यूपी: बदायूं में सफाई कर्मचारी ने निकाल दिए 1.43 करोड़ के टेंडर, ऐसे हुआ खुलासा; जांच के आदेश
बदायूं जिले से अजब मामला सामने आया है। अलापुर नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी ने 1.43 करोड़ रुपये के टेंडर निकाल दिए। पूर्व चेयरपर्सन की शिकायत पर प्रशासक एवं एसडीएम दातागंज विनोद कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं।
विस्तार
बदायूं जिले में सक्षम आदेश और बोर्ड से प्रस्ताव स्वीकृत हुए बिना अलापुर नगर पंचायत की ओर से 1.43 करोड़ से अधिक का सामान खरीदने के लिए जेम पोर्टल पर तीन निविदाएं (टेंडर) निकाल दी गईं। हैरानी की बात यह है कि 1100 एलईडी लाइटें व पांच हजार मीटर विद्युत केबल खरीद प्रक्रिया के लिए यह काम सफाई कर्मचारी भानु प्रकाश पाल ने किया। पूर्व चेयरपर्सन हुमा बी के डीएम को पत्र लिखकर शिकायत किए जाने से यह मामला खुला। इसके बाद प्रशासक के तौर पर दातागंज के एसडीएम ने जांच बैठा दी है। जांच अधिकारी बनाए गए बदायूं नगर पालिका के ईओ को दो दिन में जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है।
22 नवंबर को डीएम को भेजे पत्र में हुमा बी ने कहा है कि नगर पंचायत अलापुर में 22 नवंबर को जेम पोर्टल के माध्यम से विद्युत सामग्री की खरीद के लिए तीन निविदाएं जारी की गई हैं। इनमें से दो निविदाएं कस्बे में कुल 11 सौ एलईडी लाइटें लगाने के लिए हैं। इन लाइटों की अनुमानित कीमत 11,27,526 बताई गई है। तीसरी निविदा 5000 मीटर केबल की है, जिसकी अनुमानित कीमत 30,90,125 रुपये दिखाई गई है। ये तीनों निविदाएं कुल 1,43,65851 रुपये की हैं।
वर्तमान में स्थायी ईओ तैनात नहीं
पत्र में कहा गया है कि यह खरीद प्रक्रिया उस समय संचालित की जा रही है, जब निर्वाचित अध्यक्ष को पद से हटाए जाने से संबंधित प्रकरण उच्च न्यायालय इलाहाबाद में विचाराधीन है। साथ ही त्रिवेंद्र कुमार के 16 अक्तूबर के तबादले के बाद वर्तमान में नगर पंचायत में कोई स्थायी ईओ तैनात नहीं है। प्रशासक के रूप में दातागंज के एसडीएम विनोद कुमार कार्य देख रहे हैं। वहीं ईओ का कार्यभार बदायूं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) विनय मणि त्रिपाठी के पास है। दोनों का ही नगर पंचायत कार्यालय में न के बराबर आना रहता है।
ऐसी प्रशासनिक परिस्थिति में नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी (मूलत: चतुर्थ श्रेणी कर्मी) भानु प्रकाश पाल का रिपोर्टिंग अधिकारी के तौर पर 1.43 करोड़ रुपये की खरीद प्रक्रिया संचालित करना अत्यंत गंभीर एवं असामान्य है। चौंकाने वाला पहलू यह है कि एक सफाई कर्मचारी बिना सक्षम प्राधिकारी के लिखित आदेश, अनुमोदन के सरकारी निविदाएं तैयार करने और खरीद में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
हुमा बी ने पत्र में कहा है कि कर्मचारी ने किसी निजी व्यक्ति या विशेष फर्म को लाभ पहुंचाने के लिए अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर यह कार्य किया है। इससे पहले भी इसी कर्मचारी ने 69,05,783 रुपये की सामग्री की आपूर्ति प्राप्त हुए बिना अभिलेखों में सामग्री प्राप्त होने का विवरण दर्ज कर दिया था।
जिला स्तर से शिकायत प्राप्त हुई है कि एक सफाई कर्मचारी ने सक्षम आदेश के बिना ऑनलाइन जेम के माध्यम से निविदा निकाली है। इसकी बदायूं नगर पालिका के ईओ से जांच कराई जा रही है। दो दिन के अंदर आख्या मांगी है। आख्या आने के बाद में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। - विनोद कुमार, प्रशासक नगर पंचायत अलापुर/एसडीएम दातागंज
