हाईकोर्ट का अहम फैसला: सबसे ऊंची बोली लगाने से नहीं मिलता ठेका पाने का अधिकार, सरकार दोबारा करा सकती है टेंडर
टेंडर में सबसे ऊंची बोली लगा देने भर से किसी व्यक्ति को ठेका पाने का अधिकार नहीं मिल जाता। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जनहित और राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए सरकार निविदा प्रक्रिया निरस्त कर नए सिरे से टेंडर आमंत्रित कर सकती है। सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी और औपचारिक अनुबंध होने के बाद ही ठेका पाने का अधिकार बनता है।
विस्तार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि सरकार जनहित और राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए टेंडर प्रक्रिया निरस्त कर नए सिरे से निविदा आमंत्रित कर सकती है। सबसे ऊंची बोली लगाने वाले व्यक्ति को भी ठेका पाने का कोई निहित अधिकार नहीं है। जब तक सक्षम प्राधिकारी बोली स्वीकार कर औपचारिक अनुबंध नहीं करता, तब तक ठेका पाने का अधिकार नहीं बनता। यह आदेश न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ला और न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की खंडपीठ ने मेसर्स शिव अनंत इंटरप्राइजेज की ओर से दाखिल याचिका पर दिया।
याची ने सिद्धार्थनगर के बंसी ब्लॉक में खाद्यान्न परिवहन के ठेके की निविदा निरस्त करने के आदेश और नए सिरे से टेंडर आमंत्रित करने की कार्रवाई को चुनौती दी थी। याची ने निरस्तीकरण आदेश रद्द करने और उसे सबसे कम दर वाला पात्र बोलीदाता मानते हुए कार्यादेश जारी करने की मांग की थी।
कोर्ट ने पक्षों को सुनने के बाद कहा कि विभाग ने याची को एल-1 (सबसे कम बोलीदाता) की दर पर काम करने का प्रस्ताव दिया था लेकिन उसने सहमति नहीं दी। इसलिए विभाग का टेंडर निरस्त करने का निर्णय अनुचित नहीं था। हालांकि, सुनवाई के दौरान याची ने एल-1 की दर पर काम करने की सहमति दी। कोर्ट ने उसे एक सप्ताह में नया प्रत्यावेदन देने और कोई कानूनी बाधा न होने पर कार्यादेश जारी करने का निर्देश दिया। इसी के साथ याचिका निस्तारित कर दी गई।
