Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   Young Women Take Charge as Rajasthan Elects 26 Women District Chiefs

राजस्थान: युवा चेहरों के हाथ जिला परिषदों की कमान, 35 साल तक के 14 प्रमुखों में 13 महिलाएं

Thu, 26 Nov 2026 08:23 AM IST
सौरभ भट्ट न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: सौरभ भट्ट Updated Thu, 26 Nov 2026 08:23 AM IST
सार

राजस्थान में 37 जिला प्रमुखों में 19 की उम्र 40 साल या कम है। 35 साल तक के 14 प्रमुखों में 13 महिलाएं हैं। चार जिलों को 21-22 साल की बेटियां संभालेंगी।

विज्ञापन
Young Women Take Charge as Rajasthan Elects 26 Women District Chiefs
पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में इस बार उम्र और नेतृत्व का समीकरण बदलता नजर आ रहा है। पंचायत चुनाव में चुने गए जिला प्रमुखों की सूची बताती है कि जिला परिषदों की कमान अब अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों के हाथों में भी पहुंची है। प्रदेश के 37 जिला प्रमुखों में 19 की उम्र 40 साल या इससे कम है। यानी आधे से ज्यादा जिलों में नेतृत्व 40 साल या उससे कम उम्र के प्रतिनिधियों के पास है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि 35 साल तक के 14 जिला प्रमुखों में 13 महिलाएं हैं।

विज्ञापन

युवाओं की इस नई सियासी पारी में चार चेहरे सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। जैसलमेर की संतोष कुमारी और झालावाड़ की वर्षा झाला महज 21 साल की उम्र में जिला प्रमुख बनी हैं। वहीं ब्यावर की ममता गुर्जर और झुंझुनूं की कोमल भंवरिया 22 साल की उम्र में इस जिम्मेदारी तक पहुंची हैं। चारों महिला हैं। इस तरह चार जिलों की कमान ऐसी युवा महिलाओं के हाथ में आई है, जिनकी उम्र अभी 22 साल भी पूरी नहीं हुई है।

विज्ञापन

कांग्रेस के युवा चेहरों की संख्या ज्यादा

युवा जिला प्रमुखों के मामले में कांग्रेस भाजपा से आगे दिखाई दे रही है। 35 साल तक के 14 जिला प्रमुखों में कांग्रेस के 10 और भाजपा के चार हैं। 30 साल से कम उम्र के सात जिला प्रमुखों में छह कांग्रेस से हैं, जबकि एक भाजपा की हैं। बीकानेर की निकिता कर्वासरा 27 साल, बूंदी की हंसा गुर्जर 28 साल और धौलपुर की अनीशा सिंह 29 साल की उम्र में जिला प्रमुख बनी हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

31 से 35 साल के आयु वर्ग में भी महिलाओं की मजबूत मौजूदगी है। भरतपुर की रानू बाला 31 साल, फलोदी की यशवंत कंवर 32 साल, प्रतापगढ़ की हकरी कुमारी 33 साल, सलूंबर की पुष्पा कुमारी मीणा 33 साल, बालोतरा की सुशीला 34 साल और पाली की सीता 34 साल की हैं। इस आयु वर्ग में जयपुर के यशवीर शूरा 35 साल के इकलौते पुरुष जिला प्रमुख हैं।


यह भी पढें- राजस्थान: कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई में निकिता डूडी ने मारी बाजी, गोविंदराम की बेटी को पांच वोट से हराया

26 महिलाएं, औसत उम्र करीब 41 साल

प्रदेश के 37 जिला प्रमुखों में महिलाओं की संख्या 26 है। यानी करीब 70 फीसदी जिला प्रमुख महिलाएं हैं। उम्र के लिहाज से सभी जिला प्रमुखों की औसत आयु करीब 41 साल और मध्यिका 40 साल है। 41 से 50 साल की उम्र के नौ और 51 से 60 साल के आठ जिला प्रमुख हैं। इससे साफ है कि युवा नेतृत्व के साथ अनुभवी चेहरों की भी अच्छी हिस्सेदारी बनी हुई है।

जालोर के आसु राम 64 साल की उम्र के साथ सबसे वरिष्ठ जिला प्रमुख हैं। वहीं जोधपुर की प्रमिला चौधरी और सिरोही के गुमान सिंह 52 साल के हैं। दूसरी ओर, युवा जिला प्रमुखों की मौजूदगी बताती है कि पंचायत चुनाव अब नई पीढ़ी के लिए भी नेतृत्व का बड़ा अवसर बन रहे हैं।

पंचायत चुनाव में दिखा नेतृत्व का नया चेहरा

इन नतीजों का एक राजनीतिक पहलू भी है। जिला प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर इतनी बड़ी संख्या में युवा महिलाओं का पहुंचना ग्रामीण राजनीति में बदलती भागीदारी का संकेत है। खासकर कांग्रेस के युवा चेहरों की अधिक संख्या पार्टी के लिए भी राजनीतिक संदेश है। हालांकि, अब इन युवा जिला प्रमुखों के सामने चुनावी जीत को प्रशासनिक कामकाज और विकास के नतीजों में बदलने की चुनौती होगी।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed