Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Heavy Vehicles on Highways Claim Lives, Leaving Families Devastated

आगरा में मौत का हाईवे: भारी वाहनों की मनमानी, किसी ने खोया पिता तो किसी ने पति; उजड़ गए कई परिवार

Tue, 24 Nov 2026 03:22 PM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा Published by: Dhirendra Singh Updated Tue, 24 Nov 2026 03:22 PM IST
सार

आगरा में हाईवे पर भारी वाहनों से हुए हादसों ने कई परिवारों का सहारा छीन लिया है। कहीं चार बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया तो कहीं बच्चों की पढ़ाई और परिवार की आर्थिक स्थिति पर संकट आ गया। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि हादसों के बाद कार्रवाई तो होती है, लेकिन हाईवे पर भारी वाहनों की मनमानी रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे।
 

विज्ञापन
Heavy Vehicles on Highways Claim Lives, Leaving Families Devastated
उजड़ गए कई परिवार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

हाईवे पर दाैड़ते भारी वाहन लोगों की जिंदगी छीन रहे हैं लेकिन पुलिस प्रशासनिक अफसर मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। कहीं चार बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया तो कहीं बेटों की पढ़ाई छूट गई। पत्नी का सुहाग उजड़ गया तो पोते-पोतियों से दादा का साथ छूट गया। हादसों का दर्द हर दिन परिजन के दिल में है। पुलिस ने कागजी खानापूर्ति तो कर दी लेकिन हर दिन जान लेने वाले इन वाहनों को नहीं रोका। रुनकता से लेकर एत्मादपुर तक हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है।
विज्ञापन


परिवार के लोगों की मदद से चल रहा खर्च
हाईवे पर अरतौनी के पास 8 अगस्त की रात ट्रक की टक्कर से गांव अटूस निवासी अनिल सारस्वत और मोनू सिंह की जान गई थी। अनिल खाद बीज गोदाम में काम करते थे। परिवार में पत्नी खुशबू और चार बेटियां नैंसी (17), जान्हवी (15), काव्या (12) और वान्या (5) हैं। अनिल ही परिवार का मुख्य सहारा थे। अब पत्नी खुशबू के सामने चार बेटियों की परवरिश और पढ़ाई की जिम्मेदारी है। बेटियां हर दिन पिता को याद करती हैं। खुशबू ने बताया कि परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। परिवार के दूसरे लोग मदद करते हैं तो ही घर खर्च चल पाता है।
विज्ञापन


एक दिन पहले ही बेटे का स्कूल में कराया था दाखिला
गांव अटूस निवासी मृतक मोनू सिंह के परिवार की पीड़ा भी कुछ ऐसी ही है। मोनू भी बीज गोदाम में कर्मचारी थे। उनके दो बेटे मानस (7) और पीयूष (5) के हैं। उनके रिश्ते की भाभी अंशु छाैंकर ने बताया कि हादसे से एक दिन पहले ही मोनू ने अपने छोटे बेटे पीयूष का स्कूल में दाखिला कराया था। पिता की अर्थी उठी तो बच्चों का हाल बेहाल हो गया। उनकी माैत के बाद परिवार बिखर गया। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। बच्चों की परवरिश और पढ़ाई की चिंता बढ़ गई है। मुकदमा न्यायालय में चल रहा है। पीड़ित परिवारों का सवाल है कि हाईवे पर हादसे परिवारों को सड़क पर ला दे रहे हैं। फिर भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हाईवे पर भारी वाहनों को नहीं रोकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


पति की मौत के बाद सूना हो गया घर
शाहदरा फ्लाईओवर पर 18 जून 2025 को आम से लदा बेकाबू लोडर पलटने से टहलने निकले तीन दोस्तों राजेश, रामेश्वर और हरीबाबू की मौत हो गई थी। आदर्श नगर निवासी हरीबाबू खराद फैक्टरी में काम करते थे। उनके पांच बेटे अमन, कमल, दीपक, प्रमोद और लाल बहादुर हैं। लाल बहादुर अविवाहित हैं। बेटे अमन ने बताया कि पिता रोजाना टहलने जाते थे। उन्हें पुलिस का फोन आने पर हादसे की जानकारी मिली। घर सूना हो गया है। मां राजकुमारी पिता की याद में हर दिन आंसू बहाती हैं। बेटों के काम पर चले जाने से उन्हें पिता की कमी खलती है। इस हादसे में गाड़ी चालक की भी मौत हो गई थी। अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला। मां हर बार उम्मीद लेकर जाती हैं लेकिन हाथ खाली लौटना पड़ता है।

पोते-पोतियों को याद आते हैं दादा
आदर्श नगर में ही रामेश्वर दयाल भी रहते थे। उनके दो बेटे धीरज और रोहित कुमार हैं जबकि तीन बेटियां सुंदरी, सुमन और आरती हैं। रोहित ने बताया कि पापा काम से आने के बाद अपने पोते-पोतियों के साथ ज्यादा समय बिताते थे। पिता की मौत के बाद घर का माहाैल बदल गया। आर्थिक मदद और न्याय की उम्मीद में काफी इंतजार किया लेकिन राहत नहीं मिली। आखिरकार परिवार को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब उन्हें फैसले का इंतजार है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर भारी वाहनों पर रोक लगनी चाहिए। आरोप लगाया कि पुलिस अवैध वसूली के चक्कर में इन वाहनों पर रोक नहीं लगा पा रही है।


हादसे को नहीं भुला पाएंगे
शाहदरा निवासी राजेश की भी हादसे में जान गई थी। उनके दो बेटे विनोद और यशपाल हैं। तीन बेटियां सीता, सपना और नीतू हैं। नीतू अविवाहित है। विनोद ने बताया कि पिता अपने दोस्तों के साथ रोजाना टहलने जाते थे। परिवार आज तक इस हादसे को भुला नहीं पाया है। उन्होंने कहा कि वह मजदूरी करते हैं। पिता छोटी बहन के रिश्ते की बात कर रहे थे। मगर उनके चले जाने से सब रुक गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed