कार्तिक पूर्णिमा: बरेली के चौबारी मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रामगंगा नदी में लगाई आस्था की डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बरेली में रामगंगा नदी के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा। चौबारी मेले में भारी भीड़ रही। यहां तड़के से ही स्नान शुरू हो गया। मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान है।
विस्तार
बरेली में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को रामगंगा तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही श्रद्धालुओं के रामगंगा में स्नान करने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा। त्रिग्रही योग में पड़े कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर श्रद्धालुओं ने नदी में डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। स्नान के बाद दीप जलाकर आरती उतारी और रामगंगा तट पर प्रसाद चढ़ाया। श्रद्धालुओं ने पंडितों को दाल, चावल और मिठाई समेत अन्य वस्तुओं का दान भी किया। आस्था के इस पर्व पर श्रद्धालुओं को जहां पुण्य स्नान का अवसर मिला, वहीं मेले तक पहुंचने और वापस लौटने में जाम की परेशानी भी झेलनी पड़ी।
रामगंगा घाट पर सोमवार देर रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह शुभ मुहूर्त में बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान किया। कई परिवारों ने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। इस बार श्रद्धालुओं ने पुराने घाट पर ही स्नान किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जल पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
महिलाओं की सुविधा के लिए कपड़े बदलने के अलग इंतजाम किए गए थे। वहीं, मेला परिसर में बनाए गए तीन बेड के अस्थायी अस्पताल में श्रद्धालुओं को निशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। मेले में कई भक्तों ने घाटों पर गंदगी होने का नाराजगी भी जताई। दरअसल भक्तों ने घरों से लाई गई पूजन सामग्री नदी में ही प्रवाहित कर दी थी।
झूलों और दुकानों पर रही भीड़, जलेबी-चाट का लिया स्वाद
स्नान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया। बच्चों में झूलों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं ने शृंगार के सामान, सिल-बट्टे, लोहे के सामान और बक्सों की खरीदारी की। घरेलू जरूरतों से लेकर खिलौनों और सजावटी सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। वहीं, गरमा-गरम जलेबी की मिठास और चाट-पकौड़ी का स्वाद लेने के लिए लोग दुकानों पर जुटे रहे। पूरे दिन रामगंगा तट पर धार्मिक आस्था के साथ मेले की रौनक भी बनी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते आसपास के रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
हाइवे पर रहा लंबा जाम, रेंगते रहे वाहन
रामगंगा मेले के दौरान हाइवे पर लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान वहां आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रामगंगा घाट से शुरू हुआ जाम चौबारी मेले तक लगा रहा। पुलिस की टीम दिनभर जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करती रही, लेकिन जाम की स्थिति पूरे दिन बनी रही। यातायात विभाग की ओर से किया गया डाइवर्जन भी काम नहीं आया और वाहन रेंगते रहे।
मीरगंज तहसील क्षेत्र के गांव गोरा लोकनाथपुर और कैलाश गिरि घाट पर भी आस्था का जनसैलाब उमड़ा। सुबह से ही रामगंगा नदी में स्नान शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने नदी में डुबकी लगाई। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा।
कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को शाही कस्बे के पश्चिम दिशा में बहने वाली बहगुल नदी के किनारे स्नान मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने नदी में आस्था की डुबकी लगाई और हर-हर गंगे के जयघोष से नदी का किनारा गूंज उठा।
