौरान परिजनों को सूचना दी। लगभग साढ़े चार बजे सुबह घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हाल में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने आंजनेय को मृत घोषित कर दिया। पिता अभिषेक त्रिपाठी बेटे का देखते ही बेसुध हो गए।
मां समेत अन्य परिजनों को भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। मंडुवाडीह थाना प्रभारी प्रशांत पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और छात्र को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां परिजनों को भी घटना की तुरंत सूचना दी गई।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी का मौसम: देव दीपावली पर जहरीली हुई बनारस की हवा, बीएचयू और मलदहिया में सबसे खराब हाल
स्कूटी से आंजनेय को दूर रखते थे परिजन, अखंड रामायण का बैठा था पाठ
13 साल के आंजनेय को स्कूटी चलाने का बहुत शौक था। जब भी उसे स्कूटी की चाबी मिलती थी तो वह कॉलोनी में घूमने निकल पड़ता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर में अखंड रामायण का पाठ चल रहा था। इस बीच तड़के स्कूटी लेकर आंजनेय अपने चचेरे भाई के संग निकल पड़ा। परिवार में किसी को भी भनक नहीं लगी कि वह स्कूटी लेकर घर से निकला है। आंजनेय को लगा होगा कि बरेका में सुबह के समय रास्ता खाली रहता है और वह आराम से बेधड़क होकर स्कूटी चलाएगा। किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मुख्य द्वार से अंदर 300 मीटर बढ़ा था कि स्कूटी अनियंत्रित हुई और वह लोहे की रेलिंग पर जा गिरा।
एक साल में 60 नाबालिग चालकों का चालान, 15 लाख रुपये जुर्माना
कमिश्नरेट पुलिस ने नाबालिगों के वाहन चलाने पर सख्ती की है। नाबालिगों के वाहन चलाने पर अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पिछले एक साल में यातायात पुलिस ने 60 नाबालिग चालकों के खिलाफ कुल 15 लाख रुपये के चालान (प्रति वाहन 25000 रुपये) काटे गए थे और 8 वाहनों को सीज किया गया था। 5 जून 2026 को सिगरा थाना क्षेत्र (औरंगाबाद रोड) में 17 वर्षीय नाबालिग ने तेज रफ्तार थार ने तीन राहगीरों को कुचल दिया था। अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी थी। इस मामले में नाबालिग के पिता के खिलाफ सिगरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। नवंबर 2026 में भी सिगरा थाना पुलिस ने आकाशवाणी तिराहे पर मॉडिफाइड (डबल साइलेंसर) रेसर बाइक चला रहे नाबालिग को पकड़कर वाहन सीज किया और परिजनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की थी।
नाबालिग ड्राइविंग पर कानूनी प्रावधान
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि यदि 18 वर्ष से कम उम्र का कोई किशोर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो वाहन मालिक या अभिभावक के खिलाफ मोटर एक्ट में प्राथमिकी दर्ज किए जाने का प्रावधान है। अभिभावक या वाहन मालिक को 25000 रुपये तक का जुर्माना और 3 वर्ष तक की जेल हो सकती है। संबंधित वाहन का रजिस्ट्रेशन 12 महीने के लिए रद किया जा सकता है। पकड़े गए नाबालिग का 25 वर्ष की आयु पूरी होने तक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन सकता।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर आशाराम त्रिपाठी के प्रपौत्र आंजनेय त्रिपाठी की मौत पर बीएचयू में गहरा शोक है। बीएचयू के कंप्यूटर सेंटर में नेटवर्क इंजीनियर अभिषेक त्रिपाठी का पुत्र आंजनेय सेंट जॉन्स स्कूल, बीएलडब्ल्यू, कक्षा छह का छात्र था। प्रो. आशाराम त्रिपाठी विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण अधिष्ठाता, कॉमर्स विभाग अध्यक्ष और संकाय प्रमुख भी रह चुके हैं। इतनी कम उम्र में आंजनेय के असमय निधन से परिवार और विश्वविद्यालय समुदाय में शोक की लहर है। बीएचयू ने गहरा शोक जताया है।
