शाहजहांपुर: सिर कटी लाश के मामले में नया मोड़, पत्नी और भाई ने की मृतक की पहचान, फिर भी होगी डीएनए जांच
शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र में सिर कटी लाश की पहचान विनोद के तौर पर करने का दावा किया गया है। विनोद की पत्नी और भाई ने पहचान की है। हालांकि, पुलिस ने डीएनए जांच भी कराएगी। क्योंकि एक दिन पहले परिजनों ने पहचानने से इन्कार कर दिया था।
विस्तार
शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के गांव सिउड़ी में सूखे कुएं से बरामद सिर कटे शव की पहचान को लेकर नया मोड़ आ गया है। बुधवार को दिल्ली से पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची लापता विनोद की पत्नी पूजा और भाई नंदकिशोर ने जैकेट और पैरों के आधार पर शव की पहचान विनोद के रूप में की। हालांकि, पुलिस डीएनए जांच के बाद ही पहचान की पुष्टि करेगी।
मंगलवार दोपहर गांव के सतीश के खेत में बने 30 फुट गहरे सूखे कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। कुएं से सिर कटा शव और एक बैग बरामद हुआ था। बैग में कपड़ों के अलावा शीशा, कंघा, सिंदूर की डिब्बी, किताब, मोरपंख और विनोद पुत्र राजा शर्मा के नाम के आधार कार्ड की फोटोकॉपी मिली थी। परिजनों ने पहले फोटो देखकर पहचान करने से इनकार कर दिया था, लेकिन बुधवार को शव देखने के बाद भाई ने पिछले साल दी गई जैकेट और पत्नी ने पैरों के आधार पर उसे विनोद बताया।
गांव के कुछ लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
पत्नी पूजा ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि डेढ़ साल पहले होली के समय दबंगों ने विनोद के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए थे। एक मामले में जेल जाने के बाद जमानत पर छूटने पर उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। इसी डर से विनोद करीब एक साल से घर से लापता थे। पूजा ने आरोप लगाया कि छह-सात महीने पहले आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट भी की थी। इसके बाद वह अपने छह बच्चों के साथ दिल्ली चली गई थीं।
पूजा ने बताया कि आरोपियों ने धमकी दी थी कि एक साल नहीं बीतने देंगे और सिर कटवा देंगे। बच्चों ने बताया कि आरोपियों के डर से उनकी पढ़ाई छूट गई और दिल्ली में मजदूरी करनी पड़ रही है। परिजनों के मुताबिक, विनोद के हाथ पर नाम और कंधे पर डमरू का निशान गुदा था, लेकिन शव सड़ने के कारण ये निशान स्पष्ट नहीं हो सके। शव की उम्र को लेकर भी संशय है। पुलिस टीमों ने बुधवार को कटे सिर की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
खुलासे को तीन टीमें गठित
विनोद के खिलाफ वर्ष 2016, 2023 और 2025 में छेड़खानी, एससी-एसटी और पॉक्सो एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 के एक मुकदमे में आरोपपत्र दाखिल होने के बाद वह जेल भी जा चुका है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं पहचान छिपाने के लिए उसे विनोद का शव बताने की साजिश तो नहीं की गई। सीओ जलालाबाद दीपक कुमार सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।
