Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   eurasian siskin first record kinnaur third record himachal pradesh

हिमाचल: 1980 में मनाली, 2021 में कुल्लू और अब किन्नौर, प्रदेश में तीसरी बार दिखा यूरेशियन सिस्किन

Thu, 26 Nov 2026 02:27 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Ankesh Dogra Updated Thu, 26 Nov 2026 02:27 PM IST
सार

किन्नौर के रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में यूरेशियन सिस्किन पक्षी पहली बार दर्ज किया गया है। 25 नवंबर को पक्षी प्रेमियों ने इसकी तस्वीरें लीं, जबकि अगले दिन वन विभाग के कर्मचारियों ने भी इसकी मौजूदगी दर्ज की।

विज्ञापन
eurasian siskin first record kinnaur third record himachal pradesh
किन्नौर में पहली बार दिखा दुर्लभ पक्षी - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

हिमाचल प्रदेश की समृद्ध पक्षी विविधता में एक और महत्वपूर्ण प्रजाति का नाम जुड़ गया है। किन्नौर जिले के रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में दुर्लभ यूरेशियन सिस्किन (Spinus spinus) पक्षी पहली बार दर्ज किया गया है। यह हिमाचल प्रदेश में इस प्रजाति का तीसरा प्रमाणित रिकॉर्ड बताया गया है। 25 नवंबर 2026 को मैसूर, कर्नाटक के पक्षी प्रेमी श्रीकांत आरजी और हिमाचल प्रदेश के पक्षी प्रेमी अंकुश ठाकुर ने अभयारण्य क्षेत्र में इस पक्षी की तस्वीरें खींचीं। इस महत्वपूर्ण अवलोकन से किन्नौर के पक्षी अभिलेखों में एक नया नाम जुड़ गया है।

विज्ञापन

पीले-हरे रंग और काली टोपी से होती है पहचान
यूरेशियन सिस्किन फिंच परिवार का छोटा, आकर्षक और सक्रिय पक्षी है। इसके नर पक्षी के शरीर पर पीले-हरे रंग की छटा, सिर पर काला हिस्सा और गले के पास काला निशान होता है। मादा का रंग अपेक्षाकृत हल्का और शरीर पर धारियां अधिक स्पष्ट होती हैं। यह पक्षी आमतौर पर झुंड में दिखाई देता है और शंकुधारी पेड़ों, बर्च तथा एल्डर जैसे पेड़ों के बीज खाता है। यह मुख्य रूप से मध्य और उत्तरी यूरोप तथा पूर्वी एशिया में प्रजनन करता है। सर्दियों में इसके कुछ समूह दक्षिणी क्षेत्रों की ओर मौसमी आवाजाही करते हैं। पश्चिमी हिमालय में इसकी मौजूदगी कम और अनियमित मानी जाती है। इसलिए यहां मिलने वाला प्रत्येक प्रमाणित रिकॉर्ड इसके वितरण और मौसमी गतिविधियों को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

विज्ञापन
विज्ञापन

1980 में मनाली में मिला था पहला रिकॉर्ड
प्रसिद्ध पक्षी विशेषज्ञ डॉ. अभिनव चौधरी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में यूरेशियन सिस्किन का पहला रिकॉर्ड 25 जनवरी 1980 को सामने आया था। उस दौरान मनाली के पास सोलंग घाटी में 21 पक्षियों का झुंड देखा गया था, जिसमें नर पक्षी भी शामिल थे। इसके बाद 16 नवंबर 2021 को कुल्लू जिले के ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के इकोजोन में स्थित गुशैणी में एक नर यूरेशियन सिस्किन की तस्वीर ली गई थी। अब रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में इसकी मौजूदगी दर्ज होने के साथ हिमाचल में इस प्रजाति के कुल तीन रिकॉर्ड हो गए हैं।
विज्ञापन

हिमाचल के बाहर पश्चिमी हिमालय के लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान में भी इस पक्षी के रिकॉर्ड सामने आए हैं। मार्च और अप्रैल 2026 में कश्मीर के पहलगाम में भी इसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी।

श्रीकांत आरजी की देश में 1,193वीं पक्षी प्रजाति
मैसूर के पक्षी प्रेमी श्रीकांत आरजी ने भारत में अब तक 1,192 पक्षी प्रजातियों का दस्तावेजीकरण किया है। रक्छम में यूरेशियन सिस्किन का अवलोकन उनके लिए देश में दर्ज की गई 1,193वीं पक्षी प्रजाति बना। श्रीकांत ने इस अवलोकन पर खुशी जताते हुए बताया कि भारत में यूरेशियन सिस्किन को ढूंढना आसान नहीं है। रक्छम में अच्छी संख्या में इन पक्षियों को देखना और उनकी तस्वीरें लेना उनके लिए खास अनुभव रहा। अंकुश ठाकुर ने रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य को पक्षी प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां नियमित और व्यवस्थित मौसमी निगरानी से भविष्य में भी कई नई और रोचक पक्षी प्रजातियों के रिकॉर्ड सामने आ सकते हैं।

वन विभाग की टीम ने भी अगले दिन दर्ज की मौजूदगी
26 नवंबर को वन विभाग की रक्छम टीम के ब्लॉक वन अधिकारी संतोष कुमार ठाकुर और वन मित्र अल्पना नेगी ने भी अभयारण्य में यूरेशियन सिस्किन की मौजूदगी दर्ज की। इससे इस क्षेत्र में प्रजाति के अवलोकन का एक और रिकॉर्ड सामने आया।

वरिष्ठ वन अधिकारियों ने टीम को दी बधाई
वन्यजीव शिमला की वन संरक्षक प्रीति भंडारी ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम और मैदानी कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से वन्यजीव रेंज सांगला की टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और व्यवस्थित मैदानी अवलोकन नई प्रजातियों के रिकॉर्ड तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे रिकॉर्ड रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य की समृद्ध पक्षी विविधता को सामने लाते हैं और संरक्षण प्रयासों के महत्व को भी रेखांकित करते हैं।

वन्यजीव मंडल सराहन के डीसीएफ अशोक नेगी ने भी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने वन्यजीव रेंज सांगला के आरएफओ, ब्लॉक वन अधिकारी संतोष ठाकुर, सांगला के ब्लॉक वन अधिकारी गोपाल नेगी और वन मित्र अल्पना नेगी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मैसूर के श्रीकांत आरजी और हिमाचल के अंकुश ठाकुर के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।

पक्षी संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि
रक्छम-छितकुल वन्यजीव अभयारण्य में यूरेशियन सिस्किन का रिकॉर्ड केवल पक्षियों की सूची में एक नई प्रजाति जुड़ने तक सीमित नहीं है। यह क्षेत्र की जैव विविधता और पक्षी प्रेमियों तथा वन विभाग के कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का भी प्रमाण है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि नियमित निगरानी, जिम्मेदार पक्षी अवलोकन, तस्वीरों के माध्यम से दस्तावेजीकरण और स्थानीय कर्मचारियों व बाहर से आने वाले पक्षी प्रेमियों के बीच सहयोग से वन्यजीवों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा सकती हैं।

हिमालय का संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र आज भी अपनी जैव विविधता से शोधकर्ताओं और प्रकृति प्रेमियों को नए अवसर दे रहा है। रक्छम-छितकुल अभयारण्य में यह नया रिकॉर्ड पक्षी संरक्षण और प्राकृतिक विरासत के दस्तावेजीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed