पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद कई गाड़ियां टकराईं, तीन की मौत; 14 लोग घायल
पूर्वांचस एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार को भीषण हादसा हुआ। धुंध के चलते तेज रफ्तार बस ट्रेलर में घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह धुंध के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार निजी बस सामने चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। इसके बाद बस के पीछे आ रहीं कई गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकराती चली गईं। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए।
दो बस, पांच ट्रक क्षतिग्रस्त
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास यह हादसा हुआ। सुबह धुंध के कारण दृश्यता कम होने से निजी बस चालक सामने चल रहे ट्रेलर को देख नहीं सका और बस सीधे उसमें जा घुसी। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पीछे से आ रहे वाहनों में भी टक्कर होती चली गई। हादसे में दो बस, पांच ट्रक क्षतिग्रस्त हुए। इससे एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस व राहत एवं बचाव टीम मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना प्रभारी प्रदीप मिश्र समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
