बरेली: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बोले- प्रभु श्रीराम से माफी मांगें सपा प्रमुख, दिखावे से नहीं होती आस्था
बरेली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर साधा निशाना। उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाए। जानिए क्या कहा...
विस्तार
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि रोजा इफ्तार में शिरकत करने वाले लोग आज राम मंदिर जाने की बात कर रहे हैं। राम के नाम पर आस्था जताने से पहले सपा अपने पुराने रुख पर जवाब दे। प्रभु श्रीराम सबके हैं। वह करुणा और क्षमा के सागर हैं। सपा प्रमुख को प्रभु श्रीराम से माफी मांगनी चाहिए। आस्था केवल दिखावे से नहीं, बल्कि सच्चे भाव और आचरण से प्रकट होनी चाहिए। ये बातें बुधवार को बरेली पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहीं।
यह भी पढ़ें- बरेली: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का दौरा टलते ही बदसलूकी, दिव्यांग को पैथोलॉजी से धक्के देकर निकाला, हंगामा
'गुंडा स्टेट बनाम विकसित उत्तम प्रदेश'
उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम और जनसेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ प्रदेश भी विकसित होने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इसके विपरीत सपा-कांग्रेस जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने और तुष्टीकरण की राजनीति करती हैं। सपा शासन में प्रदेश गुंडा स्टेट के नाम से जाना जाता था। अब विकास ही उत्तर प्रदेश की पहचान है। जनता अब विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रही है।
